छठ महापर्व में शुद्धता और सात्विकता का विशेष महत्व होता है. इसी वजह से प्रसाद और खाने में भी पारंपरिक डिशेज को प्राथमिकता दी जाती है. छठ के दूसरे दिन यानी खरना के मौके पर गुड़ की खीर का विशेष महत्व होता है. ये खीर न सिर्फ में लाजवाब होती है, बल्कि गुड़ और दूध के पोषक तत्वों से भरपूर भी होती है. अगर आप भी इस बार छठ पूजा के लिए पारंपरिक गुड़ की खीर बनाना चाहते हैं, तो इस रेसिपी को जरूर ट्राई करें. इसे यूट्यूब चैनल Recipe Mantra - Hindi से लिया गया है. ये रेसिपी आपके लिए बिल्कुल परफेक्ट है. आइए जानते हैं स्वादिष्ट और मलाईदार गुड़ की खीर बनाने का आसान तरीका क्या है?
वीडियो में देखें रेसिपी...
गुड़ की खीर कैसे बनाएं?
आवश्यक सामग्री
चावल - 1 कप छोटे दाने वाले
दूध - 2 लीटर
कद्दूकस किया हुआ गुड़ - 100 ग्राम
काजू- 10-12
बादाम - 10-12
दरदरी कूटी हुई इलायची - 2-3
विधि
सबसे पहले चावल को पानी से 2-3 बार अच्छी तरह धो लें. इससे अतिरिक्त स्टार्च निकल जाता है और चावल जल्दी पकते हैं. चावल को लगभग आधे घंटे के लिए पानी में भिगोकर रखें. एक भारी तले वाले बर्तन में 2 लीटर दूध डालकर गैस पर चढ़ाएं. भारी तले के बर्तन का इस्तेमाल करने से दूध नीचे लगने या जलने की संभावना कम हो जाती है. दूध में अच्छी तरह उबाल आने दें.
भीगे हुए चावल का पानी निकालकर उबलते दूध में डाल दें. ध्यान रखें कि खीर बनाते समय अतिरिक्त पानी न डालें. अब गैस की आंच मध्यम कर दें और खीर को लगातार चलाते हुए पकाएं. करीब 20 मिनट बाद जब दूध गाढ़ा होने लगे, तब उसमें कटे हुए काजू और बादाम डाल दें. इसके बाद दरदरी कूटी हुई इलायची मिलाएं. इससे खीर का स्वाद और सुगंध दोनों बढ़ जाते हैं. जब चावल पूरी तरह पक जाएं और दूध अच्छी तरह गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें. अब खीर को 15-20 मिनट तक हल्का ठंडा होने दें. इसके बाद उसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ मिलाएं और अच्छी तरह चलाएं.
क्यों नहीं डालना चाहिए गर्म खीर में गुड़?
गर्म दूध में सीधे गुड़ डालने से खीर फट सकती है. इसलिए खीर को थोड़ा ठंडा होने के बाद ही गुड़ मिलाना चाहिए. ये तरीका खीर की बनावट और स्वाद दोनों को बनाए रखता है. तैयार गुड़ की खीर को बादाम और काजू से गार्निश करें. ये खीर छठ पूजा के प्रसाद के रूप में भी बेहद पसंद की जाती है. इसका गाढ़ापन, मलाईदार टेक्सचर और गुड़ की प्राकृतिक मिठास इसे खास बनाते हैं.
ये भी पढ़ें - इस दिवाली मेहमानों को करें इंप्रेस, घर पर बनाएं स्वाद से भरपूर काजू पिस्ता रोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं