Trending Research: आज से करीब साढ़े छह करोड़ साल पहले हमारी धरती से डायनासोरों का वजूद पूरी तरह मिट रहा था, ठीक उसी तबाही के मलबे से जिंदगी का एक अनोखा रूप सिर उठा रहा था. चीन के जंगलों में वैज्ञानिकों को एक ऐसा विशालकाय फंगस मिला है, जो डायनासोर के खात्मे के वक्त से ही इंसानों की नजरों से छिपा बैठा था. आधा मीटर लंबा और सवा दो किलो वजनी यह फंगस इतना बड़ा है कि इसने विज्ञान की पुरानी थ्योरी को ही पलट कर रख दिया है.
डायनासोर के खात्मे के बाद हुआ जन्म
डायनासोर के खत्म होने के ठीक बाद वजूद में आया यह अनोखा फंगस चीन के जंगलों में मिला है. विज्ञान की भाषा में इसे 'Dianjunus rex' नाम दिया गया है. वैज्ञानिकों के मुताबिक, जब धरती से डायनासोरों का नामोनिशान मिट गया, तब जंगलों में आए बड़े बदलावों के बीच इस विशालकाय फंगस का जन्म हुआ. यह लगभग 6.5 करोड़ साल पुराना है. घने जंगलों में अपने बीजाणुओं को दूर तक फैलाने के लिए ही शायद इसका कद इतना बड़ा हुआ है.

चीन के जंगलों में छिपा महाबली
चीन के युन्नान प्रांत के घने जंगलों में खोजा गया यह फंगस करीब 50 सेंटीमीटर (आधा मीटर) तक लंबा हो सकता है और इसका वजन 2.2 किलोग्राम तक पाया गया है. यह 'एस्कोमाइकोटा' प्रजाति का अब तक का सबसे विशाल फंगस है. जमीन के नीचे छिपे रहने वाले इस फंगस ने विज्ञान की पुरानी समझ को चुनौती दी है कि कोई फंगस कितना बड़ा हो सकता है. इस खोज से विज्ञान जगत में एक नया परिवार 'Dianjunaceae' भी जुड़ गया है. कुनमिंग इंस्टीट्यूट ऑफ बॉटनी के डॉ. इंदुनिल सी. सेनानायके कहते हैं कि यह खोज हमें फंगस के क्रमिक विकास को समझने का एक दुर्लभ मौका देती है.
यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की सबसे लग्जरी ट्रेन में बैठा इंडियन यूट्यूबर, बोला- 'इस चीज ने बहुत दुख दिया'
लाखों सालों तक इंसानों की नजर से दूर
जंगलों में ओक के पेड़ों की जड़ों के पास मिले इस सफेद फंगस को खोजना वैज्ञानिकों के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था. बेहद दुर्गम रास्तों और केवल खास मौसम में ही इसके दिखाई देने के कारण यह इतने सालों तक इंसान की नजरों से बचा रहा. वैज्ञानिकों ने इसके सेल्स और डीएनए की जांच के बाद ही इसे दुनिया के सामने पेश किया है. यह खोज बताती है कि एशिया के जंगलों में अभी भी कुदरत के न जाने कितने रहस्य दफन हैं.
यह भी पढ़ें | गुजराती कारोबारी ने बताया बिजनेस में कामयाबी का सबसे बड़ा सीक्रेट, 3 शब्दों में कही पूरी बात
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं