कैंसर दुनिया की सबसे गंभीर बीमारियों में से एक है और इससे बचाव के लिए लोग अपनी डाइट और लाइफस्टाइल में कई बदलाव करते हैं. इसी बीच एक रिसर्च ने मशरूम को लेकर दिलचस्प दावा किया है. रिसर्च के मुताबिक, नियमित रूप से मशरूम का सेवन करने से कैंसर का खतरा काफी हद तक कम हो सकता है.
अमेरिका की Pennsylvania स्टेट यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स ने मशरूम और कैंसर के रिस्क के बीच संबंध का विश्लेषण किया. इस अध्ययन में करीब 19,500 लोगों के डेटा का अध्ययन किया गया. शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों ने सबसे अधिक मात्रा में मशरूम का सेवन किया, उनमें कैंसर विकसित होने का रिस्क दूसरों की तुलना में काफी कम था.
क्या कहती है रिसर्च?
रिसर्च के अनुसार, जो लोग रोजाना लगभग लगभग 18 ग्राम किसी भी प्रकार के मशरूम का सेवन करते थे, उनमें कैंसर का खतरा 45 प्रतिशत तक कम पाया गया. रिसर्चर्स का मानना है कि मशरूम में मौजूद कुछ विशेष एंटीऑक्सीडेंट और बायोएक्टिव यौगिक इस सुरक्षा प्रभाव के पीछे हो सकते हैं.
विशेष रूप से मशरूम में पाया जाने वाला एर्गोथियोनिन (Ergothioneine) नामक एंटीऑक्सीडेंट शरीर को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस और कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद कर सकता है. विशेषज्ञों का मानना है कि यही गुण कैंसर के जोखिम को कम करने में भूमिका निभा सकता है.
मशरूम को क्यों माना जाता है सुपरफूड?
मशरूम में कैलोरी कम होती है लेकिन इसमें कई जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं. यह फाइबर, विटामिन बी, सेलेनियम, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत माना जाता है. इसके अलावा, यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में भी सहायक हो सकता है.
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि संतुलित आहार के हिस्से के रूप में मशरूम को शामिल करना कई स्वास्थ्य लाभ दे सकता है. हालांकि, सिर्फ मशरूम खाने से कैंसर की पूरी तरह रोकथाम की गारंटी नहीं दी जा सकती, लेकिन यह एक स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है.
किन बातों का रखना चाहिए ध्यान?
विशेषज्ञों के अनुसार, कैंसर से बचाव के लिए केवल एक खाद्य पदार्थ पर निर्भर नहीं रहना चाहिए. संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और तंबाकू व शराब से दूरी भी उतनी ही जरूरी है. मशरूम को अपनी डाइट में शामिल करने से संभावित लाभ मिल सकते हैं, लेकिन इसे किसी चिकित्सा उपचार का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए.
ये भी पढ़ें - एक ब्लड टेस्ट से 17 तरह के कैंसर का संकेत! क्या शुरुआती पहचान में इलाज होगा आसान?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं