विज्ञापन

आसमान से गिरे खजूर में अटके...चोरी करने आए बंदे की शटर में फंसी गर्दन, रातभर हवा में झूलता रहा चोर

इरादा था हाथ साफ करने का, लेकिन गर्दन ऐसी फंसी कि लेने के देने पड़ गए. गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक जनाब क्लिनिक का शटर उचकाकर अंदर घुसने की फिराक में थे, पर किस्मत ने ऐसी पलटी मारी कि गर्दन शटर और दीवार के बीच 'जाम' हो गई. रात भर हवा में लटककर 'तौबा-तौबा' करते रहे और सुबह जब रेस्क्यू हुआ, तो उसी क्लिनिक में पट्टी बंधवानी पड़ी...जहां डाका डालने आए थे.

आसमान से गिरे खजूर में अटके...चोरी करने आए बंदे की शटर में फंसी गर्दन, रातभर हवा में झूलता रहा चोर
गजब बेइज्जती है! जिस क्लीनिक में चोरी करने गया, वहीं हुआ इलाज, देखें VIDEO
@gharkekalesh

Thief stuck in shutter: मामला गाजियाबाद के इंदिरापुरम (अभय खंड) का है. यहां एक बंदा...रात के सन्नाटे में एक क्लिनिक की छत से नीचे उतरा...सोचा होगा कि शटर के बीच की खाली जगह से रेंगकर अंदर पहुंच जाएंगे और माल समेट लेंगे, लेकिन भाई साहब का दांव उल्टा पड़ गया. जैसे ही उसने सिर अंदर डाला, गर्दन शटर और कंक्रीट की दीवार के बीच ऐसी फंसी कि न निगलते बन रहा था, न उगलते. अब बंदा बीच हवा में लटककर पैर पटकने लगा.

चोरी करने गए चोर की शटर में फंसी गर्दन (Shutter me fansa chor)

पूरी रात गुजर गई, पर गर्दन टस से मस न हुई. जब दर्द बर्दाश्त के बाहर हुआ, तब उसने शटर पर लातें मारनी शुरू कीं. शोर सुनकर पड़ोसियों की नींद टूटी, तो नजारा देख उनके भी होश उड़ गए. आनन-फानन में पुलिस और फायर ब्रिगेड (वैशाली स्टेशन) को बुलाया गया. दमकलकर्मियों ने कटर और रेस्क्यू टूल्स की मदद से बड़ी सावधानी से शटर को काटा और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चोर को आजाद कराया. गनीमत रही कि गर्दन की हड्डी नहीं टूटी, वरना लेने के देने पड़ जाते.

जिस क्लिनिक में चोरी करने आया...वहीं मिला इलाज (Thief Treated in the Same Clinic)

इस पूरी कहानी का सबसे मजेदार मोड़ तब आया, जब पता चला कि जिस क्लिनिक में ये महाशय चोरी करने घुसे थे, वह एक हार्ट स्पेशलिस्ट (हृदय रोग विशेषज्ञ) का था. रातभर हवा में लटकने की वजह से चोर की हालत पस्त थी, तो मानवता दिखाते हुए उसी क्लिनिक के स्टाफ ने उसका प्राथमिक उपचार किया. मरहम-पट्टी कराने के बाद पुलिस ने बंदे को अपनी कस्टडी में ले लिया. अब सोशल मीडिया पर लोग कह रहे हैं, 'इसे कहते हैं हाथों-हाथ कर्मों का फल मिलना.'

(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com