घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है. 7 जून, 2026 से फिर 29 रुपये की बढ़ोतरी के बाद पिछले तीन महीनों में गैस के दाम कुल 89 रुपये बढ़ चुके हैं, जिससे हर घर पर महंगाई का दबाव साफ दिखने लगा है. इसी बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा शेयर किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक परिवार महंगे गैस सिलेंडर से परेशान होकर उसे काटकर पारंपरिक चूल्हे में बदलता नजर आ रहा है. अखिलेश यादव ने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा आपदा में आविष्कार!
अखिलेश यादव ने शेयर किया वीडियो
सोशल मीडिया एक्स (पहले ट्विटर) पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर किया है. वीडियो में एक फैमिली ने खाली गैस सिलेंडर को काटकर उसका चूल्हा बना दिया और उस पर रोटियां सेंक कर रही है. वीडियो में देखने को मिलता सिलेंडर में नीचे की तरफ लकड़ी जल रही है और उपर रोटियां सेंकी जा रही है.
यह वीडियो प्रयागराज में रहने वाली साक्षी यादव का है, जिन्होंने गैस बढ़ते दामों से परेशान होकर, खाली गैस सिलेंडर को चूल्हे की शक्ल दे दी. उनका कहना है कि अब गैस के दाम लगभग 1 हजार रुपये हो गए हैं. एक मिडिल क्लास फैमिली के लिए बहुत दिक्कत हो गई है. चाहे वह राशन हो चाहे गैस हो, हर चीज महंगी हो चुकी है.
उनका कहना है कि गैस के दाम बढ़ रहे हैं, उससे हमें बहुत दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, क्योंकि हमारी जॉइंट फैमिली है. एक सिलेंडर में तो वैसे भी हमारा काम नहीं चल पाता है. बढ़ती महंगाई में ही पैसा खर्च हो जा रहा है. इस वीडियो को शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने कैप्शन में लिखा, 'आपदा में आविष्कार'.
यह भी पढ़ें:- रेंट, जिम, नैनी... बेंगलुरु कपल ने बताया 1 महीने का खर्च 1.66 लाख रुपये, इंटरनेट पर लोगों ने दी ऐसी प्रतिक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं