विज्ञापन

ब्रिटिश बाप-बेटे की जोड़ी का भारत में बाइक से सफर खत्म, भावुक होकर बोले- ये जादुई देश है

इंग्लैंड की मशहूर यूट्यूबर बाप-बेटे की जोड़ी रॉयल एनफील्ड से भारत की 2000 किलोमीटर की जादुई यात्रा पूरी कर विदा लेते समय बेहद भावुक हो गई. रास्ते में गन्ने के जूस से लेकर 50 रुपये की थाली का स्वाद चखने वाले इन अंग्रेजों ने भारतीय लोगों के प्यार और सादगी को दुनिया में सबसे अनोखा बताया है.

ब्रिटिश बाप-बेटे की जोड़ी का भारत में बाइक से सफर खत्म, भावुक होकर बोले- ये जादुई देश है
इंग्लैंड से आए बाप-बेटे ने रॉयल एनफील्ड से नापा हिंदुस्तान.
YT@MrDarcyandTheOlManEXTRA

VIRAL VIDEO: इंग्लैंड के बाप-बेटे की जोड़ी भारत में बाइक से 2000 किमी का सफर तय कर चुकी है. यूट्यूबर जोड़ी डार्सी और उनके बुजुर्ग पिता ने नया वीडियो शेयर किया है. इसमें उन्होंने रॉयल एनफील्ड से गोवा के गांवों की धूल छानी. ये उनकी भारत की जर्नी का आखिरी सफर था. जिसमें वह इमोशनल हो गए. उन्होंने भारत और भारत के लोगों को जादुई कहते हुए कहा कि उनका हिंदुस्तान से जाने का मन नहीं कर रहा है. अपने सफर का वीडियो उन्होंने यूट्यूब चैनल पर 'Mr Darcy & The Ol' Man - Extra Mile' पर अपलोड किया है.

गन्ने का रस और विंटेज बुलेट का रोमांच

सुबह जब वे पणजी के लिए निकले तो रास्ते में गन्ने के जूस का एक ठेले देखकर रुक गए. मशीन से निकले ताजे गन्ने के रस ने तो जैसे उनका दिल ही जीत लिया. नींबू और पुदीने के हल्के स्वाद वाले इस ठंडे जूस को उन्होंने किसी शानदार 'बीयर' जैसा बताया और कहा कि वे इसे रोज पी सकते हैं. सड़क पर उन्हें 1995 मॉडल की एक पुरानी बुलेट चलाने का मौका मिला, जिसके गियर सीधे पैर की तरफ थे. इसे दौड़ाने पर पता चला कि अगला ब्रेक बिल्कुल गायब है और सारा भरोसा पिछले ब्रेक पर ही था, लेकिन पुराने लोहे की इस सवारी ने उनके सफर को यादगार बना दिया.  

"धरती के सबसे प्यारे लोग यहीं हैं"

इसी बीच एक कस्बे में जोर की टॉयलेट लगने पर वे खुले नाले के पास खड़े हो गए, जिस पर एक स्थानीय महिला ने उन्हें अपनी भाषा में खूब खरी-खोटी सुनाई. दोनों अंग्रेज डर गए कि कहीं पत्थर न चल जाएं, लेकिन वे किसी तरह हंसते हुए वहां से खिसक लिए. सफर के दौरान उन्हें सबसे ज्यादा प्रभावित किया भारत के सीधे-सादे और खुशमिजाज लोगों ने. गांवों से गुजरते समय उन्होंने महसूस किया कि दुनिया की भागदौड़ से दूर, खेतों में हाथ से काम करने वाले ये लोग दिल के बेहद अमीर और खुश हैं. 

टॉम क्रूज वाली फीलिंग और देसी खेती

अपने लंबे-चौड़े कद की वजह से ये अंग्रेज जहां भी रुकते, लोग इनके साथ सेल्फी लेने के लिए उमड़ पड़ते थे. राइडर्स ने हंसते हुए बताया कि वे खुद को हॉलीवुड स्टार टॉम क्रूज समझने लगे थे, लेकिन लोगों की आंखों में केवल मासूम जिज्ञासा और अपनापन था. भारतीय खेतों में बैलों से जुताई और चमचमाते महिंद्रा ट्रैक्टरों को देखकर वे हैरान रह गए. उन्होंने कहा कि पश्चिमी देशों में जहां तकनीक ने इंसानों को अकेला कर दिया है, वहीं भारत में खेती पूरे समाज को साथ लेकर चलने का जरिया है.

ट्रैफिक का गजब कॉमन सेंस

सड़क किनारे भूसे से बेतहाशा ओवरलोड ट्रैक्टरों को देखकर भी उन्होंने भारत के सिस्टम पर एक बहुत पते की बात कही. उनके मुताबिक, पश्चिमी देशों की तरह यहां हर बात पर सरकार कानून नहीं थोपती, बल्कि सब कुछ 'कॉमन सेंस' के भरोसे गजब तरीके से चलता है. इंग्लैंड के कड़े स्पीड नियमों पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वहां ड्राइवर का ध्यान सड़क से ज्यादा स्पीड मीटर पर रहता है. अगर भारत में स्पीड कैमरे लगा दिए जाएं, तो ड्राइवर सड़क देखना छोड़ देंगे और दो हफ्तों में ही यहां भयानक एक्सीडेंट होने लगेंगे.

यह भी पढ़ें | 50 की उम्र में 18 साल का दिख रहा था शख्स, बताए खुद की फिटनेस के सिर्फ 2 मूल मंत्र

50 रुपये की थाली का स्वाद

खानपान की बात चली तो इन ब्रिटिश राइडर्स को भारत का तीखापन उनकी उम्मीद से काफी कम लगा. एक रेस्टोरेंट में जब उन्होंने 'हैदराबादी हरी मिर्च वाली करी' मजे से साफ कर दी, तो वेटर भी दंग रह गया क्योंकि आम भारतीय भी उसे ऑर्डर करने से बचते हैं. गांव के छोटे से ढाबे में सिर्फ 50 रुपये में पेटभर खाना खाकर वे चौंक गए, जिसके लिए उन्हें इंग्लैंड में हजार रुपये तक देने पड़ते हैं. उन्होंने कहा कि यहां ढाबे वाले सिर्फ पैसा कमाने के लिए नहीं, बल्कि पूरे प्यार और जुनून के साथ आपको खिलाने के लिए बैठे हैं.

कुदरती हरियाली और आखिरी नमस्ते

विदेशी सैलानियों को अक्सर भारत में पेट खराब होने का डर रहता है, लेकिन इन राइडर्स ने सड़क किनारे गन्ने का रस पिया, स्थानीय ढाबों का खाना चखा और वे पूरे सफर में बिल्कुल तंदुरुस्त रहे. उनका मानना था कि थोड़ी-बहुत धूल और बैक्टीरिया तो जिंदगी का हिस्सा हैं. गोवा के जंगलों और बेहिसाब हरियाली की तारीफ करते हुए उन्होंने यूरोप की खिंचाई की, जहां घास-झाड़ियों को केमिकल डालकर मार दिया जाता है. सफर के अंत में पणजी की सुंदर गलियों में अपनी टी-शर्ट्स और हेलमेट स्थानीय लोगों को बांटकर, दोनों ने हाथ जोड़कर 'नमस्ते' कहा और अपनी इस जादुई यात्रा को विराम दिया.

यह भी पढ़ें | भारत के रंग में रंगे ब्रिटिश बाप-बेटे, बाइक पर किया 2000 किमी का सफर; बोले- ये एक्सपीरियंस नहीं भूलेंगे

यह भी पढ़ें | पिता की 10 साल पुरानी डायरी के पन्ने पलटने लगा बेटा, बोला- सपने पूरे करने की चाबी हाथ लग गई

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Foreigner Experience In India, Foreigner Explains What India Does Better, India Travel Vlog 2026, Indian Travel Vlogger
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com