Viral Video: विदेशी लोगों के मन में भारत के प्रति अलग-अलग राय है. कोई अच्छा कहता है तो कोई भारत को लेकर असलियत से हटकर अपनी राय रखता है. इसी बीच नीदरलैंड की एक महिला ने भारत को लेकर अपना एक्सपीरियंस शेयर किया है. महिला काफी समय पहले अपना देश छोड़कर भारत आ गई और करीब 9 साल से मुंबई में रह रही है. उसने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में कहा कि इस देश को सिर्फ आधुनिक या पिछड़ा कहकर नहीं समझा जा सकता. भारत में गरीबी और चुनौतियां भी हैं.
भारत को लेकर पूछते सवाल
नीदरलैंड की महिला इवाना ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि लोग अक्सर उससे पूछते हैं कि क्या भारत पिछड़ा है या आधुनिक? सवाल को लेकर इवाना ने अपनी पोस्ट में कहा कि भारत इतना विविध है कि आप जो भी मानते हैं, आपको उसका सबूत मिल जाएगा. अगर आप यहां गरीबी, झुग्गी-बस्तियां, कचरा या महिलाओं के लिए असुरक्षित माहौल देखने आते हैं, तो आपको वो सब दिखेगा. इन चीजों को अनदेखा करना नादानी होगी.
डच महिला ने बताई असलियत
वह वीडियो में कहती है कि भारत में एक डच महिला के तौर पर 9 साल रहने के बाद मैं यहीं कहूंगी कि अगर आप यहां विकास, महत्वाकांक्षा, नवाचार और गति की तलाश में आते हैं, तो आपको वह भी दिखेगा. स्टार्टअप्स, मेट्रो, आलीशान मॉल, हर जगह डिजिटल पेमेंट, महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे कारोबार और तेजी से आगे बढ़ते शहर - ये सब यहां मौजूद हैं.
इवाना ने कहा कि इनमें से कोई भी चीज दूसरी को खत्म नहीं करती. भारत की कोई एक कहानी नहीं है. कुछ लोग परंपरा को देखते हैं और उसे 'पिछड़ापन' कहते हैं. वहीं, कुछ लोग उसी चीज को 'संस्कृति' मानते हैं. कुछ लोग आधुनिक कैफे और को-वर्किंग स्पेस देखकर कहते हैं, "वाह, क्या तरक्की है!" जबकि दूसरे कहते हैं, "यह तो असली भारत जैसा नहीं लगता." इसलिए, जब आप यहां आते हैं, तो आपको 'असली भारत' खोजने की जरूरत नहीं है.
यह भी पढ़ें | 'सारा पैसा बर्बाद हो गया', GTA 6 लॉन्च से 1 दिन पहले खराब हुआ लाखों का गेमिंग सेटअप; भावुक हुआ युवक
इंस्टाग्राम पर आए लोगों के कमेंट्स
असल सवाल यह है कि आप किस नजरिए से भारत को देख रहे हैं? क्योंकि आप जो भी नजरिया लेकर आएंगे, भारत आपको वही दिखाएगा. भारत को लेकर डच महिला की राय पर कई यूजर ने प्रतिक्रिया दी है. नीदरलैंड की महिला की पोस्ट पर करीब 350 लोगों ने कमेंट किए हैं. एक यूजर ने कमेंट किया कि दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, चेन्नई, बैंगलोर, चंडीगढ़ वास्तविक भारत नहीं हैं.
वहीं, दूसरे यूजर @elliavrram ने कमेंट में लिखा कि मुझे यह बहुत पसंद आया, बहुत अच्छे से समझाया! भारत एक बहुत ही खास देश है जो आपको जीवन के बारे में बहुत कुछ सिखा सकता है और मेरे हिसाब से यह जादुई है. एक यूजर ने लिखा कि वाह... आखिरकार किसी ने भारत की सही परिभाषा ढूंढ ही ली, जबकि एक अन्य यूजर ने डच महिला की इंस्टाग्राम पोस्ट पर कमेंट किया कि इससे बेहतर कोई नहीं समझ सकता है.
यह भी पढ़ें | WFH की नौकरी से तंग आ गया गुरुग्राम का शख्स, अमेरिकी क्लाइंट्स के लिए करता है काम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं