राजस्थान के जोधपुर में एक बहुत ही दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण मेडिकल मामला सामने आया है. इस मामले में युवक के पेट से करीब 4 फीट लंबा शॉवर पाइप निकलता है. दरअसल, युवक का किसी से आपसी विवाद हो गया था, जिस दौरान युवक के मलद्वार के रास्ते बाथरूम में इस्तेमाल होने वाली करीब साढ़े तीन से चार फीट लंबी शॉवर पाइप शरीर के अंदर पहुंच गई. बताया जा रहा है कि पाइप बड़ी आंत को नुकसान पहुंचाते हुए पेट के अंदर तक चली गई और वहीं फंस गई. ये मामला जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल का है, जहां के सर्जन विभाग के डॉक्टर के मरीज की सर्जरी कर उसकी जान बचाई.
बताया जा रहा है कि ऐसी स्थिति मरीज के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी, क्योंकि पाइप शरीर के कई महत्वपूर्ण अंगों और ब्लड वेसेल्स के बहुत ही पास पहुंच गई थी. समय पर इलाज नहीं मिलने पर रेयर इंफेक्शन, काफी ज्यादा ब्लीडिंग और कई ऑर्गन के फेल होने का खतरा बढ़ गया था.
क्यों था मामला इतना गंभीर?
इस मामले को लेकर डॉक्टर का कहना है कि बाहरी चीजें के शरीर में फंसने के मामलों में सबसे बड़ा खतरा ये होता है कि वह आंतों को फाड़ सकती है या पेट के अंदर इंफेक्शन फैला सकती है. इस मामले में भी शॉवर पाइप ने बड़ी आंत को डैमेज कर दिया था. अगर पाइप थोड़ी भी अलग दिशा में बढ़ती तो यूरेटर, एओर्टा और अन्य प्रमुख ब्लड वेसेल्स को नुकसान पहुंच सकता था. ऐसी स्थिति में कुछ ही मिनटों में जान का खतरा पैदा हो सकता है.
ऑपरेशन के दौरान ऐसे निकाली गई पाइप
मरीज की जांच और स्कैन के बाद डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी का फैसला किया. ऑपरेशन के दौरान आंत में नियंत्रित चीरा लगाकर करीब चार फीट लंबी शॉवर पाइप को सावधानीपूर्वक बाहर निकाला गया. साथ ही क्षतिग्रस्त आंत का सर्जिकल उपचार भी किया गया.
डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि पाइप को निकालते समय आसपास के अंगों और रक्तवाहिनियों को किसी तरह का नुकसान न पहुंचे. ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की हालत में लगातार सुधार बताया जा रहा है.
शरीर में फंसी बाहरी चीज को खुद से निकालना पड़ सकता है भारी
डॉक्टर्स का कहना है कि शरीर के किसी भी नैचुरल मार्ग में कोई बाहरी चीज फंस जाए, तो उसे खुद निकालने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. कई बार लोग शर्म या घबराहट में घर पर ही वस्तु को बाहर खींचने का प्रयास करते हैं, जिससे स्थिति और बिगड़ सकती है. ऐसी स्थिति में आंत फट सकती है और ब्लीडिंग का खतरा हो सकता है. वहीं, कुछ स्थितियों में इंफेक्शन तेजी से फैल सकता है. इसलिए अगर इस तरह की स्थिति हो, तो तुरंत अपने डॉक्टर से सलाह लें. ताकि स्थिति में सुधार हो सके.
ऐसे मामले कितने रेयर होते हैं?
गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल सर्जरी एक्सपर्ट का कहना है कि मलद्वार के रास्ते शरीर में फंसी बाहरी चीजों के मामले दुनिया भर में समय-समय पर सामने आते हैं, लेकिन चार फीट लंबी शॉवर पाइप का पेट के अंदर तक पहुंच जाना बेहद असामान्य स्थिति है. ऐसी घटनाओं में मरीज की जान बचाने के लिए तुरंत ट्रीटमेंट, सही इमेजिंग और समय पर सर्जरी बहुत ही जरूरी होती है.
मरीज की हालत में सुधार
सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति स्थिर बताई जा रही है. डॉक्टरों के अनुसार उसकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है और निगरानी के बीच आगे का उपचार जारी है.
ये भी पढ़ें - सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी जीत, भारत में 1 करोड़ से ज्यादा HPV वैक्सीन की लगी डोज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं