VIRAL VIDEO: जर्मनी की ट्रैवल यूट्यूबर इनिस फारिया ने अपनी फ्रेंड के साथ राजस्थान के थार रेगिस्तान के एक गांव में रात बिताई, जो उनके लिए जिंदगी भर का सबक बन गया. वहां रहने के लिए न तो बिजली थी, न ही मोबाइल नेटवर्क और न साफ पानी. बस फितूर था राजस्थान के देसी गांव को देखने का. एक दिन पहले दो अनजान लड़कों के भरोसे वह रेगिस्तान के बीच मिट्टी के घरों में कैंपिंग करने चली आईं. इनिस ने अपने यूट्यूब चैनल (Lost With Ines) पर इस न भूलने वाली जर्नी का "24 Hours in the Middle of Nowhere, India (No Water, No Electricity)" नाम से वीडियो अपलोड किया है.
खराब सड़कों से होते पहुंचे गांव
सफर की शुरुआत जैसलमेर के एक लोकल रेस्टोरेंट से हुई. वहां मिले दो अजनबी लड़कों ने इन यूट्यूबर्स को रेगिस्तान के बीच बने अपने पारंपरिक मिट्टी के घरों में रात बिताने का न्योता दिया. बिना ज्यादा सोचे, दोनों विदेशी लड़कियां उनके साथ मोटरसाइकिल पर करीब आधे घंटे के खराब रास्तों से 'ऑफ-रोडिंग' कर रेगिस्तान के उस सुदूर इलाके में पहुंच गईं, जहां मीलों तक कोई दूसरा इंसान मौजूद नहीं था.
बिजली-पानी के बिना गुजारा
इनिस ने कैमरे में कैद किया कि कैसे आज भी रेगिस्तान में आधुनिक सुख-सुविधाओं के बिना जिंदगी जी जाती है. पीने और घरेलू काम के लिए वहां सीमेंट के पक्के टैंक में सहेजा गया बारिश का पानी ही एकमात्र साधन है. मिट्टी घुले इस पानी को स्थानीय लोग छानकर पीते हैं, हालांकि उन्होंने मेहमानों को बोतल बंद पानी इस्तेमाल करने की सलाह दी.
सूखी घास और लकड़ियों की मदद से चूल्हा जलाया गया. पारंपरिक तरीके से गोबर के उपलों की आंच पर बाजरे की रोटियां सेकी गईं, जिसे यूट्यूबर्स ने बेहद स्वादिष्ट और अनूठा बताया. सुबह के वक्त बर्तनों को साफ करने के लिए साबुन के बजाय रेगिस्तानी रेत का इस्तेमाल किया गया, जिससे बर्तन बिल्कुल नए जैसे चमक उठे.
यह भी पढ़ें | भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में अमेरिकी-कोरियन यूट्यूबर कपल ने किया सफर, बोले- ये सफर जिंदगी भर याद रहेगा
फ्लर्टिंग से परेशान हुई लड़कियां
रात में चूल्हा जलाने, कीड़ों के आतंक के बीच लहसुन-प्याज छीलने और तारों से जगमगाते आसमान को देखने का रोमांच सुबह होते-होते असहजता में बदल गया. यूट्यूबर ने अपने Vlog में खुलासा किया कि रात के समय ही एक युवक की नजरें उन्हें असहज कर रही थीं. सुबह जब उनकी साथी दूसरे युवक के साथ दूध लेने बाहर गई, तब पीछे बचे युवक ने यूट्यूबर पर एकतरफा प्रेम का इजहार करते हुए अनचाहा दबाव बनाना शुरू कर दिया.
यह भी पढ़ें | नीदरलैंड के यूट्यूबर ने भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में किया सफर, खाना खाकर कहा- 'ये अनुभव हमेशा याद रहेगा'
यूट्यूबर बोली- पहले अपनी सेफ्टी जरूरी
इस व्यवहार से असहज होकर दोनों विदेशी युवतियों ने तुरंत वहां से निकलने का फैसला किया और एक बहाना बनाकर वापस जैसलमेर लौट आईं. यूट्यूबर ने कहा, "स्थानीय लोगों से जुड़कर ऐसे अनूठे अनुभव इंटरनेट पर नहीं मिलते, इसलिए अजनबियों पर भरोसा करना बुरा नहीं है. लेकिन अपनी सेफ्टी को लेकर हमेशा सतर्क रहना और असहज महसूस होने पर तुरंत वहां से निकल जाना ही समझदारी है." इनिस ने इस नाइट एडवेंचर को जिंदगी में न भूलने वाला अनुभव बताया.
यह भी पढ़ें | ट्रेन की सेकंड एसी में रात 1 बजे शोर मचा रहा था परिवार, लड़की ने टोका तो मिला हैरान करने वाला जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं