Viral Video: यूनाइटेड एयरलाइंस (United Airlines) ने गुरुवार सुबह करीब डेढ़ बजे अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट (united) से 45 सेकंड का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें एक पायलट पिता और बेटी की अचानक एयर ट्रैफिक कंट्रोल रेडियो फ्रीक्वेंसी (ATC Radio) पर हुई मजेदार बातचीत सुनाई दे रही है. सिर्फ 13 घंटे में 1.3 मिलियन (13 लाख) लोगों तक पहुंचे इस वीडियो को पोस्ट करते हुए एयरलाइंस ने लिखा है- 'काश मैं भी अभी इस फ़ैमिली ग्रुप चैट में होता.'
जब बेटी ने कहा- 'पॉप्स?'
WJLA की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना 1 सितंबर की है, जब दोनों अलग-अलग उड़ानों के लिए तैयारी कर रहे थे. एयर ट्रैफिक कंट्रोल पर पिता की आवाज सुनते ही उनकी बेटी पहचान गई और उसने रेडियो पर कहा, 'पॉप्स?' रेडियो पर यह शब्द सुनते ही पिता ने हैरानी से पूछा, 'हेलो, तुम कहां हो?' बेटी ने जवाब दिया, 'रनवे 1R से उड़ान भरने वाली हूं, सेफ ट्रैवल्स.' इसके बाद एटीसी की एंट्री हुई और उन्होंने चुटकी लेते हुए पूछा, 'यह तुम्हारी बेटी है?' पिता ने तपाक से कहा, 'शायद'.
'मैं अभी तक सिंगल हूं'
ये बातचीत यहीं नहीं रुकी. इसके बाद एटीसी ने पूछा कि क्या आपको बेटी के पायलट होने पर गर्व है? जिस पर पायलट पिता ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में कहा, 'थोड़ा-सा'. बातचीत आगे बढ़ाते हुए एटीसी ने पूछा कि क्या वह अभी भी उनके घर पर रहती है? तो पिता ने जवाब दिया, 'नहीं, लेकिन वह अभी भी मेरे फोन प्लान पर है.' इस पर एटीसी ने सलाह दी कि जब तक बेटी की शादी न हो जाए, उसे फोन प्लान से मत हटाना. यह सुनकर बेटी ने मुस्कुराते हुए रेडियो पर बोल दिया, 'मैं सिंगल हूं'.
यहां देखें पूरा वीडियो:-
लोगों ने दिए मजेदार रिएक्शन्स
सोशल मीडिया पर इस वीडियो को देखने के बाद लोगों ने मजेदार रिएक्शन दिए.
एक यूजर ने लिखा, 'मुझे हैरानी है कि जब उसने कहा कि वह सिंगल है, तो रेडियो पर दूसरे पायलटों की तरफ से क्लिक-क्लिक-क्लिक की आवाजें नहीं आईं. वे पायलट जिन्होंने उसे सुना और वो खुद भी.'
दूसरे यूजर ने लिखा, 'मेरी बेटी मुझे पॉप्स बुलाती है और वह अभी भी मेरे ही फोन प्लान पर है. जबकि पिछले साल ही उसकी शादी एक अच्छे आदमी से हुई है. मैंने उससे कहा, अब तो तुम अपने फोन का बिल खुद भरोगी, है ना? लेकिन एक साल हो गया है, अभी भी प्लान का पैसा मैं ही भरता हूं.'
तीसरे यूजर ने लिखा, 'कितना बढ़िया सरप्राइज है. दुनिया में चल रही तमाम मुश्किलों के बीच, इस तरह की बातचीत सुनना बहुत अच्छा लगता है. अगर आप उन्हें सेल फोन प्लान पर बनाए रखते हैं, तो उनके मन में भी संपर्क में रहने की दिलचस्पी बनी रहती है.'
ये भी पढ़ें:- जब अमेरिका की सड़कों पर दौड़ने लगीं बिना ब्रेक वाली ढेर सारी कारें, एलन मस्क ने वीडियो जारी कर दिखाई झलक
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं