समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव में युवती के साथ सड़क पर बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में गिरफ्तार चार आरोपियों की अलग-अलग पहचान और पेशा सामने आया है. गिरफ्तार आरोपियों में एक गांव में चाय की दुकान चलाता है, जबकि दूसरा बिजौलिया गांव में जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) की दुकान संचालित करता है. वहीं, दो अन्य आरोपियों का पहले से शराब से जुड़े मामलों में आपराधिक इतिहास बताया गया है.
पुलिस ने वायरल वीडियो सामने आने के करीब छह घंटे के भीतर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था. गुरुवार को सभी को कोर्टमें पेश किया गया, जहां से उन्हें 15 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. मामले में पॉक्सो एक्ट और आईटी एक्ट के तहत FIR दर्ज की गई है. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव निवासी रामसुंदर शर्मा के पुत्र विकास कुमार, अरुण पासवान के पुत्र राहुल कुमार, महेश्वर सहनी के पुत्र रामबाबू सहनी और बिजौलिया गांव निवासी नेवालाल पासवान के पुत्र अवधेश पासवान के रूप में हुई है.
चाय की दुकान से परिवार का भरण-पोषण करता है रामबाबू
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी रामबाबू सहनी जगतसिंहपुर गांव में चाय की दुकान चलाता है. इसी दुकान से वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता है. घटना के बाद पुलिस ने वीडियो और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर उसकी पहचान की और उसे उसके ठिकाने से गिरफ्तार किया.
पीडीएस दुकानदार है अवधेश पासवान
मामले में गिरफ्तार दूसरा आरोपी अवधेश पासवान बिजौलिया गांव का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार, वह गांव में जनवितरण प्रणाली की दुकान चलाता है. वायरल वीडियो की जांच और आरोपियों की पहचान के बाद पुलिस टीम ने उसे भी गिरफ्तार किया. पुलिस अब सभी आरोपियों की भूमिका और घटना में उनकी वास्तविक संलिप्तता से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है.
दो आरोपियों पर पहले से शराब के मामले
एसपी अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, विकास कुमार और राहुल कुमार का पहले से आपराधिक इतिहास सामने आया है. दोनों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज बताए गए हैं. विकास शराब से जुड़े मामलों में पहले भी जेल जा चुका है. वहीं, राहुल के खिलाफ भी शराब के कई मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है और वह एक मामले में फरार बताया गया था. पुलिस गिरफ्तार आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है. साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना में इनके अलावा और कितने लोग शामिल थे.
वीडियो वायरल होने के बाद छह घंटे में कार्रवाई
जमुई में छात्रा के साथ छेड़छाड़ की घटना को लेकर चर्चा के बीच समस्तीपुर में भी युवती के साथ बदसलूकी का वीडियो बुधवार देर शाम सोशल मीडिया पर वायरल हुआ. वीडियो कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंहपुर गांव स्थित बूढ़ी गंडक नदी के बांध बाईपास रोड का बताया गया. वीडियो पुलिस के संज्ञान में आते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया. प्रभारी सदर एसडीपीओ-1 दुर्गेश दीपक के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. टीम ने स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के बाद देर रात आरोपियों के घरों पर छापेमारी कर चारों को गिरफ्तार कर लिया.
आरोपी के मोबाइल में मिला घटना से जुड़ा वीडियो
पुलिस ने वायरल वीडियो को जांच में अहम साक्ष्य माना है. गिरफ्तार आरोपियों में से एक के मोबाइल फोन में घटना से संबंधित वीडियो मिलने की बात पुलिस ने कही है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पता चला कि वीडियो किसी अन्य व्यक्ति को भेजा गया था, जिसके बाद वह अलग-अलग लोगों तक पहुंचते हुए सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. पुलिस ने मोबाइल फोन को जब्त कर सीजर लिस्ट में शामिल किया है. वीडियो को वायरल करने और घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
घटना करीब एक सप्ताह पुरानी
एसपी के अनुसार, घटना बुधवार की नहीं बल्कि करीब एक सप्ताह पुरानी है. पुलिस की पूछताछ में घटना की तारीख 15 सितंबर के आसपास होने की बात सामने आयी है. पुलिस के अनुसार, युवती एक युवक के साथ बांध बाईपास रोड से गुजर रही थी. दोनों सड़क किनारे रुककर फोटो ले रहे थे. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और युवती को घेर लिया. आरोप है कि युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया. वायरल वीडियो में युवती युवकों का विरोध करती नजर आ रही है. वह अपने परिजनों को बुलाने की बात कहती सुनाई देती है. पुलिस वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य लोगों की पहचान और भूमिका की भी जांच कर रही है.
वार्ड सदस्य को पूछताछ के बाद छोड़ा
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय वार्ड सदस्य दिलीप राम को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था. पुलिस ने उससे घटना और वायरल वीडियो के संबंध में जानकारी ली. पूछताछ में उसकी प्रत्यक्ष भूमिका सामने नहीं आने पर उसे छोड़ दिया गया. पुलिस का कहना है कि केवल वीडियो में मौजूदगी के आधार पर किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं माना जा रहा है. उपलब्ध साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी.
बूढ़ी गंडक बांध का इलाका सुनसान
घटना वाला स्थान बूढ़ी गंडक नदी के किनारे बांध पर बनी बाईपास सड़क पर है. इस सड़क का यह हिस्सा अपेक्षाकृत सुनसान रहता है. आसपास की आबादी घटनास्थल से करीब 150 मीटर की दूरी पर बतायी गयी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है. स्थानीय स्तर पर पहले भी इस रास्ते से गुजरने वाले लड़के-लड़कियों के साथ बदसलूकी की शिकायतों की चर्चा है, हालांकि पुलिस ने ऐसी पूर्व घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
(अविनाश कुमार के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें: जमुई जैसा कांड अब समस्तीपुर में भी, लड़की से सरेराह छेड़खानी; हाथ मरोड़ा, गालियां दी, VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं