विज्ञापन

डच यूट्यूबर ने पहली बार देखा वाराणसी, बोली- यहां आकर जिंदगी का सच पता चल गया

मशहूर डच ट्रैवलर मार्टा जब बनारस की तंग गलियों और गंगा घाटों पर पहुंचीं, तो यहां की असीम आस्था और लजीज स्वाद देखकर दंग रह गईं. चिताओं की आग से लेकर कुल्हड़ की मीठी लस्सी तक, उन्होंने काशी के उस अनूठे सच को बयां किया है जो हर किसी को अपनी ओर खींच लेता है.

डच यूट्यूबर ने पहली बार देखा वाराणसी, बोली- यहां आकर जिंदगी का सच पता चल गया
विदेशी यूट्यूबर मार्टा ने शेयर किया बनारस का सफरनामा
YT@gypsyinsneakers

VIRAL VIDEO: बनारस का मिजाज और वहां की गलियों का जादू कुछ ऐसा है कि जो भी यहां आता है, बस यहीं का होकर रह जाता है. डच यूट्यूबर मार्टा ने अपने यूट्यूब चैनल ‘Gypsy in Sneakers' पर एक वीडियो शेयर कर बनारस के अपने बेहद रोमांचक और अनोखे अनुभवों को साझा किया है. नेपाल से एक लंबी और थका देने वाली यात्रा के बाद जब वह बाबा विश्वनाथ की इस नगरी में पहुंचीं, तो यहां के रंग देखकर दंग रह गईं. मार्टा ने बनारस को 'सिटी ऑफ डेथ' के रूप में अनुभव किया, लेकिन बनारस का सच इससे कहीं अधिक गहरा है. मणिकर्णिका और हरीशचंद्र घाट पर जलती चिताओं के बीच जीवन और मृत्यु का जो सहज मेल दिखता है, उसने मार्टा को झकझोर कर रख दिया. उन्होंने देखा कि एक तरफ चिताएं जल रही हैं, तो दूसरी तरफ बच्चे खेल रहे हैं, लोग गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं और अघोरी साधु अपने शरीर पर भस्म लपेटे साधना में लीन हैं. यह देखना उनके लिए बेहद भावुक और हैरान करने वाला अनुभव था, जहां जीवन का अंत भी एक उत्सव की तरह महसूस होता है. उन्होंने कहा कि यहां आकर उन्हें जिंदगी का सच पता चल गया.

बनारस की तंग गलियां में मिला लजीज स्वाद

बनारस की असली धड़कन उसकी तंग गलियों और वहां मिलने वाले जायके में बसती है. मार्टा जब इन गलियों में निकलीं, तो चौतरफा चहल-पहल, सड़कों पर घूमती गायें और हवा में तैरती खुशबू ने उनका स्वागत किया. उन्होंने यहां का मशहूर स्ट्रीट फूड 'पानीपूरी' (गोलगप्पा) खाया, जिसे उन्होंने 10 में से 8.5 रेटिंग दी. इसके बाद मिट्टी के कुल्हड़ में परोसी गई गाढ़ी और मलाईदार 'लस्सी' का स्वाद चखकर तो वह इसकी दीवानी ही हो गईं और इसे पूरे 10 अंक दिए. सर्दियों के खास स्वाद 'मलइयो' का लुत्फ उठाते हुए उन्होंने इसे बनारस का सबसे लाजवाब अनुभव बताया.  

WATCH VIDEO

"इंसान के सभी इंद्रियों को जगा देता है"

मार्टा को बनारस के लोगों के व्यवहार ने सबसे ज्यादा प्रभावित किया. गलियों में घूमते हुए स्थानीय लोगों ने मुस्कुराकर उनका स्वागत किया, उनके साथ तस्वीरें खिंचवाईं और अनजान होते हुए भी भरपूर मदद की. मंदिर के दर्शन के लिए मीलों लंबी कतारों में नंगे पैर खड़े श्रद्धालुओं की असीम आस्था को देखकर वह दंग रह गईं. मार्टा के अनुसार, बनारस केवल घूमने की जगह नहीं है, बल्कि यह एक ऐसा अहसास है जो इंसान के सभी इंद्रियों को जगा देता है और दिल में हमेशा के लिए बस जाता है.

यह भी पढ़ें | वाराणसी का 1930 का दुर्लभ वीडियो, 94 साल पहले कैसे दिखते थे काशी विश्वनाथ मंदिर और मणिकर्णिका घाट

वीडियो देख लोग बोले- जन्म, पुनर्जन्म और मुक्ति का पावन धाम

काशी की अलौकिक महिमा को बयां करते इस वीडियो पर दर्शकों ने दिल खोलकर अपनी प्रतिक्रियाएं दी हैं. @Saurabh16_92 लिखते हैं कि वाराणसी महज एक शहर नहीं बल्कि भारत की अमर आत्मा है, जहां हर घाट एक अनूठी कहानी कहता है और पवित्र गंगा के किनारे जीवन और मृत्यु आध्यात्मिक सद्भाव के साथ सह-अस्तित्व में नजर आते हैं. वहीं, इतिहासकार मार्क ट्वेन के मशहूर कथन को याद करते हुए @shivampandey3010 ने लिखा कि बनारस इतिहास, परंपरा और किंवदंतियों से भी कहीं अधिक प्राचीन है. नीदरलैंड घूमकर आए वाराणसी के स्थानीय निवासी @shishirkushwaha9120 ने भी अपने खास अनुभव साझा करते हुए दुनिया के सिमट आने की बात कही, तो दूसरी तरफ @abhilashjha6281 ने बेहद खूबसूरत ढंग से स्पष्ट किया कि बाबा विश्वनाथ और माता पार्वती की यह नगरी मृत्यु का शहर नहीं, बल्कि जन्म, पुनर्जन्म और मुक्ति का पावन धाम है.

यह भी पढ़ें | ट्रेन में विदेशी यूट्यूबर को मिला 'मां का प्यार', भारतीयों की मेहमाननवाजी देख बोला- ये लोग बड़े प्यारे हैं

यह भी पढ़ें | पाकिस्तानी लड़के की बात पर भारतीय मुस्लिम शायर दुबई में बोला- शुक्र है भारत में पैदा हुआ

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Foreigner Experience In India, Foreigner Explains What India Does Better, Indian Travel Vlogger, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com