विज्ञापन

ट्रेन में विदेशी यूट्यूबर को मिला 'मां का प्यार', भारतीयों की मेहमाननवाजी देख बोला- ये लोग बड़े प्यारे हैं

नीदरलैंड के यूट्यूबर पेड्रो मोटा जब कैमरे के साथ भारत की गलियों में निकले, तो यहां की मेहमाननवाजी और दुलार देखकर दंग रह गए. मुंबई के मुफ्त खाने से लेकर ट्रेन में सहयात्री के हाथों मिले 'मां के प्यार' तक, पेड्रो ने वीडियो शेयर कर पश्चिमी मीडिया के झूठ का पर्दाफाश किया है.

ट्रेन में विदेशी यूट्यूबर को मिला 'मां का प्यार', भारतीयों की मेहमाननवाजी देख बोला- ये लोग बड़े प्यारे हैं
मेहमानों को भगवान मानने वाले देश से झूठ बोलता है वेस्टर्न.
image@MadlyRover

VIRAL VIDEO: सफर के बहाने भारत की असली आत्मा को टटोलते हुए नीदरलैंड के यूट्यूबर पेड्रो मोटा का नया वीडियो पश्चिमी मीडिया के प्रोपेगैंडा को करारा जवाब देता है. पेड्रो ने अपने यूट्यूब चैनल 'Madly Rover' पर "Western Media Won't Show How in India Guest is GOD" टाइटल से एक वीडियो साझा किया है. इस वीडियो में मुंबई से लेकर कोलकाता तक की उनकी यात्रा में भारतीयों की बेपनाह मेहमाननवाजी और प्यार की बानगी दिखती है. मुंबई की गलियों में हाथ से चपाती खाना और पैसे लेने से इनकार करना हो, बेंगलुरु में शंद्रु की निस्वार्थ दोस्ती हो, ट्रेन में सहयात्री परिवार द्वारा परोसा गया 'मां का प्यार' यानी दाल-चावल हो, या फिर हैदराबाद की मिठाई और कोलकाता की कुल्हड़ चाय का सुकून. पेड्रो साफ कहते हैं कि पश्चिमी मीडिया हमेशा भारत की नकारात्मक छवि दिखाता है, जबकि असल भारत बेहद दयालु और 'अतिथि देवो भव:' के संस्कार को जीने वाला है.

जब मुंबई की गलियों में मिला 'घर जैसा' अपनापन

सफर की शुरुआत होती है मुंबई की एक खूबसूरत सुबह से. पेड्रो वहां के स्थानीय लोगों के साथ बैठे हैं. हाथ में ताजी चपाती और तीखी लाल चटनी है. लोग उन्हें बड़े चाव से सिखा रहे हैं कि "भैया, चम्मच छोड़ो और देसी अंदाज में हाथ से खाओ." पेड्रो मुस्कुराते हुए कहते हैं, "अब तो मैं भी पक्का हिंदुस्तानी बन गया हूं." सबसे खूबसूरत बात तब होती है जब पेड्रो खाने के पैसे देने लगते हैं, तो सामने से जवाब आता है "कोई पैसा नहीं भाई, यह हमारी तरफ से प्यार है." यही तो हमारे भारत की रीत है, जहां मेहमान को भगवान का रूप माना जाता है.

WATCH VIDEO

बेंगलुरु की तीखी पूरी और दिल छू लेने वाली दोस्ती

सफर आगे बढ़ता है और पेड्रो पहुंच जाते हैं बेंगलुरु. वहां उनकी मुलाकात 'शंद्रु' नाम के एक स्थानीय शख्स से होती है. बातों-बातों में शंद्रु पेड्रो के लिए पानी पूरी और फिर गर्मागर्म 'मसाला पूरी' ऑर्डर कर देते हैं. पेड्रो का पेट तो भरा था, लेकिन शंद्रु के आग्रह को वह टाल नहीं पाए. चटपटी मसाला पूरी का हर एक निवाला लेते हुए पेड्रो कहते हैं, "भले ही मेरा पेट खराब था, लेकिन इस स्वाद और प्यार के आगे मैं खुद को रोक नहीं पाया." चलते-चलते शंद्रु उन्हें अपना नंबर देते हैं और कहते हैं, "जब चेन्नई आओगे, तो वहां का बेहतरीन खाना मैं खिलाऊंगा." बिना किसी स्वार्थ के महज पांच मिनट में ऐसी दोस्ती हो जाना सिर्फ भारत में ही मुमकिन है. 

यह भी पढ़ें | भारत की फर्स्ट एसी ट्रेन में डच यूट्यूबर का सफर, महिला के हाथ का खाना खाकर कहा- 'ये बात हमेशा याद रखूंगा'

जब ट्रेन में मिला मां का प्यार  

पेड्रो जब ट्रेन से सफर कर रहे थे, तो उन्होंने 'एग बिरयानी' ऑर्डर की, जो उन्हें कुछ खास पसंद नहीं आई. उनकी बगल वाली सीट पर एक भारतीय परिवार सफर कर रहा था, जो अपने साथ घर का बना खाना लेकर आया था. पेड्रो को परेशान देखकर उन्होंने तुरंत अपना टिफिन खोल दिया और पेड्रो की थाली में प्यार से दाल-चावल, आलू की सब्जी और चपाती परोस दी. पेड्रो ने जब इस सादे लेकिन बेहद स्वादिष्ट खाने का पहला निवाला लिया, तो उस परिवार की महिला ने मुस्कुराकर कहा, "इसे 'मां का प्यार' (Mother's Love) कहते हैं." परदेस में घर से दूर ट्रेन की बोगी में मिला यह दुलार सीधे पेड्रो के दिल को छू गया. 

यह भी पढ़ें | पॉल्ट्री फार्म में घुसा 15 फीट लंबा किंग कोबरा, दीवार बनकर खड़ा हुआ बहादुर कालिया, बचाई 3000 मुर्गियों की जान

हैदराबाद की मिठाई और आइसक्रीम और कोलकाता का सुकून

हैदराबाद की सड़कों पर पेड्रो का सामना वहां के मशहूर काजू कतली और पिस्ता-चॉकलेट आइसक्रीम से होता है. यहां के लोगों का मीठा व्यवहार और मेहमाननवाजी उनके सफर को और भी खुशनुमा बना देती है .आखिर में पेड्रो पहुंचते हैं कोलकाता, जिसे 'सिटी ऑफ जॉय' कहा जाता है. बारिश के बाद की एक सुहानी शाम को वह एक 100 साल पुरानी दुकान पर कुल्हड़ वाली 'केसर चाय' और बिहार की मशहूर 'लिट्टी-चोखा' का स्वाद लेते हैं. मिट्टी के कुल्हड़ की खुशबू और चाय पर सजी केसर की कतरनों को देखकर पेड्रो के मुंह से बस एक ही बात निकलती है, "कोलकाता में एक अलग ही रूह है, यहां का मिजाज बेहद खास है."

यह भी पढ़ें | पाकिस्तान की सबसे लग्जरी ट्रेन में कदम रखते ही इंडियन यूट्यूबर हैरान, बोला- 'इसने तो हद कर दी'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pedro Mota, Pedro Mota Indian Train Journey, Pedro Mota Madly Rover, Indian Street Food, Indian Hospitality
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com