Environmental Activist: मध्य प्रदेश के 20 साल के सुरेंद्र सिंह चौधरी, जिन्हें सोशल मीडिया पर लोग 'बिट्टू तबाही' के नाम से जानते हैं, ने अकेले दम पर अजनार नदी की सूरत बदल दी. उनकी इस लगन को देखकर 'द ओशन क्लीनअप' के डच CEO बॉयन स्लाट इतने प्रभावित हुए कि उन्होंने सुरेंद्र को अपने साथ काम करने का सीधा ऑफर दे डाला. सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के मुताबिक, सुरेंद्र ने बिना किसी मदद या बड़ी टीम के बगैर ही नदी में चारों तरफ फैला प्लास्टिक, थैली और बदबूदार कचरा अकेले साफ कर दिया.
फोटो में दिखा मेहनत का असर
महीनों की लगातार मेहनत के बाद सुरेंद्र ने अपने इंस्टाग्राम (bittu_tabahi) अकाउंट पर नदी की पहले (Before) और बाद (After) की फोटो शेयर कीं. पहली तस्वीर में नदी का पानी कचरे से पटा नजर आ रहा था, जबकि दूसरी तस्वीर में वही जगह बिल्कुल साफ और बहती हुई दिख रही थी. ये फर्क इतना साफ और हैरान करने वाला था कि, उनकी पोस्ट देखते ही देखते इंटरनेट पर वायरल हो गई.
A 20 year old Indian man, Surendra Singh Choudhry, known as “Bittu Tabahi,” has been cleaning the heavily polluted Ajnar River himself for months pic.twitter.com/U7N4BkItkf
— non aesthetic things (@PicturesFoIder) September 4, 2026
सोशल मीडिया की पोस्ट पर CEO ने किया कमेंट
एक्स पर @PicturesFoIder नाम के अकाउंट से शेयर 'बिट्टू तबाही' के (Before) और (After) की फोटो जब वायरल हुई तो 'The Ocean Cleanup' संस्था के संस्थापक और डच CEO बॉयन स्लाट (Boyan Slat) की नजर भी इस पर पड़ी. नदी की कायापलट देखकर वह इतने इंप्रेस हुए कि, उन्होंने पोस्ट के कमेंट सेक्शन में सीधे लिखा, 'Come work with us' (हमारे साथ आकर काम करो). डच CEO का ये छोटा सा कमेंट सुरेंद्र की मेहनत का सबसे बड़ा रिवॉर्ड बन गया. 'द ओशन क्लीनअप' पूरी दुनिया के समुद्रों और नदियों से प्लास्टिक पॉल्यूशन हटाने के लिए जानी जाती है. किसी बड़ी मदद के बिना अपने दम पर शुरू किया गया यह काम अब सुरेंद्र को एक इंटरनेशनल प्लेटफॉर्म तक ले गया है. लोग सोशल मीडिया पर उनके इस जज्बे की खूब तारीफ कर रहे हैं.
ये भी पढ़ें:-भारतीय डाक विभाग की नई पहल, डाकिया अब साइकिल या बाइक से नहीं...सीधे आसमान के रास्ते पहुंचाएगा चिट्ठी और पार्सल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं