विज्ञापन

अजनार नदी से फेमस हुआ 'बिट्टू तबाही', अब यमुना की सफाई में उतरा: 3,020 किलो कचरा हटाने का दावा

मध्य प्रदेश की अजनार नदी की सफाई से चर्चा में आए बिट्टू तबाही अब दिल्ली-NCR में यमुना सफाई अभियान चला रहे हैं. उनकी टीम का दावा है कि दो दिनों में 3,020 किलो कचरा हटाया गया है.

अजनार नदी से फेमस हुआ 'बिट्टू तबाही', अब यमुना की सफाई में उतरा: 3,020 किलो कचरा हटाने का दावा
bittu_tabahi

दिल्ली में यमुना की सफाई एक बार फिर चर्चा में है, लेकिन इस बार वजह कोई सरकारी योजना नहीं बल्कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक नाम है, 'बिट्टू तबाही'. मध्य प्रदेश की अजनार नदी को साफ कर सुर्खियों में आए बिट्टू तबाही इन दिनों दिल्ली-NCR में #CleanWithBittu अभियान चला रहे हैं. दिल्ली और गुरुग्राम में सफाई अभियान के बाद अब उनका अगला पड़ाव नोएडा का यमुना किनारा है. खुद बिट्टू तबाही का दावा है कि उन्होंने और उनकी टीम ने दो दिनों में यमुना से कुल 3,020 किलो कचरा साफ कर दिया है...मंगलवार को उनका तीसरा दिन है...

दिल्ली से शुरू हुआ 3 दिन का अभियान

दरअसल बिट्टू तबाही पिछले कुछ समय से देश के अलग-अलग इलाकों में जाकर लोगों को सार्वजनिक जगहों को साफ रखने के लिए जागरूक कर रहे हैं. इसी अभियान के मद्देनजर विश्व सफाई दिवस के मौके पर दो दिन पहले वो दिल्ली पहुंचे और अपनी टीम के साथ 4.30 घंटे यमुना किनारे 585 किलो कचरा निकाला.

दूसरे दिन उनकी टीम गुरुग्राम के खेड़की दौला इलाके में पहुंची. यहां भी यमुना किनारे सफाई अभियान चलाया और दावा किया गया कि पूरे दिन सफाई करके 2,435 किलो कचरा निकाला है. बिट्टू तबाही ने इस अभियान का वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर शेयर किया जिससे 10 घंटे में करीब 46 हजार लाइक्स मिले.

सोशल मीडिया पोस्ट में बिट्टू तबाही ने बताया कि दिल्ली और गुरुग्राम के बाद अभियान का समापन नोएडा में किया जा रहा है. लोगों से सेक्टर-94 स्थित युवा शक्ति घाट पर पहुंचकर अभियान में शामिल होने की अपील भी की गई.

जानिए कौन हैं बिट्टू तबाही?

दिल्ली-NCR में सफाई अभियान के चलते फिर चर्चा में आए बिट्टू तबाही का असली नाम सुरेंद्र सिंह चौधरी है. सोशल मीडिया पर उन्हें पहचान मध्य प्रदेश की अजनार नदी से मिली. अजनार नदी की सफाई के दौरान बनाए गए उनके वीडियो वायरल हुए और देखते ही देखते हजारों लोग उनके काम से जुड़ गए.  इसके बाद उनके काम पर द ओशन क्लीनअप के संस्थापक और सीईओ बोयान स्लैट की भी नजर पड़ी.   उन्होंने बिट्टू तबाही को अपने संगठन के साथ काम करने के लिए आमंत्रित किया था.अब उन्होंने मध्य प्रदेश से बाहर निकलकर अपने सफाई अभियान का दायरा बढ़ा दिया है.  

यमुना पर फोकस क्यों?

यमुना लंबे समय से प्रदूषण, प्लास्टिक और गंदगी की समस्या से जूझ रही है. ऐसे में बिट्टू तबाही का अभियान लोगों का ध्यान एक बार फिर नदी की हालत की ओर खींच रहा है. सोशल मीडिया पर उनके वीडियो पर हजारों लोग प्रतिक्रिया दे रहे हैं और कई यूजर्स इसे 'रियल ट्रेंड' बता रहे हैं.बिट्टू तबाही का दावा है कि अगर लोग खुद आगे आएं तो नदियों और सार्वजनिक स्थानों को साफ रखना मुश्किल काम नहीं है. अजनार नदी से शुरू हुआ उनका सफर अब यमुना तक पहुंच चुका है. यमुना के किनारे सफाई के दौरान टीम को कई तरह का कचरा मिला. इसमें प्लास्टिक, फूल-मालाएं और धार्मिक गतिविधियों से जुड़ी सामग्री शामिल थी. बिट्टू तबाही ने लोगों से आग्रह किया है कि वे अपनी नदी को साफ करने में सहयोग करें. 
ये भी पढ़ें: 100 कमरों का घर, 39 पत्नियां, 94 बच्चे... भारत के इस सबसे बड़े परिवार की कहानी किसी फिल्म से कम नहीं

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bittu Tabahi, Bittu Tabahi Latest News, Yamuna Cleanup, Yamuna Pollution
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com