विज्ञापन

बिट्टू तबाही ने की अब दिल्ली में यमुना साफ, एक दिन में निकाला 585 किलो कचरा, अब अगला नंबर गुरुग्राम का

अजनार नदी के बाद 'बिट्टू तबाही' अब दिल्ली की यमुना को साफ करने उतरे हैं. पहले ही दिन अकेले अपने दम पर जो कर दिखाया, उसे देख सोशल मीडिया पर लोग उन्हें असली हीरो बता रहे हैं.

बिट्टू तबाही ने की अब दिल्ली में यमुना साफ, एक दिन में निकाला 585 किलो कचरा, अब अगला नंबर गुरुग्राम का
बिट्टू तबाही ने इससे पहले अजनार नदी साफ की थी.

पहले अजनार और अब यमुना. 'बिट्टू तबाही' यानी सुरेन्द्र सिंह चौधरी, जिनकी अजनार नदी को साफ करने की लगन ने दुनियाभर में सुर्खियां बटोरी थीं. उनकी इस हिम्मत को देखकर नीदरलैंड्स की मशहूर पर्यावरण संस्था 'द ओशिन क्लीनअप' के फाउंडर और सीईओ बोयन स्लैट ने उन्हें नौकरी तक का ऑफर दे दिया था. लेकिन बिट्टू अब देश की राजधानी दिल्ली में यमुना मैया को साफ करने के मिशन पर निकल पड़े हैं. 

'वर्ल्ड क्लीनअप डे' यानी 20 सितंबर को बिट्टू ने यमुना किनारे सफाई का एक बड़ा अभियान शुरू किया. तीन दिनों के इस संकल्प के पहले ही दिन उन्होंने अपने कुछ जुनूनी साथियों के साथ मिलकर यमुना घाट से करीब 585 किलो कचरा बाहर निकाल फेंका. बिट्टू का सपना अब सिर्फ एक नदी तक सीमित नहीं है, वे देश के कोने-कोने में जाकर लोगों को सफाई के प्रति जगाना चाहते हैं.  

उन्होंने आगे बताया, "घाट पर हर तरफ फूल, मालाएं, पूजा की सड़ी-गली सामग्री और प्लास्टिक बिखरा पड़ा था. हमारी कोशिश देखकर आस-पास के लोग भी खुद-ब-खुद खिंचे चले आए और देखते ही देखते पूरा घाट चमक उठा. मदद के लिए आगे आए हर एक मददगार का दिल से शुक्रिया." 

यमुना की इस जंग के बाद बिट्टू का अगला पड़ाव गुरुग्राम का खेड़की दौला होने वाला है. 

सोशल मीडिया पर बही तारीफों की गंगा

बिट्टू का यह वीडियो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया. कुछ ही घंटों में इसे 3 लाख 34 हजार से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं. लोग बिट्टू की इस पहल की दिल खोलकर तारीफ कर रहे हैं.

एक यूजर ने लिखा, "यह शख्स अकेले ही साबित कर रहा है कि अगर इरादा मजबूत हो, तो अकेला चना भी भाड़ फोड़ सकता है."

वहीं, दूसरे यूजर ने उनकी तारीफ में कहा, "भाई, इस बार आपका वॉयस-ओवर कमाल का है, आप बहुत नेक काम कर रहे हैं." 

तीसरे यूजर ने सुरक्षा की सलाह देते हुए लिखा, "काम बहुत लाजवाब है भाई, बस सफाई करते समय अपनी सुरक्षा के लिए ग्लव्स और मास्क (PPE) का इस्तेमाल जरूर किया करो. इस शानदार शुरुआत के लिए आपका बहुत-बहुत शुक्रिया!"

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Bittu Tabahi, Bittu Tabahi Ajnar River, Bittu Tabahi Instagram Account, Bittu Tabahi Ki River Cleaning, Bittu Tabahi Latest News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com