क्या आपने कभी सोचा है कि आज जहां आपका घर है, वह करोड़ों साल पहले कहां रहा होगा? सुनने में यह सवाल अजीब लग सकता है, लेकिन अब इसका जवाब मिल सकता है. वैज्ञानिकों ने एक ऐसा खास ऑनलाइन टूल तैयार किया है, जो आपको दिखाएगा कि आपका घर 320 मिलियन (करीब 32 करोड़) साल पहले पृथ्वी पर कहां स्थित था.
नया टूल बताएगा आपके घर का इतिहास
नीदरलैंड की Utrecht University के वैज्ञानिकों ने यह अनोखा टूल तैयार किया है. इस रिसर्च का नेतृत्व प्रोफेसर Douwe van Hinsbergen ने किया. इस टूल की मदद से आप अपने किसी भी लोकेशन की पोजीशन 320 मिलियन साल पहले तक देख सकते हैं. यानी आप जान सकते हैं कि आपका घर पहले किस जगह या किस जलवायु क्षेत्र में था.
जब पूरी धरती एक ही महाद्वीप थी
वैज्ञानिकों के अनुसार, करीब 32 करोड़ साल पहले पृथ्वी पर एक विशाल सुपरकॉन्टिनेंट था, जिसे Pangaea कहा जाता है. समय के साथ टेक्टोनिक प्लेट्स (धरती की परतें) खिसकती रहीं और महाद्वीप अलग-अलग होते गए. इसी वजह से आज के देश और महाद्वीप पहले बिल्कुल अलग जगहों पर हुआ करते थे. उदाहरण के तौर पर, 24.5 करोड़ साल पहले नीदरलैंड का मौसम आज के पर्शियन गल्फ जैसा गर्म और उष्णकटिबंधीय था.
देखें Video:
कैसे तैयार किया गया यह मॉडल?
Utrecht University की प्रेस रिलीज के मुताबिक, यह टूल Utrecht Paleogeography Model पर आधारित है. वैज्ञानिकों ने इसे बनाने के लिए प्राचीन चट्टानों में मौजूद मैग्नेटिक सिग्नल्स का अध्ययन किया. ये सिग्नल्स यह बताते हैं कि चट्टानें पृथ्वी के मैग्नेटिक पोल्स के हिसाब से कहां बनी थीं. इस तरह वैज्ञानिकों ने करोड़ों साल पुराने महाद्वीपों और पहाड़ों का नक्शा तैयार किया.
रिसर्च का क्या है फायदा?
इस प्रोजेक्ट से सिर्फ जिज्ञासा ही नहीं, बल्कि विज्ञान को भी बड़ा फायदा मिलेगा. पैलियॉन्टोलॉजिस्ट Emilia Jarochowska के मुताबिक, इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि जलवायु परिवर्तन और बड़े विनाश (mass extinction) के दौरान जीव-जंतु कैसे बचे. फॉसिल्स की सही लोकेशन जानकर वैज्ञानिक यह पता लगा सकते हैं कि कौन-सी जगहें जीवों के लिए सुरक्षित थीं.
आम लोगों के लिए क्यों खास है यह टूल?
यह टूल आम लोगों को भी पृथ्वी के इतिहास से जोड़ता है. अब आप कहीं भी यात्रा करने से पहले यह देख सकते हैं कि वह जगह करोड़ों साल पहले कहां थी और कैसी दिखती थी.
यह भी पढ़ें: भारत का अनदेखा स्वर्ग! असम के चाय बागानों की खूबसूरती देख हैरान रह गई दुनिया, Video वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं