विज्ञापन

रेल कर्मचारियों को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया कंटेंट बनाने और रील से कमाई पड़ेगी भारी

रेलवे ने ड्यूटी के दौरान रील बनाने और बिना इजाजत सोशल मीडिया से कमाई करने को गंभीर मामला मानते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

रेल कर्मचारियों को सख्त चेतावनी, सोशल मीडिया कंटेंट बनाने और रील से कमाई पड़ेगी भारी
Railway issues warning to employees making reels
NDTV इंडिया ग्राफिक्स
  • रेल कर्मचारियों के रील बनाने के खिलाफ नियम लागू किये हैं.
  • रेलवे ने कर्मचारियों को रील से कमाई करने पर चेतावनी दी है.
  • रील या वीडियो बनाने से कर्मचारियों का ध्यान भटक सकता है.

सोशल मीडिया पर रील और वीडियो बनाकर कमाई करने वाले रेलवे कर्मचारियों के लिए नॉर्थ सेंट्रल रेलवे (एनसीआर) ने सख्त चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने ड्यूटी के दौरान रील बनाने और बिना इजाजत सोशल मीडिया से कमाई करने को गंभीर मामला मानते हुए संबंधित अधिकारियों को सख्त निगरानी और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. रेलवे के मुताबिक, ऐसी गतिविधियों से कर्मचारियों का ध्यान काम से हट सकता है, जिससे ट्रेन संचालन की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है.

क्या दिए हैं रेलवे ने निर्देश

पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, नॉर्थ सेंट्रल रेलवे ने प्रयागराज, झांसी और आगरा डिवीजन के साथ-साथ वर्कशॉप के वरिष्ठ अधिकारियों को इस संबंध में दिशा-निर्देश भेजे हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के समय सोशल मीडिया पर रील या वीडियो बनाने से कर्मचारियों का ध्यान भटक सकता है, जिससे परिचालन सुरक्षा और प्रशासनिक मर्यादा प्रभावित होती है. सुरक्षा नियमों की अनदेखी या ड्यूटी के दौरान ऐसी गतिविधियों में पाए जाने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी.

रेलवे के अनुसार, सोशल मीडिया पोस्ट से कमाई करना बिना अनुमति कारोबार या व्यावसायिक गतिविधि करने जैसा माना जा सकता है, जो रेलवे सेवा (आचरण) नियमों के विरुद्ध है.

क्या होगी कार्रवाई

रेलवे ने नियम स्पष्ट करते हुए कई जरूरी शर्तें लागू की हैं. इसके तहत रेलवे परिसर या उपकरणों की व्यावसायिक उद्देश्य से शूटिंग करने के लिए सक्षम अधिकारियों से अनुमति लेनी होगी और जहां लागू हो, वहां निर्धारित शुल्क चुकाना अनिवार्य होगा. कमाई से जुड़े मामलों में शुल्क न देने पर दंडात्मक कार्रवाई हो सकती है. वहीं रेलवे से जुड़े शैक्षणिक या जन-जागरूकता वाले वीडियो बनाने के लिए भी पहले संबंधित प्राधिकारी से मंजूरी लेनी होगी.

नियमित रूप से सोशल मीडिया पर वीडियो डालने वाले कर्मचारियों को लिखित रूप से यह स्पष्ट करना होगा कि उन्हें इससे कोई आर्थिक लाभ नहीं मिल रहा है और उनके वीडियो से रेलवे की सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ता. डिवीजन और वर्कशॉप प्रशासन को कर्मचारियों के सक्रिय सोशल मीडिया खातों पर नजर रखने के निर्देश भी दिए गए हैं.

यह भी पढ़ें | रेलवे ने दो महीने के लिए दिल्ली-मुरादाबाद-फिरोजपुर-जम्मू डिविजन की 5 दर्जन ट्रेनें रद्द की, कई के रूट बदले

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railway, Reel Making, Railway Workers, Railway Administration, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com