विज्ञापन

एआई की वजह से डूबा बिजनेस? संदीप माहेश्वरी ने 6 महीने बाद बताया- वीडियो डालना क्यों बंद किया

सोशल मीडिया पर संदीप माहेश्वरी के करियर और बिजनेस को लेकर कई अफवाहें चल रही हैं. अब खुद संदीप ने चुप्पी तोड़ते हुए एआई के असर, खाली कुर्सियों और यूट्यूब से दूरी बनाने की असली वजह बताई है.

एआई की वजह से डूबा बिजनेस? संदीप माहेश्वरी ने 6 महीने बाद बताया- वीडियो डालना क्यों बंद किया
संदीप माहेश्वरी ने पिछले 6 महीने से क्यों नहीं डाला यूट्यूब पर कोई वीडियो.
instagram@sandeep__maheshwari/

VIRAL POST: अपनी मोटिवेशनल स्पीच से करोड़ों युवाओं के दिलों पर राज करने वाले संदीप माहेश्वरी आजकल कहां हैं. जिस सेमिनार हॉल में कभी पैर रखने की जगह नहीं होती थी, वहां आज कुर्सियां खाली क्यों पड़ी हैं. क्या 'आसान है' का नारा देने वाले माहेश्वरी खुद किसी बड़ी मुश्किल में हैं. सोशल मीडिया पर अफवाहों का बाजार गर्म है, कोई कह रहा है कि एआई ने उनका करियर खत्म कर दिया, तो कोई इसे उनका डाउनफॉल मान रहा है. लेकिन अब इन तमाम कयासों पर खुद संदीप माहेश्वरी ने विराम लगा दिया है. हाल ही में संदीप ने इंस्टाग्राम पर अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए एक लंबी पोस्ट लिखी और अपने फैंस को पूरी सच्चाई बताई. उन्होंने साफ किया कि घर पर सब ठीक है और उनकी सेहत भी बिल्कुल दुरुस्त है.

एआई का असर और इमेजेस बाजार का सच

इंटरनेट पर सबसे बड़ी थ्योरी यह चल रही थी कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आने की वजह से संदीप की कंपनी 'इमेजेस बाजार' बंद हो गई और इसी वजह से उन्होंने चुप्पी साध ली. संदीप ने इस बात को स्वीकार किया कि एआई के आने से उनके फोटो बिजनेस पर असर जरूर पड़ा था. लेकिन उन्होंने और उनकी टीम ने वक्त रहते बिजनेस मॉडल में बदलाव किए और इस चुनौती को संभाल लिया. 

यहां पढ़ें पूरी पोस्ट


"तो यूट्यूब से कमाई कर लूंगा"

संदीप ने बताया कि कमाई के उनके पास और भी कई जरिए हैं, इसलिए पैसों की कोई तंगी नहीं है. उन्होंने मजाक में यह भी लिखा कि अगर कभी भविष्य में आर्थिक संकट आया भी, तो यूट्यूब चैनल का मोनेटाइजेशन ऑन करते ही गरीबी दूर हो जाएगी. बता दें कि 28 करोड़ (28 मिलियन) सब्सक्राइबर्स होने के बावजूद संदीप का यूट्यूब चैनल नॉन-प्रॉफिट है. उन्होंने आज तक अपने वीडियोज से एक रुपया भी नहीं कमाया है.

आखिर क्यों बंद किए वीडियो बनाना?

संदीप ने बेहद साफगोई से इसका जवाब दिया. उन्होंने लिखा, "मैंने यह काम कभी पैसों के लिए नहीं किया. वीडियो बनाने का मकसद सिर्फ अपना अनुभव और ज्ञान साझा करना था, जो मैं पिछले 14 सालों से लगातार कर रहा हूं. सच कहूं तो अब मेरे पास शेयर करने के लिए कुछ नया नहीं बचा है. ज्ञान की टंकी खाली हो चुकी है और मैं सिर्फ वीडियो बनाने के लिए जबरदस्ती नहीं बोलना चाहता." फिलहाल वह इस ब्रेक को एंजॉय कर रहे हैं और कुछ नया सीखने पर वापस लौटेंगे.

संदीप के मोटिवेशन पर उठते सवाल

संदीप माहेश्वरी की नेटवर्थ लगभग 25 से 45 करोड़ रुपये आंकी जाती है, जिसका मुख्य जरिया 'इमेजेस बाजार' ही है. लेकिन हाल के दिनों में उनके विचारों को लेकर लोगों का नजरिया बदला है. आलोचकों का मानना है कि संदीप जिंदगी की गंभीर और उलझी हुई समस्याओं का बहुत ही सतही हल बताते हैं. लोगों का कहना है कि उनके वीडियो केवल कुछ देर का उत्साह (डोपामिन रश) देते हैं, लेकिन जब जमीनी स्तर पर काम करने की बारी आती है, तो उनके पास कोई ठोस रणनीति नहीं होती.

शायद यही वजह है कि धीरे-धीरे उनकी व्यूअरशिप में भी गिरावट देखी गई. बहरहाल, संदीप अभी ब्रेक पर हैं और उनके फैंस को इंतजार है कि वह कब कुछ नया लेकर वापस लौटते हैं.

यह भी पढ़ें | "जो मैं जानता हूं, वो मुझे क्या बताओगे" मंदिर के साधु ने अंग्रेजी में विदेशियों को सिखाया धर्म का पाठ

यह भी पढ़ें | 'हमने बच्चों को डेंजरस चीज सिखा दी', हर्ष गोयनका ने बताया- आज के मां-बाप क्या गलती कर रहे

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sandeep Maheshwari, Sandeep Maheshwari Motivation, Sandeep Maheshwari Parenting Tips, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com