विज्ञापन

सब कुछ बेचकर शादी करने 1900 KM दूर पहुंचा शख्स, AI निकली वो लड़की तो पैरों तले खिसक गई जमीन

अपनी मां की मौत के बाद अकेलेपन से जूझ रहे 49 साल के मार्टिंस को लगा कि सोशल मीडिया पर मिली महिला एक नई जिंदगी शुरू करने में मदद कर सकती है. आखिरकार, उन्होंने उस महिला से मिलने जाने का फैसला किया. हर सामान बेचकर लगभग 1900 किमी का सफर भी किया लेकिन उस शहर पहुंचा तो हाथ निराशा लगी.

सब कुछ बेचकर शादी करने 1900 KM दूर पहुंचा शख्स, AI निकली वो लड़की तो पैरों तले खिसक गई जमीन
एडिमर मार्टिंस पेशे से राजमिस्त्री हैं और सोशल मीडिया पर दिखी 'लड़की' से शादी करने गए थे

Viral News: दिलफेंक आशिकी ब्राजील के एक शख्स को भारी पड़ गई है. ब्राजील के 49 वर्षीय एक व्यक्ति ने अपना सब कुछ बेच दिया और एक महिला से मिलने के लिए 1900 किमी से ज्यादा का सफर तय किया. उसके दिल में अरमान था कि वह उस महिला से शादी करेगा. लेकिन बाद में पता चला कि वह महिला असल में AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाई गई एक AI-कैरेक्टर थी. वह इंसान थी ही नहीं, कोई AI से महिला बनाकर उसका सोशल मीडिया अकाउंट चला रहा था. 

क्या है पूरा मामला?

ब्राजील के उत्तर-पूर्वी राज्य मारानहाओ के रहने वाले एडिमर मार्टिंस पेशे से राजमिस्त्री हैं. उन्होंने एक लोकल चैनल 'टीवी मिरांटे' को बताया कि 2020 में उनकी नजर सोशल मीडिया पर एक अकाउंट पर पड़ी थी जिसमें जेसिका ओलिवेरा नाम की एक महिला दिखाई गई थी.

इस अकाउंट पर 3 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे. इसमें एक ऐसी महिला के वीडियो थे जो किसी खेत पर एक आदर्श गांवों वाली जिंदगी जी रही थी. वह पुरुषों को अपने साथ रहने के लिए बुलाती थी और उन्हें घर तथा आर्थिक मदद देने का वादा करती थी. ऐसे में अपनी मां की मौत के बाद अकेलेपन से जूझ रहे मार्टिंस को लगा कि यह महिला उसे एक नई जिंदगी शुरू करने में मदद कर सकती है. अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में, उस महिला ने उन्हें आर्थिक मदद देने और अपने खेत पर रहने के लिए जगह देने का वादा किया था.

मार्टिंस को लगा कि उन्हें अपना जीवनसाथी मिल गया है. इसलिए उससे मिलने जाने का फैसला किया. 'न्यूयॉर्क पोस्ट' की रिपोर्ट के अनुसार, 9 अक्टूबर को मार्टिस ने अपना सारा सामान बेच दिया ताकि ब्राजील के दक्षिण-पूर्वी राज्य मिनास गेरैस की राजधानी, बेलो होरिजोंटे तक की यात्रा का खर्च निकल सके. एक दिन से ज्यादा समय तक बस से सफर करने के बाद, वह 11 अक्टूबर को उस शहर पहुंच गए,

फिर लगा 440 वोल्ट का झटका

हालांकि, उस महिला से मिलने की उसकी उम्मीदें जल्द ही टूट गईं. मार्टिंस ने उस महिला की तस्वीरें लेकर लोगों से पूछा कि क्या वे उसे पहचानते हैं. लेकिन कोई भी उसे नहीं पहचान सका. आखिरकार, वह एक स्थानीय रेडियो स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि वह महिला असल में है ही नहीं. वह अकाउंट पूरी तरह से फर्जी है. तब मार्टिंस को पता चला कि जिस महिला से वह शादी करने की उम्मीद पाले बैठे थे, वह असल में AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) द्वारा बनाई गई एक कंप्यूटर जनरेटेड महिला थी.

उन्होंने कहा कि इससे सिर्फ उदासी, निराशा और डिप्रेशन ही मिलता है. कई लोग किसी के साथ रिश्ता बनाना चाहते हैं, इसलिए मैं यहां आया. 

फिर अकाउंट चलाने वाले इंसान ने सबको बताई सच्चाई

सोशल मीडिया अकाउंट चलाने वाले व्यक्ति ने बाद में माना कि वह कैरेक्टर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से बनाया गया था और उसने मार्टिन्स के साथ किसी भी तरह के सीधे संपर्क से इनकार किया. उस काल्पनिक महिला ने कहा, "मैं यहां बस एक साफ बात बताने आई हूं- मैं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनी हूं. मैंने इस प्रोफाइल से कभी किसी से बात नहीं की. इसका मकसद सिर्फ एंगेजमेंट बढ़ाना था. मैंने कभी किसी से सीधे बात नहीं की, और न ही किसी को बेलो होरिजोंटे बुलाया. जो कुछ भी हो रहा है, उसे देखकर मुझे भी हैरानी हुई है."

समाज सेवियों ने की मार्टिंस की मदद

अपनी यात्रा पर पैसे खर्च करने के बाद, मार्टिंस उस शहर में फंस गए और उन्होंने स्थानी प्रशासन से मदद मांगी. समाज सेवियों ने उन्हें खाना, नहाने की सुविधा और शहर से वापस जाने के लिए बस का टिकट देकर मदद की. 

वैसे इतनी निराशा के बावजूद, मार्टिन्स ने अभी भी पार्टनर की तलाश नहीं छोड़ी है. फिलहाल वे अपने एक रिश्तेदार के साथ रह रहे हैं और उन्होंने बेलो होरिजोंटे वापस जाने की इच्छा जताई है, ताकि वे किसी ऐसी महिला से मिल सकें जिसके साथ वे अपना घर बसा सकें. मार्टिंस ने कहा, "मुझे वह तो नहीं मिली, लेकिन मैं किसी और को ढूंढ लूंगा. और यह उसी जगह होगा जहां मैं पहले गया था, मैं वहां फिर से जाऊंगा."

6 महीने में तीसरी बार ऐसा हुआ

'द सन' की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले छह महीनों में मार्टिन्स ऐसे तीसरे व्यक्ति हैं जो किसी महिला से मिलने की उम्मीद में बेलो होरिजोंटे पहुंचे, लेकिन बाद में पता चला कि वह महिला असल में AI से बनाया गया एक काल्पनिक कैरेक्टर थी.

यह भी पढ़ें: पति के अफेयर से डिप्रेशन में थी पत्नी, फिर 6 महीने में गहरे प्यार में बदल गई नफरत, बोली- अब समझी भगवान का फैसला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Offbeat News, AI Characters, Social Media Fraud
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com