विज्ञापन

600 गायों की डेयरी से हर महीने डेढ़ करोड़ कमाई, अवॉर्ड जीतने वाला किसान बोला- 50 गाय हों तो ही धंधे में आना

मुरलीधरन नायर के लिए 2018 में ब्रेस्ट कैंसर से पीड़ित अपनी पत्नी के इलाज के लिए दूध और पंचगव्य की तलाश में 7 गायों से बिजनेस शुरू किया था. आज उनके डेयरी फार्मों में 600 से अधिक मवेशियां हैं. उन्हें देश के बेस्ट डेयरी किसान का पुरस्कार भी मिल गया है.

600 गायों की डेयरी से हर महीने डेढ़ करोड़ कमाई, अवॉर्ड जीतने वाला किसान बोला- 50 गाय हों तो ही धंधे में आना
केरल के मुरलीधरन नायर को 2026 का गोपाल रत्न पुरस्कार मिला है (फोटो- AI से एडिट)

केरल के मुरलीधरन नायर ने आज से 8 साल पहले केवल 7 मवेशियों के साथ शुरुआत की थी लेकिन आज उनके पास 550 से 600 मवेशी हैं. उनका यह सफर अपनी कैंसर से पीड़ित पत्नी के इलाज के लिए दूध और पंचगव्य तलाशने से शुरू हुआ था. आज हर दिन उनकी डेयरी में 6000 लीटर दूध उत्पादन होता है. इतना ही नहीं उन्हें केंद्र सरकार की तरफ से साल 2026 के लिए 'राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार' में देश के बेस्ट डेयरी किसान का पुरस्कार भी मिल गया है. मुरलीधरन नायर की कहानी मेहनत और हार न मानने की कहानी है. वह बताते हैं कि कैसे गुजरात से खास नस्लों की गायों को लाकर उन्होंने अपनी डेयरी बिजनेस को इस मुकाम पर पहुंचाया है. खास बात है कि वह दुबई में रहकर बिजनेस करते हैं. वह आमरो ग्रुप के मुख्य कार्यकारी भी हैं.

पत्नी के इलाज के लिए खोजने निकले थे दूध

मुरलीधरन नायर के लिए 2018 में अपनी पत्नी के इलाज के लिए दूध और पंचगव्य की तलाश से शुरू हुई यह कहानी धीरे-धीरे लगभग 600 मवेशियों वाले एक फार्म में बदल गई. यानी इस सफर की शुरुआत एक पर्सनल जरूरत को पूरा करने के तौर पर हुई थी, जो आगे चलकर एक ऐसे उद्यम में बदल गई जिसमें सालों के निवेश, धैर्य और कड़ी मेहनत की जरूरत पड़ी.

मुरलीधरन नायर बताते हैं कि मैंने सिर्फ सात मवेशियों से शुरुआत की थी. वे याद करते हैं कि कैसे उन्होंने 2018 में कोट्टायम जिले के वैकोम में अराट्टुकुलंगारा में अपना डेयरी बिजनेस शुरू किया था. उन्होंने तीन चरणों में गुजरात से मवेशी खरीदे, कुल 50 से 60 गाय और भैंस. फिर धीरे-धीरे अपने कारोबार का विस्तार किया. आज उनके डेयरी फार्मों में लगभग 550 से 600 मवेशी हैं. इन फार्मों में गिर और वेचुर जैसी देसी नस्लों के साथ-साथ क्रॉस-ब्रीड के मवेशी भी मौजूद हैं. गिर नस्ल की एक नई किस्म विकसित करने के लिए, उनके ब्रीडिंग प्रोग्राम में होल्स्टीन फ़्रिसियन (Holstein Friesian) मवेशियों को भी शामिल किया गया है.

हर दिन 6000 लीटर का दूध बेचते हैं

उनके डेयरी फार्मों में रोजाना लगभग 6,000 लीटर दूध का उत्पादन होता है. यह दूध सीधे बाजारों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बेचा जाता है, जबकि कंपनी दूध से बने कई अन्य उत्पाद भी बनाती और बेचती है. उन्होंने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि अभी तो हम बस अपना खर्च निकाल पा रहे हैं. "मुझे उम्मीद है कि अगले दो सालों में यह मुनाफे में आ जाएगा."

दुबई से चलाते हैं बिजनेस

खास बात है कि नायर 32 सालों से विदेश में रह रहे हैं और दुबई में अपना कारोबार चलाते हैं. वे 'अमरो ग्रुप' के जरिए लॉजिस्टिक्स, शिपिंग और अन्य क्षेत्रों में काम करते हैं. इस ग्रुप की शुरुआत उन्होंने 2004 में की थी. इतना ही नहीं वे UAE में एक फ्लाइट अकैडमी भी चलाते हैं, जहां वे अलग-अलग देशों के छात्रों को पायलट बनने के लिए ट्रेनिंग देते हैं. हालांकि, यह डेयरी फार्म अपने केरल के लिए कुछ वापस करने की उनकी एक कोशिश है.

यह भी पढ़ें | पुष्कर मेले में छाए आदिवासियों के तीर-कमान, दुकानदार दीदी बोलीं- ये 250 फीट तक फेंक सकते हैं

डेयरी खोलने वालों को क्या सीख देते हैं नायर मुरलीधरन?

नायर के अनुसार डेयरी फार्मिंग कोई ऐसा बिजनेस नहीं है जिसमें कम समय में मुनाफे की उम्मीद की जा सके. इसके लिए निवेश, योजना बनाने और पशु प्रजनन तथा दूध उत्पादन के अलग-अलग चरणों के दौरान फार्म को टिकाए रखने की क्षमता की आवश्यकता होती है. वे कहते हैं, "सिर्फ एक फार्म शुरू कर लेने और उसे दो, चार या दस साल तक चला लेने का मतलब यह नहीं है कि वह एक स्थायी बिजनेस बन जाएगा." इसी बात को समझाते हुए वे कहते हैं कि नए लोगों को डेयरी फार्मिंग में एक लंबे समय की योजना के साथ उतरना चाहिए.

जो लोग इस फिल्ड में आना चाहते हैं, उनके लिए नायर के पास एक अच्छा सुझाव है. वे कहते हैं, "मेरी राय में, जो कोई भी डेयरी फार्म शुरू करना चाहता है, उसके पास कम से कम 50 पशु होने चाहिए. तभी आप नियमित रूप से दूध की सप्लाई कर पाएंगे. कुछ पशु गर्भवती होते हैं और ऐसे दौर से गुजरते हैं जब वे दूध नहीं देते. इसलिए, फार्म को टिकाऊ बनाए रखने के लिए आपको एक वैज्ञानिक योजना की आवश्यकता होती है."

आगे का प्लान क्या है?

उनका उद्देश्य केरल में A2 दूध और दूध से बने उत्पादों को उपलब्ध कराना है, साथ ही देसी मवेशियों के पालन-पोषण को बढ़ावा देना है. आगे और भी योजनाएं हैं. 20 एकड़ में फैला एलंजी फार्म और विस्तार के लिए तैयार है. यह फार्म कूरुमाला नामक पहाड़ी के पास स्थित है, एक ऐसी जगह जो पहले से ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित करती है.

(इनपुट- PTI)

यह भी पढ़ें | पहाड़ों के नीचे बन रही दुनिया की सबसे लंबी सुरंग, 58KM लंबी टनल में दौड़ेगी ट्रेन, घंटों का सफर मिनटों में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Offbeat News, Dairy Farming, Dairy Farming Business
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com