Viral Video: जब जीवनसाथी का भरोसा टूटता है, तो इंसान अंदर तक बिखर जाता है. सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर और लाइफ कोच पुनीत जिंदल (@Zorbathezenn) ने एक ऐसी ही सच्ची घटना साझा की है, जहां एक पत्नी को अपने पति के अफेयर के बारे में पता चला. छह महीने तक चली तमाम काउंसलिंग, आपसी झगड़े और डिप्रेशन के बाद भी जब इस उलझे हुए रिश्ते का कोई हल नहीं निकला, तब नियति ने एक ऐसी करवट ली जिसने सबकुछ बदल कर रख दिया. जानिए कैसे एक अचानक आई बड़ी मुसीबत ने टूटने की कगार पर खड़े इस रिश्ते को एक नया जीवन दे दिया.
पति के एक्स्ट्रामेरिटल अफेयर से टूट गई महिला
पुनीत बताते हैं कि करीब दो साल पहले उनकी एक फ्रेंड का रोते हुए फोन आया. उसने भर्राई आवाज में कहा, "पुनीत भाई, मुझे पता चल गया है कि मेरे पति का बाहर चक्कर चल रहा है." पुनीत ने अपनी तरफ से समझाने की बहुत कोशिश की. उन्हें लगा कि वे एक स्पिरिचुअल गाइड और लाइफ कोच हैं, तो इस उलझन को चुटकियों में सुलझा लेंगे.
लेकिन कहानी में ट्विस्ट यह था कि पति भी उनका दोस्त था. पुनीत की काउंसलिंग का असर बस दो दिन रहता. तीसरे दिन पत्नी फिर गुस्से में पति से भिड़ जाती. यह ड्रामा पूरे छह महीने तक खिंच गया. हालत यह हो गई कि वह लड़की डिप्रेशन और एंग्जायटी की दवाइयां खाने लगी. पुनीत ने उससे कहा, "अगर बर्दाश्त नहीं हो रहा तो तलाक दे दो." उसने साफ मना कर दिया कि बच्चों और समाज की दुहाई देकर ऐसा नहीं कर सकती. जब पुनीत ने कहा, "फिर इस कड़वी सच्चाई को स्वीकार कर लो," तो वह इसके लिए भी तैयार नहीं थी. वह एक ऐसे दलदल में फंसी थी, जहां से निकलने का कोई रास्ता नहीं सूझ रहा था.
जब भगवान ने अपने तरीके से किया फैसला
कहते हैं न कि जहां इंसान के सारे रास्ते बंद हो जाते हैं, वहां से ऊपर वाले का खेल शुरू होता है. छह महीने पहले इस उलझी हुई कहानी का अंत बेहद अप्रत्याशित ढंग से हुआ. तनाव और गुस्से के बीच अचानक एक दिन पति को जोरदार हार्ट अटैक आया. खबर मिलते ही पत्नी अपनी सारी नाराजगी भूलकर बदहवास हालत में गाड़ी दौड़ाते हुए पहुंची और उसे अस्पताल ले गई. डॉक्टरों ने तुरंत ऑपरेशन करके दो स्टेंट डाले और उसकी जान बच गई. डॉक्टर ने साफ कहा कि अगर लाने में थोड़ी भी देर होती, तो अनहोनी हो सकती थी.
बड़ी मुसीबत ने भुला दिए गिले-शिकवे
इस घटना के बाद पति को करीब डेढ़ महीने बेड रेस्ट पर रहना पड़ा. हैरान करने वाली बात यह थी कि इस दौरान दोनों के बीच का पुराना प्यार और अपनापन वापस लौट आया. पति को अहसास हुआ कि उसकी पत्नी कितनी अनमोल है, और पत्नी इस बात से खुश थी कि उसका सुहाग सलामत है. पुनीत ने जब यह बदलाव देखा तो मजाकिया अंदाज में अपने दोस्त से कहा, "यार, तुम्हें यह बात समझने के लिए क्या हार्ट अटैक की जरूरत थी? बिना इस झटके के तुम्हें अपनी पत्नी की कदर समझ नहीं आई?"
यह भी पढ़ें | यहां गिरा था माता सती का सिर, पाकिस्तान के रेगिस्तान में बन गया शक्तिपीठ, मुसलमान भी टेकते हैं माथा
इस कहानी का सीधा सबक यही है: जिंदगी में जब कोई बहुत बड़ी मुसीबत सिर पर आती है, तो हमारे छोटे-मोटे झगड़े और अहंकार अपने आप ही गायब हो जाते हैं. इसलिए अगर आपकी जिंदगी में भी अपनों से कोई मनमुटाव चल रहा है, तो उसे वक्त रहते सुलझा लीजिए. वरना याद रखिए, जब इंसान की काउंसलिंग फेल हो जाती है, तब भगवान अपने कड़े तरीके से समझाना शुरू करता है.
यह भी पढ़ें | साउथ अफ्रीका का यूट्यूबर फैमिली के साथ गया तिरुपति बालाजी, वीडियो देख लोग बोले- 'बच्चों को अच्छी परवरिश दी है'
यह भी पढ़ें | पिता की जगह भाई को खड़ा देख रो पड़ी बहन, बोली- अब पता चला बेटा होने पर खुशी क्यों मनाते हैं लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं