विज्ञापन

अरबपतियों का सीक्रेट समर वेकेशन 'रिसॉर्ट', आम लोगों का आना मना है, खेल-खेल में तय हो जाती है दुनिया की तकदीर

Billionaires Secret Summer Camp: सूट-बूट छोड़कर जब स्नीकर्स और हाफ पैंट में घूमने लगे दुनिया के सबसे अमीर इंसान. जानिए बंद कमरों और पहाड़ी रास्तों पर सजने वाले इस "अरबपतियों के समर कैंप" की वो अनसुनी कहानियां.

अरबपतियों का सीक्रेट समर वेकेशन 'रिसॉर्ट', आम लोगों का आना मना है, खेल-खेल में तय हो जाती है दुनिया की तकदीर
Photo: Website/Sun Valley Resort

एक ऐसा समर कैंप, जहां ट्रैकिंग पर दुनिया के सबसे अमीर इंसान जेफ बेजोस हों. नाश्ते की टेबल पर सैम ऑल्टमैन बैठे हों. या पहाड़ी रास्तों पर टहलते हुए बिल गेट्स दिख जाएं . चौंक गए न? लेकिन हर साल जुलाई के महीने में अमेरिका के इडाहो की शांत पहाड़ियों में बसे 'सन वैली' नाम के छोटे से शहर में बिल्कुल ऐसा ही नजारा होता है. 

इस बेहद खास और खुफिया जमघट को दुनिया 'अरबपतियों का समर कैंप' (Billionaire Summer Camp) कहती है. दरअसल, यह 'एलेन एंड कंपनी सन वैली कॉन्फ्रेंस' है, जहां दुनिया के सबसे रसूखदार लोग जुटते हैं. याद रखिए, इस कैंप में शामिल होने के लिए आप कोई टिकट नहीं खरीद सकते, इंटरनेट पर कोई रजिस्ट्रेशन नहीं करा सकते और न ही इसका कोई पब्लिक शेड्यूल होता है. यहां सिर्फ वही कदम रख सकता है, जिसे खास तौर पर न्योता भेजा गया हो. अगर खुदा-न-खास्ता आपका नाम इस लिस्ट में आ गया, तो समझिए कि चार दिनों के लिए आप दुनिया की तकदीर लिखने वाले चेहरों के बीच घिरे होंगे. 

'अरबपतियों का समर कैंप' में क्या होता है?

साल 1983 से हर साल जुलाई के महीने में एलेन एंड कंपनी नाम की इन्वेस्टमेंट फर्म इस बेहद सीक्रेट इवेंट को आयोजित करती आ रही है. जगह होती है इडाहो का बेहद खूबसूरत 'सन वैली रिसॉर्ट'. कहने को तो यह एक बिजनेस कॉन्फ्रेंस है, लेकिन इसके तौर-तरीके पारंपरिक बिजनेस मीटिंग्स जैसे बिल्कुल नहीं होते. यहां न तो कोई बड़ी-बड़ी प्रेजेंटेशन होती हैं और न ही बंद कमरों में उबाऊ बैठकें. इसके उलट, दुनिया के ये बड़े-बड़े सूरमा यहां हाफ पैंट और स्नीकर्स पहने पहाड़ों पर ट्रैकिंग करते, गोल्फ खेलते, साइकिल चलाते, मछलियां पकड़ते और ढलती शाम के साथ लंबी दावतों का लुत्फ उठाते नजर आते हैं. 

काम तो यहां भी होता है, लेकिन बिल्कुल अनौपचारिक और बेफिक्र अंदाज में. यानी 'काम भी और आराम भी'. 

इस कैंप की सबसे बड़ी खासियत इसका रहस्य है. न तो कोई आधिकारिक गेस्ट लिस्ट जारी होती है और न ही आयोजक किसी को कानो-कान खबर होने देते हैं कि अंदर क्या चल रहा है. इसी रहस्य ने इस आयोजन को एक किंवदंती बना दिया है. यहां सूट-बूट का कोई नामो-निशान नहीं होता. अरबपति बिना किसी कैमरे के डर के, खुली हवा में घूमते हुए चलते-फिरते बिजनेस की बातें करते हैं. 

इस वीआईपी महफिल में टेक्नोलॉजी, मीडिया, मनोरंजन, फाइनेंस और खेल जगत के सबसे बड़े सितारे शामिल होते हैं. बीते सालों में यहां जेफ बेजोस, मार्क जुकरबर्ग, बिल गेट्स, टिम कुक, सुंदर पिचाई, एलन मस्क, वॉरेन बफेट, ओप्रा विन्फ्रे, सत्या नडेला और सैम ऑल्टमैन जैसे दिग्गज अपनी मौजूदगी दर्ज करा चुके हैं. 

जब टेक जगत के महागुरुओं का लगा मेला

इस साल भी 7 जुलाई से 11 जुलाई 2026 तक सजे इस मेले में 'आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' (AI) पर सबसे ज्यादा चर्चा रही. इस बार भी जब दिग्गजों की गाड़ियां सन वैली रिसॉर्ट के गेट से अंदर दाखिल हुईं, तो उनमें जेफ बेजोस, मार्क जुकरबर्ग, बिल गेट्स, टिम कुक, सैम ऑल्टमैन, रीड हॉफमैन, नील मोहन और बॉब आइगर जैसे बड़े नाम शामिल थे. 

दिनभर क्या करते हैं ये रईस?

इन दिग्गजों का दिन बेहद सुकून के साथ शुरू होता है. सुबह की ताजी धूप और खूबसूरत वादियों के बीच ये सब मिलकर नाश्ता करते हैं. इसके बाद कोई ट्रैकिंग पर निकल जाता है, तो कोई नदी की लहरों के बीच राफ्टिंग का मजा लेता है. शाम होते ही शानदार कॉकटेल पार्टियों और प्राइवेट डिनर का दौर शुरू हो जाता है. कई दिग्गज तो अपने पूरे परिवार के साथ यहां आते हैं, जिससे यह कोई बिजनेस ट्रिप नहीं बल्कि एक बेहद आलीशान फैमिली वेकेशन जैसा लगने लगता है. 

दुनिया की बड़ी-बड़ी डील की गवाह रही ये जगह

लेकिन इस मौज-मस्ती के पीछे चलती है दुनिया को बदलने वाली बातें. कुछ दिनों के लिए यह शांत रिसॉर्ट दुनिया का सबसे ताकतवर पावर सेंटर बन जाता है. बिजनेस के जानकार बताते हैं कि इसी सन वैली की अनौपचारिक मुलाकातों ने इतिहास के सबसे बड़े सौदों की बुनियाद रखी है. चाहे वह डिज्नी और एबीसी का आपस में जुड़ना हो, जेफ बेजोस द्वारा 'द वॉशिंगटन पोस्ट' को खरीदना हो, या फिर कॉमकास्ट द्वारा एनबीसी यूनिवर्सल का अधिग्रहण, इन सबकी पटकथा इसी शांत घाटी में लिखी गई थी. 

इस कॉन्फ्रेंस से आधिकारिक तौर पर कभी कोई ऐलान नहीं होता. लेकिन यकीन मानिए, दुनिया को हैरान करने वाले बड़े फैसले और क्रांतिकारी आइडियाज पहले इसी शांत वादी में जन्म लेते हैं, और महीनों बाद अखबारों की सुर्खियां बनते हैं.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Billionaire Summer Camp, Sun Valley Conference, Jeff Bezos, Elon Musk, Mark Zuckerberg
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com