House Hunting in Bengaluru: बेंगलुरु में घर ढूंढना अब किसी जंग जीतने से कम नहीं है. सोचिए, आप अपनी मेहनत की कमाई के 30 हजार रुपये लगा दें और बदले में आपको एक ढंग की बालकनी तक न मिले? आईटी हब के पॉश इलाकों में किराए का ये हाल देखकर इंटरनेट की जनता का कलेजा मुंह को आ गया है. चलिए जानते हैं आखिर क्या है ये पूरा माजरा.
सोशल मीडिया पर छिड़ी रेंट की बहस (1BHK Rent in Bengaluru)
बेंगलुरु में किराए का मीटर इतनी तेज भाग रहा है कि अब आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है. हाल ही में एक शख्स ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि बेलंदूर, एचएसआर लेआउट और सरजापुर जैसे इलाकों में 1BHK का किराया 28,000 से 32,000 रुपये तक पहुंच गया है. ताज्जुब की बात ये है कि इतने पैसे फेंकने के बाद भी आपको एक अदद पार्किंग और सुकून की बालकनी नसीब नहीं हो रही.
Paying 30k and still no real balcony or parking in Bangalore? Seriously?
by u/vishu98 in bangalorerentals
सुविधाओं के नाम पर सिर्फ झांसा (Lack of Basic Amenities in Expensive Flats)
किराएदारों का कहना है कि मकान मालिक विज्ञापनों में तो 'बालकनी' का वादा करते हैं, लेकिन जब आप घर देखने पहुंचो तो...पता चलता है कि वो वाशिंग मशीन रखने की एक छोटी सी जगह मात्र है. इसे 'यूटिलिटी एरिया' कहना ज्यादा सही होगा, न कि बालकनी. कदुबीसनहल्ली के पास घर तलाश रहे इस शख्स ने बताया कि, कैसे लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी करने को मजबूर हैं, क्योंकि सोसायटी में पार्किंग का अता-पता ही नहीं है.
ये भी पढ़ें:-लेह में बिका 25 हजार का एक अंडा...मुर्गा भी सवा लाख के पार, वजह जानकर आपकी आंखों में आ जाएंगे आंसू
जेब ढीली पर सुकून नदारद (Bengaluru rental prices)
ये कहानी सिर्फ एक शख्स की नहीं, बल्कि उन हजारों युवाओं की है जो सपनों के शहर में सिर्फ एक छत की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं. 30 हजार रुपये एक बड़ी रकम होती है, लेकिन बेंगलुरु के टेक कॉरिडोर में इतने में भी आपको 'कॉम्प्रोमाइज' करना पड़ता है या तो आप पार्किंग छोड़िए या फिर ताजी हवा के लिए बालकनी. ये हालात वाकई डराने वाले हैं. बेंगलुरु का रेंटल मार्केट अब एक ऐसे मुकाम पर है जहां डिमांड और सप्लाई का संतुलन पूरी तरह बिगड़ चुका है. अगर आप भी यहां शिफ्ट होने का प्लान बना रहे हैं, तो अपना बजट और सब्र का बांध दोनों मजबूत कर के ही आएं.
(डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर दी गई है. NDTV इसकी पुष्टि नहीं करता.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं