Viral Video: एक 9 साल के बच्चे ने अपने यूट्यूब चैनल पर व्यूज और सब्सक्राइबर्स बढ़ाने के चक्कर में ऐसा कारनामा कर दिया, जिसने उसके पिता को सड़क पर आने की नौबत तक पहुंचा दिया है. बच्चे ने अनजाने में अपने पिता की कंपनी के क्रेडिट कार्ड से विज्ञापनों पर 1 लाख 18 हजार डॉलर (करीब 1.13 करोड़ रुपये) खर्च कर डाले. इस पूरे मामले का खुलासा खुद बच्चे के पिता डेव ने अपने बेटे के यूट्यूब चैनल माइटी माइक प्लेज पर एक वीडियो डालकर किया है.
मार्केटिंग का काम करने वाले डेव ने बताया कि उनका 9 साल का बेटा माइक माइनक्राफ्ट और रोब्लॉक्स जैसे गेम खेलकर यूट्यूब पर डालता था. जब माइक के वीडियो पर व्यूज नहीं आ रहे थे, तो डेव ने उसकी खुशी के लिए अपनी कंपनी के कार्ड से 20 डॉलर (करीब 1900 रुपये) का एक छोटा सा विज्ञापन चला दिया. पिता को यह ऐड लगाते देख माइक ने पूरा प्रोसेस ध्यान से देख लिया.
'ज्यादा पैसा मतलब ज्यादा व्यूज'
पिता के गूगल अकाउंट में कंपनी का कार्ड पहले से सेव था और उस पर कोई लिमिट या पैरेंटल कंट्रोल नहीं लगा था. माइक ने अपने बाल मन में सोचा कि 'ज्यादा पैसा लगाने से ज्यादा व्यूज आएंगे'. उसने खुद ही ऐड सेट किए और बिना किसी रोक-टोक के लगातार कैंपेन चला दिए. चूंकि क्रेडिट कार्ड कंपनी का था, इसलिए हर बार पेमेंट आसानी से अप्रूव होती गई.
ऑफिस वालों ने मीटिंग बुलाकर मांगा हिसाब
इस बात का खुलासा तब हुआ जब डेव को उनके ऑफिस में फाइनेंस डिपार्टमेंट और मैनेजमेंट की एक मीटिंग में बुलाया गया. डेव के सामने एक लैपटॉप रखा गया, जिसमें पिछले तीन हफ्तों में खर्च का पूरा ब्योरा था. जब डेव से पूछा गया कि उनके अकाउंट से 1 लाख 18 हजार डॉलर का ऐड क्यों चला है, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. बिल में साफ लिखा था कि यह पैसा माइटी माइक और एपिक रोब्लॉक्स जैसे गेमिंग वीडियो के प्रमोशन पर खर्च किया गया है.
नौकरी पर लटकी तलवार, चैनल पर लगा ब्रेक
डेव ने इस वीडियो में अपनी गलती मानते हुए कहा कि उन्हें अपने काम के अकाउंट में कंपनी का कार्ड सेव करके नहीं रखना चाहिए था और पैरेंटल कंट्रोल लगाना चाहिए था. फिलहाल डेव की नौकरी पर तलवार लटकी हुई है और उन्हें डर है कि कहीं यह करोड़ों का बिल उन्हें अपनी जेब से न भरना पड़े. इस घटना के बाद माइक के सारे गैजेट्स छीन लिए गए हैं और उसे सजा के तौर पर घर के काम करने को कहा गया है. डेव ने साफ कर दिया है कि फिलहाल माइक का गेमिंग चैनल बंद रहेगा और अगर वह कभी वापस आता भी है, तो स्ट्रिक्ट सिक्योरिटी एंड सर्विलांस के साथ ही आएगा.
ये भी पढ़ें:- 'काटना मत भाई', 16500 फीट ऊंचे ग्लेशियर की दरार में फंसा था भालू का बच्चा, रेस्क्यू के बाद मां ने कहा- थैंक्यू
ये भी पढ़ें:- फ्लाइट में हंगामा करने पर पैसेंजर को सिर से पैर तक डक्ट-टेप से बांधा, अब कोर्ट में बोला- 'मुझे कुछ याद नहीं'
यह VIDEO भी देखें:-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं