- अमेरिका के मिनियापोलिस में एक ऊंची अपार्टमेंट बिल्डिंग में गोलीबारी हुई जिसमें शूटर समेत 3 लोगों की मौत हुई
- पुलिस के तीन अधिकारी गोली लगने से घायल हुए और सभी की हालत स्थिर है, दो अधिकारियों को अस्पताल ले जाया गया
- गोलीबारी की सूचना तुरंत पुलिस को मिली और तीन मिनट में अधिकारी घटना स्थल पर पहुंच गए थे
अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी हुई है और हिंसा ने अपना बदसूरत रूप दिखाया है. बुधवार, 2 सितंबर की शाम अमेरिका के मिनियापोलिस की एक ऊंची बिल्डिंग में अचानक गोलियों की आवाज गूंजी. पुलिस के पहुंचने के कुछ ही मिनटों बाद ऊपर की मंजिल से फिर गोलियां चलने की आवाज आई. अधिकारी जब वहां पहुंचे तो सामने बेहद खौफनाक मंजर था- दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि गोली चलाने वाला संदिग्ध भी मारा जा चुका था. इस घटना में तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.
पुलिस के अनुसार, यह गोलीबारी मिनियापोलिस शहर के बीचों-बीच स्थित एक अपार्टमेंट बिल्डिंग में हुई. मिनियापोलिस पुलिस के सार्जेंट गैरेट पार्टेन ने बुधवार शाम प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि तीन पुलिस अधिकारी घायल हुए हैं. इनमें से दो अधिकारियों को गोली लगी है. हेन्नेपिन काउंटी मेडिकल सेंटर के अनुसार, तीनों अधिकारियों की हालत स्थिर है.
पुलिस ने बताया क्या हुआ
न्यूज एजेंसी एपी की रिपोर्ट के अनुसार पार्टेन ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4:30 बजे के तुरंत बाद बिल्डिंग में गोली चलने की सूचना के लिए 911 पर फोन आया. इसके तीन मिनट के अंदर पुलिस अधिकारी ऊंची बिल्डिंग के अंदर पहुंच गए. वहां उन्हें गोली लगने से घायल लोग मिले. इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने फिर गोलियों की आवाज सुनी. वे आवाज का पीछा करते हुए बिल्डिंग की और ऊपर वाली मंजिल पर पहुंचे. पार्टेन ने बताया कि वहां उन्हें ऐसा धुंध जैसा माहौल मिला कि उन्हें कुछ भी साफ नहीं दिख रहा था.
पार्टेन ने बताया कि एक पुलिस अधिकारी के पैर में गोली लगी थी. उसे अस्पताल ले जाया गया. घायल हुए दो अन्य अधिकारियों को भी अस्पताल ले जाया गया. उन्होंने बताया कि इनमें से एक अधिकारी की सर्जरी की जा रही थी. पार्टेन ने बताया कि गोलीबारी में मारे गए दो लोगों में से एक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि दूसरे की अस्पताल पहुंचने के बाद मौत हुई. उन्होंने कहा कि गोली चलाने वाले संदिग्ध की मौत कैसे हुई, यह तुरंत साफ नहीं हो सका.
चश्मदीद ने क्या देखा?
एपी की इस रिपोर्ट के अनुसार गोलीबारी के समय जूलियस बेली अपने अपार्टमेंट की बिल्डिंग के बाहर बैठे थे. तभी उन्होंने गोलियों की आवाज सुनी. उन्होंने एक ऐसे व्यक्ति को देखा, जिसे वह बिल्डिंग के रहने वाले के तौर पर पहचानते थे. उस व्यक्ति के हाथ में पिस्तौल थी. बेली ने बताया कि उन्होंने एक महिला को चीखते हुए सुना और तुरंत वहां से भागने लगे. उन्होंने कहा कि उन्होंने कुल आठ गोलियों की आवाज गिनी.
बेली ने बताया कि वह बंदूक पकड़े व्यक्ति को पहले से पहचानते थे, क्योंकि वह अक्सर अपनी बंदूक सबके सामने लहराने के लिए जाना जाता था. बेली ने कहा कि जून में इस बिल्डिंग में रहने के लिए आने के बाद से वह उस व्यक्ति से दूर रहने की कोशिश कर रहे थे. बेली ने कहा, “मुझे समझ आ गया था कि यह मुसीबत खड़ी कर सकता है.”
(इनपुट- एपी न्यूज एजेंसी)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं