विज्ञापन

बाथरूम तक पीछा किया, फिर 17 बार चाकू से वार; अमेरिका में 'Mr Singh' पोस्ट विवाद के बीच सिख ट्रक चालक पर हमला

अमेरिका के व्योमिंग राज्य में एक सिख ट्रक चालक पर कथित तौर पर 17 बार चाकू से हमला किए जाने की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है. यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की एक पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया था.

बाथरूम तक पीछा किया, फिर 17 बार चाकू से वार; अमेरिका में 'Mr Singh' पोस्ट विवाद के बीच सिख ट्रक चालक पर हमला
अमेरिका में सिख ट्रक चालक पर 17 बार चाकू से हमला, अस्पताल में भर्ती
@RepThompson
  • अमेरिका में सिख ट्रक चालक पर 17 बार चाकू से हमला
  • बाथरूम तक पीछा कर किया हमला, अस्पताल से सुनाई आपबीती
  • भारतीय-अमेरिकी सांसदों ने की हमले की निंदा
वाशिंगटन:

अमेरिका के व्योमिंग (Wyoming) में एक सिख ट्रक चालक पर हुए बेहद क्रूर हमले ने सिख और दक्षिण एशियाई समुदायों की सुरक्षा को लेकर नई बहस छेड़ दी है. पीड़ित चालक पेंसिल्वेनिया जाते समय एक रेस्ट एरिया पर रुका था, जहां कथित तौर पर हमलावर पीछा करते हुए पहुंचा और उस पर अचानक बाथरूम में घुसकर 17 बार चाकू से हमला किया गया. गंभीर हालत में भी वह किसी तरह बाहर निकल पाया, जहां एक परिवार की मदद से उसकी जान बच सकी. ये घटना ऐसे समय हुई है जब 'Mr Singh' नाम से जुड़ी एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर पहले से विवाद चल रहा था.

बाथरूम में घुसते ही हुआ हमला

सुरक्षा कारणों से पीड़ित चालक अपनी पहचान के तौर पर केवल अपने उपनाम 'सिंह' बताने की अनुमति दी है. अस्पताल के बिस्तर से बातचीत करते हुए सिंह ने कहा कि वह अब भी इस घटना से सदमे में है और यह समझ नहीं पा रहा कि उसे निशाना क्यों बनाया गया. सिंह ने कहा, 'मुझे नहीं पता कि ऐसा क्यों हुआ. मुझे नहीं पता कि उन लोगों ने मुझ पर हमला क्यों किया.' 

यह घटना रविवार तड़के हुई, जब सिंह पेंसिल्वेनिया की ओर ट्रक चला रहे थे. सिंह के अनुसार, वह दक्षिणी व्योमिंग के एक रेस्ट एरिया पर फ्रेश होने के लिए रुके थे. अंदर जाते समय उन्होंने एक व्यक्ति को अपने पीछे आते देखा, लेकिन उन्होंने इस पर कोई खास ध्यान नहीं दिया. कुछ ही देर बाद उस व्यक्ति ने उन पर हमला कर दिया.

सिंह ने बताया कि पहले उस व्यक्ति ने उनकी पिटाई की और फिर चाकू निकालकर उन पर लगातार कई वार किए. उनके शरीर के कई हिस्सों पर चोटें आईं, जिनमें गर्दन भी शामिल है. हमला करने के बाद आरोपी वहां से भाग गया. गंभीर रूप से घायल सिंह किसी तरह बाहर पहुंचे, लेकिन काफी खून बह जाने के कारण सड़क किनारे गिर पड़े और मदद का इंतजार करने लगे.

अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग की पोस्ट पर चल रही है आपत्ति

यह घटना ऐसे समय सामने आई है जब कुछ दिन पहले अमेरिकी गृह सुरक्षा विभाग (Department of Homeland Security - DHS) की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हुआ था. उस पोस्ट में एक भारतीय ट्रक चालक को दिखाया गया था और उसके लिए 'सिंह' उपनाम का इस्तेमाल किया गया था. इसके बाद समुदाय के कुछ लोगों ने इसे एक विशेष समुदाय की रूढ़ छवि (स्टिरियोटाइप) पेश करने वाला बताया था.

Latest and Breaking News on NDTV

गृह सुरक्षा विभाग ने वह तस्वीर साझा करते हुए कैप्शन लिखा था: 'हमारी सड़कों से दूर हो जाओ. तुम्हें गाड़ी चलानी नहीं आती, मिस्टर सिंह' इस पोस्ट की भाषा और 'मिस्टर सिंह' के इस्तेमाल को लेकर कई लोगों ने आपत्ति जताई थी और इसे सिख समुदाय तथा भारतीय मूल के लोगों के प्रति अपमानजनक और पूर्वाग्रहपूर्ण बताया था.

'उन्होंने मुझे दूसरी जिंदगी दी'

सिंह ने बताया कि उसी समय वहां मौजूद एक हिस्पैनिक परिवार उनकी मदद के लिए आगे आया और उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. सिंह ने कहा, 'उन्होंने मुझे दूसरी जिंदगी दी.' परिवार के लोगों ने उन्हें गंभीर रूप से घायल अवस्था में देखा और तुरंत उनकी मदद शुरू की. उन्होंने उनके घावों की देखभाल की और आपातकालीन चिकित्सा सहायता बुलवाई. राहत दल के पहुंचने तक वे लगातार उनके साथ रहे. सिंह का कहना है कि अगर उस परिवार ने समय पर मदद नहीं की होती तो शायद वह बच नहीं पाते. रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार रात तक वह अस्पताल में भर्ती थे और शरीर पर लगे कई घावों, छाती और पसलियों की चोटों से उबर रहे थे.

आरोपी गिरफ्तार, हत्या के प्रयास का मामला दर्ज

पुलिस ने इस मामले में 45 वर्षीय एंड्रयू क्रिस ब्ज़डक को गिरफ्तार कर लिया है. अदालती दस्तावेजों के अनुसार, उस पर प्रथम श्रेणी हत्या के प्रयास (Attempted First-Degree Murder) का आरोप लगाया गया है. हालांकि दस्तावेजों में हमले के पीछे की वजह का कोई उल्लेख नहीं है और न ही यह बताया गया है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई. स्थानीय शेरिफ कार्यालय और अभियोजकों ने भी फिलहाल मामले में अतिरिक्त जानकारी नहीं दी है.

भारतीय मूल के सांसदों ने की निंदा

भारतीय मूल के अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने इस हमले की कड़ी निंदा की है. उन्होंने कहा कि वह इस हिंसा से बेहद स्तब्ध हैं और अमेरिका में सिख तथा दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ बढ़ती नफरत को लेकर चिंतित हैं. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उन्होंने लिखा, 'मैं व्योमिंग के एक रेस्ट स्टॉप पर सिख ट्रक चालक पर हुए क्रूर हमले से स्तब्ध हूं, जिसमें उस पर 17 बार चाकू से वार किया गया. यह घटना ऐसे समय हुई है जब सिख और दक्षिण एशियाई अमेरिकियों को निशाना बनाकर नफरत बढ़ रही है.'

उन्होंने आगे कहा, 'नफरत फैलाने वालों को रुकना होगा. जो लोग इस नफरत को हिंसा में बदलते हैं, उन्हें कानून के तहत जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए. हम सभी को ऐसी नफरत और हिंसा के खिलाफ एकजुट होना चाहिए. अमेरिका इससे बेहतर होना चाहिए.' कृष्णमूर्ति ने सिंह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की और उनकी जान बचाने वाले परिवार का भी धन्यवाद किया.

वहीं कैलिफोर्निया से सांसद माइक थॉम्पसन ने भी घटना की निंदा करते हुए कहा, 'यह बेहद भयावह घटना है. इसकी पूरी जांच होनी चाहिए और दोषी को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए. इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं सिंह और उनके परिवार के साथ हैं.'

यह भी पढ़ें : कौन हैं राजा कृष्णमूर्ति? रूस प्रतिबंध बिल के समर्थन में वोट देने वाले इकलौते भारतीय-अमेरिकी सांसद बने

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sikh Truck Driver, Sikh Truck Driver Attack, Sikh Truck Driver Attack In US, US Hate Crime, Sikh Community
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com