- आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी और दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी
- घटना के दौरान अरविंद सिंह ने पूजा के बीच पंडितों से आधार कार्ड दिखाने को कहा था
- गुस्साए अरविंद ने पहले अपनी पत्नी को गोली मारी फिर पंडितों को भी मार डाला था
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के शंभूपुर गांव में 5 लोगों की हत्या के बाद मातम पसरा हुआ है. मंगलवार शाम जो कुछ भी हुआ वह डरा देने वाला था. अरविंद सिंह ने अपनी पत्नी, बच्चे समेत घर में पूजा करने आए दो पंडितों की गोली मारकर हत्या कर दी. करीब 8 घंटे तक चले ड्रामे के बाद पुलिस ने आरोपी का भी एनकाउंटर कर दिया. बेटे, बहू और एक पोते को खोने वाली बूढ़ी मां की आंखों से आंसू नहीं रुक रहे. अब उनके बूढ़े कंधों पर उन दो बच्चों की जिम्मेदारी आ गई है, जिनको पुलिस ने बचाया है. रात को शंभूपुर गांव में आखिर हुआ क्या, जानें आरोपी की बूढ़ी मां की जुबानी.
बेटे ने पंडितों से आधार कार्ड मांगा
पुलिस एनकाउंटर में मारे गए अरविंद सिंह की बूढ़ी मां ने भरे गले से बताया कि मंगलवार शाम को घर में महामृत्युंजन का जाप और पूजा चल रही थी. ये पूजा तीन दिन से चल रही थी. मंगलवार को पूजा का चौथा दिन था.पंडित पूजा कर रहे थे तभी उनका बेटा वहां आ गया और उनसे बोला कि अपना पहचान पत्र दिखाओ, अपना आधार कार्ड दिखाओ. पंडितों ने कहा कि क्या तुम हमको पहचान नहीं पा रहे जो हम आधार कार्ड दिखाएं. हम आधार कार्ड को साथ लेकर नहीं आए हैं. पंडितों ने कहा कि हम खुद ही आधार कार्ड हैं, क्या तुम हमें नहीं जानते. इस पर अरविंद ने भड़कते हुए कहा कि नहीं, तुम लोग मुझे आधार कार्ड दिखाओ.

बेटे ने पहले बहू को गोली मारी, फिर पंडितों को मारा
इस पर पंडितों ने कहा कि पहले पूजा हो जाने दो फिर तुम हमें पहचान जाओगे. इतने में अरविंद ने कहा कि तो तुमको लाठी से न मारेंगे. उसकी पत्नी बविता ने उसे पकड़ते हुए कहा कि पंडितों का अपमान मत करो. इस पर उसने कहा कि काहे के पंडित. गुस्साए अरविंद ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी. गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ी. ये देखकर पंडितों ने भागने की कोशिश की.जैसे ही वे भागने लगे तो बेटे ने पंडितों को भी गोली मार दी.

पुलिस ने मेरे बेटे को मार दिया
घर में ये मंजर देखकर बूढ़ी मां अपनी पोती की जान बचाने के लिए उसे लेकर बाहर भाग गईं.अरविंद दूसरे बच्चों को लेकर कमरे में बंद हो गया. पुलिस ने वहां आकर उसे मार डाला.ये कहते ही अरविंद की मां फफक-फफक कर रो पड़ीं. परिवार ही नहीं पूरे गांव में 5 हत्याओं से गम का माहौल है. अरविंद की मां का रो-रोकर बुरा हाल है.
ये भी पढे़ं-घर पर भूत का साया, महामृत्युंजय जाप, पंडितों से आधार की मांग... आजमगढ़ कत्लेआम की इनसाइड स्टोरी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं