अमेरिका में खालिस्तानी अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की कथित साजिश के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को बड़ा झटका लगा है. न्यूयॉर्क की एक संघीय अदालत ने शुक्रवार को गुप्ता को 235 महीने यानी 19 साल से अधिक की सजा सुनाई. 55 साल निखिल गुप्ता ने इसी साल अदालत में हत्या के लिए सुपारी देने (मर्डर-फॉर-हायर), ऐसी साजिश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साजिश से जुड़े आरोपों को स्वीकार कर लिया था. अमेरिकी अधिकारियों के मुताबिक, यह कथित साजिश न्यूयॉर्क में रहने वाले खालिस्तानी अलगाववादी गुरपतवंत सिंह पन्नू को निशाना बनाकर रची गई थी. पन्नू अमेरिका और कनाडा दोनों देशों की नागरिकता रखता है.
न्यूयॉर्क के साउदर्न डिस्ट्रिक्ट की संघीय अदालत में जिला न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने निखिल गुप्ता को 235 महीने की सजा सुनाई. हालांकि अमेरिकी अभियोजन पक्ष इससे भी अधिक सख्त सजा चाहता था.
दरअसल, पिछले सप्ताह अमेरिकी सरकार ने अदालत में दाखिल अपने 20 पन्नों के दस्तावेज में निखिल गुप्ता के लिए 293 महीने यानी करीब 24 साल से ज्यादा की जेल की मांग की थी. अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडोनाल्ड ने अदालत से कहा था कि निखिल गुप्ता की भूमिका 'खतरनाक' थी.
अभियोजन पक्ष ने और क्या कहा?
अभियोजन पक्ष ने अपनी दलील में कहा था कि गुप्ता अमेरिका की धरती पर एक अमेरिकी नागरिक की हत्या की कथित विदेशी साज़िश का अहम हिस्सा था. उनका कहना था कि अदालत को ऐसी सजा देनी चाहिए जो अपराध की गंभीरता को दर्शाए और यह साफ संदेश दे कि अमेरिका में किसी की आवाज़ को हिंसा के जरिए खामोश करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
अमेरिकी सरकार ने अदालत में यह भी दावा किया कि निखिल गुप्ता और उसके अन्य कथित सहयोगियों ने, जिनमें कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी भी शामिल था, पन्नू की हत्या की योजना बनाई थी. अभियोजन पक्ष के अनुसार, कथित साज़िश का मकसद पन्नू को उसके राजनीतिक विचारों और गतिविधियों के कारण निशाना बनाना था.
यह भी पढ़ें: न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने की रामायण-महाभारत की शिक्षाओं की तारीफ, परिवार का महत्व बताया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं