भारतीय मूल के निखिल गुप्ता अमेरिका में खालिस्तानी आतंकी पन्नू की हत्या के प्रयास में मुकदमा का सामना कर रहे हैं, इस मामले में 20 नवंबर को सजा का ऐलान किया जाएगा. अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मैरेरो को लिखे एक खत में निखिल गुप्ता ने माफी के साथ अपनी गिरफ्तारी के बाद मानसिक उथल-पुथल पर भी खुलकर अपनी बात रखी है और माना है कि 2023 की शुरुआत में इतना बदल गए कि खुद को पहचान नहीं पा रहे थे. अदालत को लिखे पत्र में उन्होंने कहा कि काश वह बीत चुके इस समय को वापस 2023 में वापस ले जा पाते और अपनी गलतियों को सुधार पाते. जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो मैं उस इंसान को पहचान भी नहीं पाता, जो मैं बन चुका था. इस खत में गुप्ता ने परिवार से दूर होने का दर्द भी बयां किया. उन्होंने लिखा कि कैसे 2023 की शुरुआत में वह अपने परिवार से दूर हो गए. हर रात ज्यादा शराब पीने लगे. मैंने अपने परिवार और आसपास के लोगों को जो दुख पहुंचाया उसका मुझे गहरा दुख है. उन्हें लगातार मां और पत्नी के साथ परिवार की चिंता सताती रहती है. उस समय उन्हें आत्महत्या के विचार भी आते थे. उन्होंने कोर्ट को बताया कि वह बेहद आभारी हैं कि उनके इस कृत्य से किसी की जान नहीं गई और न ही कोई घायल हुआ. नहीं तो ये मेरे जीवन का सबसे बड़ा खेद होता.
डिटेंशन सेंटर में बिताए समय का भी यूं किया जिक्र
चेक गणराज्य में कारावास और उसके बाद ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में बिताए अपने समय को लेकर गुप्ता ने बताया कि कैसे उन्होंने एकांतवास और साथी कैदियों से लगातार मिल रही हिंसा की धमकियों से निपटने के लिए ध्यान, योग और आध्यात्मिक किताबों का सहारा लिया. उन्होंने कहा कि उस समय मेरे सामने सबसे बड़ी चुनौती परिवार से संपर्क करना और ये बताना था कि मैं जीवित हूं और मुझ पर लगे कई प्रतिबंधों के चलते मैं उनसे संपर्क नहीं कर पा रहा.
अमेरिका में 24 साल सजा की मांग
बता दें कि उनके लिए अभियोजन पक्ष ने 24 साल की सजा की मांग की है. बता दें कि 55 साल के गुप्ता पर इस साल की शुरुआत में न्यूयॉर्क में पन्नू की हत्या की साजिश में सुपारी देने और षडयंत्र रचने का दोषी पाया गया है, हालांकि उनके वकीलों ने 12 साल कारावास और तीन साल निगरानी में रिहाई की कम से कम सजा की मांग की है. उन्होंने कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाना चाहिए कि गुप्ता का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है. अपराध के समय वह शराब की लत से पीड़ित थे और उनका इलाज नहीं हुआ था. 55 साल के आदमी के लिए इतनी लंबी सजा ठीक नहीं. उनके वकीलों ने ये भी कहा कि गुप्ता ने अपने किए की गंभीरता को कम करने नहीं आंका.
जज के सामने गुप्ता के व्यवहार को बताया गया क्रर
उधर, अमेरिकी जिला न्यायाधीश विक्टर मैरेरो के सामने पेश 20 पेज के दस्तावेज में अमेरिकी अटॉर्नी जेम्स मैकडॉनल्ड ने कहा कि गुप्ता का व्यवहार क्रूर था. वह अमेरिकी धरती पर एक अमेरिकी नागरिक का मर्डर करने विदेशी साजिश में एक महत्वपूर्ण भागीदार था. कोर्ट की क्राइम की गंभीरता के हिसाब से सजा सुनानी चाहिए ताकि ये मैसेज जाए कि इस देश में आवाजों को हिंसक रूप से दबाना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार कोर्ट से अनुरोध करती है कि निखिल गुप्ता को 293 (24) महीने कैद की सजा सुनाई जाए. उन्होंने कहा कि गुप्ता और उनके सह साजिशकर्ताओं में जिनमें 'कम से कम एक भारतीय सरकारी कर्मचारी' शामिल था ने पीड़ित की राजनीतिक विचारधारा के कारण अमेरिकी धरती एक हत्या की साजिश रची. ये एक अत्यंत गंभीर अपराध है और इसके लिए गंभीर सजा का प्रावधान है. अमेरिका में सजा के दिशानिर्देशों के मुताबिक 235 से 293 दिनों की कैद की सजा जरूरी है.
क्या है पूरा मामला
निखिल गुप्ता पर आरोप लगे थे कि उन्होंने भारत सरकार द्वारा आतंकवादी घोषित और खालिस्तान मूवमेंट चलाने वाले गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश और इस अपराध को अंजाम देने के लिए 15000 डॉलर का भुगतान भी किया. उनके साथ अन्य कुछ लोगों के शामिल होने के आरोप लगाए गए. उन्हें 2023 में चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था. फिर प्रत्यपर्ण के जरिए अमेरिका लाया गया. इसके बाद केस चला जहां उन्होंने अपना जुर्म कबूल किया. दोषी साबित होने के बाद उनकी सजा का ऐलान 20 तारीख को किया जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं