जर्मनी के बोखुम शहर में एक रिहायशी इमारत में लगी भीषण आग में तीन भारतीय नागरिकों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए. इस मामले में पुलिस ने हत्या के शक में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं. स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आग बोखुम के होफस्टेडे इलाके में स्थित एक बहु-परिवार आवासीय इमारत में लगी. घटना के बाद मौके पर पहुंचे दमकलकर्मियों ने दूसरी मंजिल के एक अपार्टमेंट से तीन लोगों के शव बरामद किए. मृतकों में 25 और 27 वर्ष की दो युवतियां तथा 26 वर्षीय एक युवक शामिल हैं. तीनों भारतीय नागरिक बताए गए हैं.
अफरा-तफरी में पांच लोग घायल हो गए
आग लगने के दौरान इमारत में अफरा-तफरी मच गई. धुएं की चपेट में आने से पांच अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए बोखुम के अस्पतालों में भर्ती कराया गया. रिपोर्ट्स में घायलों की राष्ट्रीयता का जिक्र नहीं किया गया है.
घटना के बाद जांच में जुटी पुलिस ने उसी इमारत में रहने वाले 41 वर्षीय रोमानियाई नागरिक को हत्या के संदेह में गिरफ्तार किया है. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग कैसे लगी और क्या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश थी.
बताया जा रहा है कि हादसा मंगलवार तड़के हुआ, जब अचानक इमारत में आग भड़क उठी. आग पर काबू पाने के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया, लेकिन तीन भारतीयों को बचाया नहीं जा सका. मामले की जांच जारी है और पुलिस हर पहलू से पड़ताल कर रही है.
यह भी पढ़ें: चीन की लोकल सब्जी मंडी में पहुंचा भारतीय यूट्यूबर, एक चीनी ने पूछा- कौन जाति हो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं