विज्ञापन

चीन के मेगा हाइड्रो प्रोजेक्ट से बढ़ी टेंशन; सैटेलाइट इमेज में दिखीं नई सड़कें, सुरंग और निर्माण गतिविधियां

भारत की सीमा के करीब चीन की सबसे महत्वाकांक्षी जलविद्युत परियोजना को लेकर नए संकेत मिले हैं. सैटेलाइट तस्वीरों में सड़कें, सुरंग नेटवर्क, अस्थायी ढांचे और निर्माण गतिविधियां दिखाई देने के बाद ब्रह्मपुत्र के भविष्य, जल सुरक्षा और पर्यावरणीय असर को लेकर अरुणाचल प्रदेश और असम में चिंताएं फिर तेज हो गई हैं.

चीन के मेगा हाइड्रो प्रोजेक्ट से बढ़ी टेंशन; सैटेलाइट इमेज में दिखीं नई सड़कें, सुरंग और निर्माण गतिविधियां
ब्रह्मपुत्र पर चीन का मेगा प्रोजेक्ट, सैटेलाइट तस्वीरों ने खोले नए राज
IANS
  • भारत सीमा के पास तेज हुआ चीन का डैम निर्माण? नई तस्वीरों से बढ़ी चिंता
  • तिब्बत में 60,000 MW हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट, अरुणाचल-असम पर पड़ सकता है असर
  • चीन के मेगा डैम के पास नई सड़कें, सुरंगें और निर्माण गतिविधियां दिखीं
गुवाहाटी:

तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो नदी पर चीन की 60 हजार मेगावाट क्षमता वाली मेगा हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट एक बार फिर चर्चा में है. IIT दिल्ली से जुड़े अर्थसेंस लैब्स (EarthSense Labs) के सैटेलाइट एनालिसिस में इस प्रोजेक्ट के कई हिस्सों में नई निर्माण गतिविधियां दिखाई दी हैं. रिपोर्ट के अनुसार मुख्य बांध क्षेत्र के पास नई सड़कें, अस्थायी आवास, ऑफिस परिसर और सुरंग प्रणाली से जुड़ा बुनियादी ढांचा विकसित हो रहा है. यह परियोजना भारत में सियांग और आगे ब्रह्मपुत्र नदी प्रणाली से जुड़ी होने के कारण रणनीतिक और पर्यावरण के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. अरुणाचल प्रदेश और असम में इसके संभावित प्रभावों को लेकर लगातार चिंता जताई जा रही है.

सैटेलाइट तस्वीरों में क्या कुछ बदलाव देखे गए?

IIT दिल्ली के फाउंडेशन फॉर इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी ट्रांसफर (FITT) से जुड़े स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स ने 2023 से 2026 के बीच की सैटेलाइट इमेज का अध्ययन कर हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट के क्षेत्र में हुए बदलावों का विश्लेषण किया. अर्थसेंस लैब्स की रिपोर्ट के अनुसार प्रस्तावित मेडोग हाइड्रोपावर परियोजना क्षेत्र में कई स्थानों पर नई आधारभूत संरचनाएं विकसित होती दिखाई दे रही हैं. इनमें सड़क नेटवर्क से लेकर कई कंस्ट्रक्शन एक्टिविटी शामिल हैं.

तस्वीरों का विश्लेषण करते हुए मैनलिंग (Mainling) के पास प्रस्तावित मुख्य बांध स्थल का भी अध्ययन किया गया. जुलाई 2025 की तस्वीरों में वहां कृषि भूमि और बस्तियां दिखाई देती थीं, लेकिन दिसंबर 2025 तक कई बस्तियां हटाई जा चुकी थीं और व्यापक स्तर पर भूमि समतलीकरण तथा मिट्टी कटाई के संकेत मिले.

अगस्त 2026 की तस्वीरों में नदी के उत्तरी किनारे पर नई सड़कें, अस्थायी आवास और कार्यालय जैसी संरचनाएं दिखाई दीं. रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि कुछ गतिविधियां नदी के संभावित डायवर्जन की तैयारी से जुड़ी हो सकती हैं, हालांकि तस्वीरों के आधार पर इसकी पूरी पुष्टि नहीं की जा सकती.

उस जगह की फाइल फोटो जहां की तस्वीरों की स्टडी अर्थसेंस लैब्स ने की है

उस जगह की फाइल फोटो जहां की तस्वीरों की स्टडी अर्थसेंस लैब्स ने की है

टनल सिस्टम से जुड़े क्षेत्र में भी दिखीं निर्माण गतिविधियां

स्टडी के दौरान मेडोग काउंटी के नीचे प्रस्तावित सुरंग निकास (टनल आउटलेट) क्षेत्र की भी पड़लात की गई. सैटेलाइट तस्वीरों से पता चला कि इस क्षेत्र में सड़क निर्माण का काम 2018 से दिखाई देने लगा था. 2021 तक वहां एक पुल, अतिरिक्त ग्राउंडवर्क और इंडस्ट्रियल-रेसिडेंसियल कॉम्प्लेक्स डेवलप हो चुका था. 2023 और 2024 के बीच क्षेत्र में और इमारतें, कंक्रीट उत्पादन सुविधाएं और नए पुल दिखाई दिए. इसके अलावा भारी मशीनरी भी नजर आई, जिससे संकेत मिलता है कि आधारभूत ढांचे का विकास लगातार जारी है.

वहीं पाई (Pai) टाउन के पास प्रस्तावित निचले बांध स्थल पर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है. अर्थसेंस लैब्स के मुताबिक अक्टूबर 2026 तक की उपलब्ध सैटेलाइट तस्वीरों में वहां बड़े पैमाने पर बांध निर्माण के निर्णायक प्रमाण नहीं मिले है. लेेकिन रिपोर्ट यह संभावना भी खारिज नहीं करती कि सुरंग सिस्टम के निचले हिस्से से कुछ निर्माण कार्य किया जा रहा है.

दुनिया की सबसे बड़ी परियोजनाओं में होगी शामिल, पांच चरणों का है प्लान

चीन यारलुंग त्सांगपो नदी की निचली धारा में पांच चरणों वाली (कैस्केड) जलविद्युत परियोजनाएं विकसित करना चाहता है. यह परियोजना नदी के 'ग्रेट बेंड' (Great Bend) क्षेत्र के पास स्थित है, जहां नदी नामचा बरवा (Namcha Barwa) पर्वतमाला के चारों ओर घूमकर भारत में प्रवेश करती है. इस हिस्से में 2 हजार मीटर से अधिक का ऊंचाई अंतर है, जो विशाल जलविद्युत उत्पादन क्षमता का आधार माना जाता है.

बीजिंग ने 19 जुलाई 2025 को तिब्बत में आयोजित समारोह के दौरान आधिकारिक रूप से इस परियोजना का शुभारंभ किया था. इस समारोह में चीन के प्रधानमंत्री ली चियांग भी शामिल हुए थे.

इस प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 1.2 ट्रिलियन युआन (करीब 168 अरब डॉलर) बताई गई है. परियोजना पूरी होने के बाद इसकी स्थापित क्षमता 60 गीगावाट होगी, जिससे यह दुनिया की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में शामिल हो जाएगी.

नदी के ग्रेट बेंड के पास स्थित प्रोजेक्ट की फाइल फोटो. यह वही जगह है जहां नदी भारत में प्रवेश करने से पहले नामचा बरवा पर्वत श्रृंखला के चारों ओर मुड़ती है

नदी के 'ग्रेट बेंड' के पास स्थित प्रोजेक्ट की फाइल फोटो. यह वही जगह है जहां नदी भारत में प्रवेश करने से पहले नामचा बरवा पर्वत श्रृंखला के चारों ओर मुड़ती है

भारत का क्या है अपना प्लान?

इस परियोजना की स्थिति भारत में खासकर अरुणाचल प्रदेश और असम के लिए.चिंता का विषय बनी हुई है, सबसे बड़ी टेंशन इस बात को लेकर है कि इतनी बड़ी अपस्ट्रीम परियोजना नदी के प्रवाह, जल उपलब्धता और निचले क्षेत्रों की पारिस्थितिकी पर क्या प्रभाव डालेगी.

वहीं दूसरी भारत भी सियांग नदी पर 11,200 मेगावाट क्षमता वाली सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) पर विचार कर रहा है. यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के अपर सियांग, सियांग और ईस्ट सियांग जिलों में प्रस्तावित है.

राज्य सरकार का तर्क है कि यह परियोजना नदी के प्रवाह को नियंत्रित करने और चीन की ओर से अचानक जल छोड़े जाने जैसी स्थितियों में सुरक्षा कवच का काम कर सकती है. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने इस परियोजना की लगभग 9.2 बिलियन क्यूबिक मीटर (BCM) जीवित जल भंडारण क्षमता का उल्लेख करते हुए इसका समर्थन किया है. पेमा खांडू कई बार भारत और चीन के बीच बाध्यकारी जल-साझाकरण समझौते के अभाव तथा जल विज्ञान संबंधी आंकड़ों को साझा करने के पारदर्शी तंत्र न होने पर चिंता जता चुके हैं.
कुछ आकलनों में चीन की प्रस्तावित परियोजना की जलाशय क्षमता लगभग 5.2 BCM बताई गई है, जबकि चीन की ओर से इसकी आधिकारिक तकनीकी पुष्टि सार्वजनिक रूप से उपलब्ध नहीं है.

स्थानीय समुदायों का विरोध, कई सवाल अभी भी बाकी

भारत की प्रस्तावित SUMP परियोजना को आदि (Adi) समुदाय के कुछ वर्गों का विरोध भी झेलना पड़ रहा है. आदि बाने केबांग यूनाइटेड (Adi Bane Kebang United) और सियांग इंडिजिनस फार्मर्स फोरम (Siang Indigenous Farmers' Forum) ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ज्ञापन देकर हस्तक्षेप की मांग की है. इन संगठनों का कहना है कि बड़े जलाशय के निर्माण से पारंपरिक भूमि डूब सकती है, गांव विस्थापित हो सकते हैं और स्थानीय लोगों की आजीविका प्रभावित हो सकती है. फिलहाल यह परियोजना पूर्व-व्यवहार्यता (Pre-Feasibility) चरण में है और निर्माण को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है.

सैटेलाइट तस्वीरों से चीन की परियोजना के आसपास तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे की तस्वीर जरूर सामने आई है, लेकिन कई महत्वपूर्ण सवाल के जवाब अब भी बाकी हैं. इनमें कुछ स्थानों पर हो रहे निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रकृति और भारत के निचले क्षेत्रों पर परियोजना के दीर्घकालिक प्रभाव शामिल हैं.

असम और अरुणाचल प्रदेश के लिए सबसे बड़ी चिंता यही बनी हुई है कि नदी के चीनी हिस्से में हो रहे विकास कार्य भविष्य में सियांग और ब्रह्मपुत्र नदी के किनारे रहने वाले समुदायों को किस तरह प्रभावित करेंगे, खासकर तब जब दोनों देशों के बीच कोई औपचारिक जल-साझाकरण व्यवस्था मौजूद नहीं है.

यह भी पढ़ें : चीन के "मेगा बांध" बनाने की योजना के खिलाफ भारत का ब्रह्मपुत्र पर 6.42 लाख करोड़ का हाइड्रो मास्टरप्लान!

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China Brahmaputra Dam, China Dam Project, Yarlung Tsangpo, China Hydropower Project, Arunachal Pradesh
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com