- दिल्ली के प्रीत विहार में एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप की घटना सामने आई है.
- आरोपी और पीड़िता पूर्वी दिल्ली के क्रॉस रिवर मॉल के कैफे में साथ काम करते थे और साथ पार्टी कर रहे थे.
- पुलिस ने गैंगरेप समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में स्थित एक कैफे में 22 वर्षीय युवती के साथ कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है. पुलिस के अनुसार पीड़िता और अन्य आरोपी पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा स्थित क्रॉस रिवर मॉल के कैफे-8 में साथ काम करते हैं. बीती रात सभी आठ लोग प्रीत विहार के एक कैफे में पार्टी करने पहुंचे. बताया जा रहा है कि कैफे बंद होने के बाद भी एक व्यक्ति के पास चाबी होने के कारण सभी ने देर रात तक वहां पार्टी की, डांस किया और शराब पी. इसके बाद तड़के करीब 3:30 बजे सभी लोग कैफे से बाहर निकले.
युवती ने आरोप लगाया कि उसके साथ दो युवकों ने गैंगरेप किया, जबकि अन्य साथियों ने उनका सहयोग किया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने गैंगरेप समेत अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. इस मामले में दो महिलाओं समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी फरार हैं. कुल छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है, जिनमें चार पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं.
पुलिस पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कर रही है और उसके बयान अदालत में भी दर्ज कराए जाएंगे. जांच के दौरान सामने आया है कि घटना के बाद युवती सीधे थाने नहीं गई थी. पुलिस के अनुसार, वह अपने एक पुरुष मित्र और दो अन्य युवतियों के साथ कुछ समय तक रही, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी मिला है. इसके बाद सुबह करीब 5:45 बजे थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें : घुड़दौड़ मैदान की तैयारी में खुद उतरे अनंत सिंह, बेटी शिवांगी की शादी में पंजाब से पहुंचे किन्नर समाज के लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं