- रूस ने कीव पर युद्ध शुरू होने के बाद से बैलिस्टिक मिसाइलों से अब तक का सबसे बड़ा हमला किया है
- यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार इस हमले में एक व्यक्ति की मौत और कम से कम सोलह लोग घायल हुए हैं
- रूस के हमलों से कीव के कई जिलों में आग लगी और रिहायशी तथा औद्योगिक संपत्तियों को नुकसान पहुंचा है
यूक्रेन के विदेश मंत्री के अनुसार, रूस ने कीव पर युद्ध शुरू होने के बाद से बैलिस्टिक मिसाइलें से अब तक का सबसे बड़ा हमला किया. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक, रविवार तड़के कीव पर घंटों तक चले इन हमलों में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कम से कम 16 लोग घायल हो गए. यूक्रेन की राष्ट्रीय पुलिस ने बताया कि ये हमले यूक्रेन की राजधानी के छह जिलों में हुए. युद्ध के पांचवें साल में यूक्रेन के सामने चुनौतियां बढ़ती जा रही हैं. उसे लगभग रोज रूसी हमलों का सामना करना पड़ रहा है. अभी उसके पास 'पैट्रियट' एयर डिफेंस मिसाइलों की कमी है, जो बैलिस्टिक मिसाइलों को मार गिराने का उसका सबसे अच्छा जरिया हैं.
कीव में दिखा आग ही आग
राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के कैबिनेट में फेरबदल के तहत रक्षा मंत्री को हटाए जाने से देश में तनाव भी बढ़ गया है. इस फ़ैसले के कारण सड़कों पर विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं और कई यूक्रेनी सैनिक भी नाराज हैं. कुछ आलोचकों का कहना है कि मिखाइलो फेडोरोव को हटाने का उनका फैसला उनके राष्ट्रपति कार्यकाल की सबसे बड़ी गलती है. स्टेट इमरजेंसी सर्विस के अनुसार, रविवार को रूस के हमलों से कीव में कई जगहों पर आग लग गई, जिससे रिहायशी इमारतों, ऑफिस, इंडस्ट्रियल साइट्स, एक डॉरमिटरी और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा.
जेलेंस्की ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'हम रूसी हमलों का पूरी तरह से सही और सटीक तरीके से जवाब दे रहे हैं. आज, यूक्रेन के लंबी दूरी के हमलों ने उन खास ठिकानों को निशाना बनाया जो रूस की आक्रामकता का समर्थन और उसे आर्थिक मदद देते हैं. SSU की यूनिट्स ने स्टावरोपोल इलाके में एक साथ तीन तेल डिपो पर हमला किया, जबकि हमारी सेना की यूनिट्स ने उसी इलाके में एक और फ्यूल फैसिलिटी पर हमला किया. ब्लैक सी में रूस के तीन 'शैडो फ्लीट' टैंकरों पर सीधे हमले किए गए. मैं अपनी उन सभी यूनिट्स का शुक्रिया अदा करता हूं जो रूस में यह एहसास दिलाने में मदद कर रही हैं कि यह युद्ध खत्म होना चाहिए.'
We continue to respond to Russian strikes in a fully justified and accurate manner. Today, Ukraine's long-range sanctions reached designated targets that support and finance Russia's aggression. SSU units struck three oil depots in the Stavropol region at once, while units of our… pic.twitter.com/3YWEDFBknE
— Volodymyr Zelenskyy / Володимир Зеленський (@ZelenskyyUa) July 19, 2026
यात्री ट्रेन पर भी हुआ हमला
क्षेत्रीय अधिकारी ओलेक्सांद्र गांझा के अनुसार, रूसी ड्रोन हमलों ने फ्रंट लाइन से सटे मध्य क्षेत्र निप्रॉपेट्रोव्स्क को भी निशाना बनाया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. यूक्रेन की राष्ट्रीय रेलवे कंपनी ने बताया कि जापोरिजिया क्षेत्र में एक रूसी ड्रोन ने यात्री ट्रेन पर हमला किया, जिससे उसके कंडक्टर की मौत हो गई. कंपनी ने आग की लपटों में घिरे रेल डिब्बों की तस्वीरें भी जारी कीं. रूस ने जुलाई में कीव पर कई बड़े हमले किए हैं. कम से कम सात बार बैलिस्टिक मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया, जबकि उस समय यूक्रेन के पास पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों की कमी थी. रविवार को यूक्रेन की वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर में रूस द्वारा दागी गई 41 में से 18 मिसाइलों को मार गिराया.
जेलेंस्की ने रविवार को कहा कि "बैलिस्टिक मिसाइलों से सुरक्षा अभी हमारी लगातार और सबसे बड़ी प्राथमिकता है."उन्होंने X पर एक पोस्ट में कहा, "हमें हर दिन इंटरसेप्टर की जरूरत होती है, और मैं उन सभी लोगों का आभारी हूं जो हमारे समझौतों को गंभीरता से लेते हैं और एंटी-बैलिस्टिक क्षमताएं उपलब्ध कराते हैं."
दक्षिण कोरिया पर क्यों रूस भड़का
इस बीच TASS को दिए एक इंटरव्यू में रूस के उप-विदेश मंत्री आंद्रे रुडेंको ने कहा कि अगर दक्षिण कोरिया अपनी जमीन पर अमेरिकी टाइफॉन मिसाइल सिस्टम तैनात करता है, तो रूस इसका उचित जवाब देगा. सियोल द्वारा अपनी जमीन पर अमेरिकी टाइफॉन मिसाइल सिस्टम तैनात करने पर मॉस्को की प्रतिक्रिया के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, "अगर ऐसा होता है, तो इसे रूसी संघ की सुरक्षा के लिए खतरा माना जाएगा और इसका उचित जवाब दिया जाएगा." हालांकि, रुडेंको ने कहा कि रूसी विदेश मंत्रालय के पास अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं है कि दक्षिण कोरिया ऐसा कोई कदम उठाने का इरादा रखता है. अमेरिकी टाइफॉन मिसाइल सिस्टम का इस्तेमाल SM-6 मल्टीरोल मिसाइल और लगभग 2,000 किलोमीटर की रेंज वाली टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल लॉन्च करने के लिए किया जा सकता है.
यह भी पढ़ें-
अमेरिका ने ईरान पर बम बरसाए तो तेहरान ने कुवैत-बहरीन पर, थर्राया मिडिल ईस्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं