विज्ञापन

युद्ध में जा रहे सैनिकों से शादी क्यों कर रहीं रूस की लड़कियां? पुतिन के देश में ब्लैक विडो का खतरनाक खेल

Russia Ukraine War: रूस के मिलिट्री हॉस्पिटल की ऐसी नर्स जिसने मौत से ठीक पहले 5 जख्मी सैनिकों से शादी कर ली ताकि सरकारी मुआवजे का पैसा उसे मिल सके. यह कोई एक कहानी नही है. यहां पूरा स्कैम चल रहा.

युद्ध में जा रहे सैनिकों से शादी क्यों कर रहीं रूस की लड़कियां? पुतिन के देश में ब्लैक विडो का खतरनाक खेल
युद्ध में जा रहे सैनिकों से शादी क्यों कर रहीं रूस की लड़कियां (फोटो- एनडीटीवी)
  • कुछ रूसी महिलाएं सैनिकों से शादी कर युद्ध में उनकी मौत पर मुआवजा हासिल कर रहीं- इन्हें ब्लैक विडो कहा जा रहा
  • रूसी सेना के जवानों को मौत के बाद परिवार को मिलने वाली रकम कम से कम पचास लाख रूबल होती है
  • ब्लैक विडो स्कैम में सुरक्षा बल के सदस्य भी शामिल पाए गए हैं जो महिलाओं के साथ मिलकर इस जाल को अंजाम देते हैं

जंग के मैदान में जाने से ठीक पहले शादी करने वालीं 'ब्लैक विडो'... और फिर कुछ ही दिनों बाद सैनिक की मौत. हम मार्वेल वर्ल्ड की अगली फिल्म की कहानी नहीं बता रहे हैं. यह ऐसी सच्ची कहानियां हैं जो रूस में इन दिनों लोगों को डरा रही हैं. आरोप है कि कुछ महिलाएं जानबूझकर उन सैनिकों से शादी कर रही हैं, जिन्हें यूक्रेन युद्ध में भेजा जा रहा है. मकसद प्यार या जीवन भर का साथ नहीं, बल्कि मौत के बाद मिलने वाली लाखों रुपये की सरकारी मदद बताई जा रही है. रूस में इन्हें 'ब्लैक विडो' यानी काली विधवा कहा जा रहा है. कई परिवारों का दावा है कि उनके बेटे और पिता एक खतरनाक जाल में फंस गए. सवाल है कि आखिर क्या है यह पूरा खेल, और क्यों पूरे रूस में इसे लेकर हंगामा मचा हुआ है?

मिलिट्री हॉस्पिटल में नर्स और 5 सैनिकों से शादी

सीएनएन की एक रिपोर्ट में ऐसी कई स्कैम वाली शादियों को सामने लाया गया है. एक कहानी मारिया की है जिसे रूसी सेना ने बताया कि यूक्रेन युद्ध के मोर्चे पर उसके 59 साल के पिता को गोली लगी थी और बाद में उनकी मौत हो गई. उस युवती को न सिर्फ यह नहीं पता था कि उसके पिता यूरी सेना में भर्ती हो गए थे, बल्कि उसे यह भी बताया गया कि लड़ाई के लिए भेजे जाने से ठीक दो दिन पहले ही उन्होंने 22 साल छोटी महिला से शादी की थी. जिस महिला से मारिया के पापा ने शादी की थी, उससे मारिया कभी मिली नहीं थी. लेकिन जंग में मारे जाने के बाद परिवार को सरकार की ओर से जो आर्थिक मदद मिलनी चाहिए थी, वह उस महिला को गया जिसने 2 दिन पहले शादी रचाई थी.

इस रिपोर्ट के अनुसार जब लड़ाई में कोई रूसी सैनिक मारा जाता है, तो उसके परिवार वालों को सेना की तरफ से एकमुश्त रकम मिलती है, जो कम से कम 50 लाख रूबल (भारतीय करेंसी में 60 लाख रुपए) होती है. वैसे तो यह मुआवजा सैनिकों को यह भरोसा दिलाने के लिए दिया जाता है कि अगर उनकी जान गई तो उनके परिवार का ध्यान रखा जाएगा. लेकिन हो कुछ और ही रहा है.

रिपोर्ट के अनुसार रूस में इस बात को लेकर चिंता बढ़ रही है कि बेरहम धोखेबाज महिलाएं शादी जैसी पवित्र बंधन का गलत फायदा उठा रही हैं. रूसी अधिकारी और सरकारी मीडिया इन्हें 'ब्लैक विडोज' (काली विधवाएं) कहते हैं. वे कमजोर पुरुषों को फर्जी शादियों के जाल में फंसाती हैं और उन्हें युद्ध पर भेज देती हैं. फिर अगर उनके नए पतियों की मौत हो जाती है, तो वे मुआवजे का दावा करती हैं और परिवार के दूसरे रिश्तेदारों को इसमें शामिल नहीं करतीं. मां-बाप या बच्चे हाथ पर हाथ धरे बैठे रह जाते हैं और दो-तीन पहले शादी करने वाली फर्जी दुल्हन पैसे उड़ा ले जाती है.

रिपोर्ट के अनुसार हाल के महीनों में रूस में कई ऐसी खबरें आई हैं जिन्होंने लोगों को चौंका दिया है. ऐसे मामलों में रूसी सेना में भर्ती हुए लोगों को कथित तौर पर शादी के जाल में फंसाया गया और फिर वे जंग के मोर्चे पर मारे गए, या फिर उन्होंने मरते समय शादी की. पिछले साल भी ब्लैक विडो का एक चर्चित मामला आया था. रूस के एक मिलिट्री हॉस्पिटल में काम करने वाली नर्स पर आरोप था कि उसने अपनी देखरेख में रहे पांच सैनिकों से उनकी मौत से ठीक पहले शादी की, ताकि उनकी मौत के बाद मिलने वाली मोटी रकम हासिल कर सके. बाद में इस नर्स को नौकरी से निकाल दिया गया.

ऐसी चौंकाने वाली घटनाएं भी सामने आई हैं जिनमें रूसी सुरक्षा बलों के मेंबर ही ब्लैक विडो स्कैम में शामिल दिखे हैं. इसमें वे महिलाओं के साथ मिलकर उनके नए-नए बने पतियों को खतरनाक मिशन पर भेजते थे, ताकि अगर उनकी मौत हो जाए, तो मिलने वाले मुआवजे का कुछ हिस्सा उन्हें मिल सके.

यह भी पढ़ें: समंदर में बच्चों के साथ नहा रहे थे लोग, तभी आसमान से गिरा ड्रोन और हुआ धमाका! रूस से आया VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia Ukraine War, Black Widow, Russia News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com