विज्ञापन

'धुरंधर' वाले रहमान डकैत का एक और बेटा गिरफ्तार, बड़े बेटे को बाप की तरह पहले ही मार चुकी कराची पुलिस

Rehman Dakait Son Arrested: रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बयान में कहा है कि पकड़ा गया संदिग्ध एक "आदतन अपराधी" था जिसे पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार किया गया था और जेल भेजा गया था.

'धुरंधर' वाले रहमान डकैत का एक और बेटा गिरफ्तार, बड़े बेटे को बाप की तरह पहले ही मार चुकी कराची पुलिस
Rehman Dakait Son Arrested: रहमान डकैत का बेटा कराची में गिरफ्तार (फोटो रियल और फिल्मी रहमान डकैत की है)

Rehman Dakait Son Arrested: कराची पुलिस ने मारे जा चुके ल्यारी गैंगस्टर अब्दुल रहमान उर्फ ​​रहमान डकैत के बेटे को कराची में गिरफ्तार कर लिया है. हां वही रहमान डकैत जिसके किरदार को हाल ही में 2025 की ब्लॉकबस्टर बॉलीवुड फिल्म धुरंधर में दिखाया गया था. अक्षय खन्ना ने रहमान डकैत की भूमिका निभाई है. डॉन की रिपोर्ट के अनुसार पुलिस के एक बयान में कहा गया कि कालाकोट पुलिस ने ​​रहमान डकैत के बेटे जिब्रान को पकड़ लिया है और उसके पास से एक अवैध पिस्तौल बरामद की है. बयान में कहा गया है कि पकड़ा गया संदिग्ध एक "आदतन अपराधी" था जिसे पहले भी कई मामलों में गिरफ्तार किया गया था और जेल भेजा गया था.

साल 2023 और 2024 के बीच ल्यारी के कालाकोट पुलिस स्टेशन में रहमान डकैत के बेटे खिलाफ दो FIR दर्ज की गई थीं. बता दें कि रहमान डकैत को 2009 में कराची पुलिस ने उसके तीन साथियों के साथ मार गिराया था. वह कथित तौर पर 80 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल था और कराची के सबसे अधिक आबादी वाले और सबसे पुराने इलाकों में से एक - ल्यारी के गैंग वर्ल्ड में सबसे बड़ा चेहरा माना जाता था. 2024 में, उसके बड़े बेटे सरबन को भी कराची में हुए एक पुलिस एनकाउंटर में गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक व ल्यारी में अपराधियों का एक गिरोह संगठित कर रहा था. पुलिस ने यह भी कहा कि वह पहले ड्रग्स की तस्करी और फिरौती के लिए अपहरण के मामलों में शामिल था.

रहमान के कई बच्चे हैं

डॉन की एक पुरानी रिपोर्ट के अनुसार 'रहमान के ल्यारी के निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कहा कि रहमान डकैत की तीन पत्नियों से कई बेटे और बेटियां थीं. सरबन उसकी दूसरी पत्नी से था, जिसके रहमान से तीन और बेटे थे. रहमान की मौत के बाद दूसरी पत्नी ने एक स्थानीय बिल्डर से शादी कर ली थी. इसके बाद सरबन पहले जहानाबाद में अपने पिता के प्रतिद्वंद्वी गिरोह में शामिल हुआ था, लेकिन बाद में रैक्सर लेन चला गया और चाकीवारा में रहने लगा.

उन्होंने कहा कि सरबन ने अन्य गैंगस्टरों के साथ मिलकर इलाके में ड्रग्स के अड्डे स्थापित किए थे. इसके कारण ल्यारी में ड्रग्स का व्यापार कई गुना बढ़ गया था.

यह भी पढ़ें: रहमान डकैत के दोस्त ने खोली पाकिस्तान की सारी पोल! बोला- धुरंधर ने सच दिखा दिया

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com