अमेरिका के मिसौरी के एक एयरपोर्ट के पास स्काईडाइविंग करने वाले विमान के क्रैश होने से उसमें सवार सभी 12 लोगों की मौत हो गई है. न्यूज एजेंसी AP ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि यह दुर्घटना स्थानीय समयानुसार रविवार सुबह करीब 11:30 बजे हुई. यह दुर्घटना कैनसास सिटी से लगभग 65 मील दक्षिण में बटलर मेमोरियल एयरपोर्ट के पास हुआ.
मिसौरी हाईवे पेट्रोल के सार्जेंट जस्टिन इविंग ने AP को बताया कि 911 पर आग की लपटों में घिरे एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलने के बाद MSHP, बटलर पुलिस विभाग और बेट्स काउंटी शेरिफ कार्यालय समेत कई एजेंसियां घटनास्थल पर मौजूद हैं. इविंग ने घटनास्थल को "भयावह" बताया और कहा कि विमान "एयरपोर्ट के पास एक खेत में गिरा. " उन्होंने बताया कि बचाव कर्मियों ने आग बुझा दी है और जांच जारी रहने तक इलाके की सड़कें बंद रहेंगी. मृतकों की पहचान और दुर्घटना के कारण के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल पाई.
एयरपोर्ट के कार्यवाहक मैनेजर और बेट्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी के डायरेक्टर डेनिस जैकब्स ने बताया कि प्राइवेट प्लेन को 'स्काईडाइव कैनसस सिटी' ऑपरेट कर रहा था. जैकब्स ने कहा कि क्रैश होने से ठीक पहले इसने उड़ान भरी थी और बाईं ओर मुड़ा था. मुझे लगता है कि इसकी पावर कम हो रही थी और पायलट इसे हाईवे तक ले जाकर लैंड करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन प्लेन स्टॉल हो गया और उसका अगला हिस्सा नीचे की ओर झुक गया, जिससे उसमें आग लग गई.
खबर पर अपडेट अभी जारी है...
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं