विज्ञापन

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जिन्होंने अपनों को खोया, वे श्रद्धांजलि देने हादसे वाली जगह पहुंच रहे

अहमदाबाद विमान हादसे को एक साल पूरा होने पर पीड़ित परिवार अपनों को याद करने क्रैश वाली जगह पहुंच रहे हैं. इसमें खेड़ा का एक ऐसा बुजुर्ग दंपत्ति भी शामिल था, जो अपने डॉक्टर बेटे से मिलने ब्रिटेन जा रहा था.

अहमदाबाद प्लेन क्रैश में जिन्होंने अपनों को खोया, वे श्रद्धांजलि देने हादसे वाली जगह पहुंच रहे
अहमदाबाद प्लेन क्रैश में पीड़ित परिवार हादसे वाली जगह पहुंच रहे

अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन क्रैश को कल एक साल पूरा होगा. इस दर्दनाक हादसे में दिन परिवारों ने अपनों को खोया, वे प्लेन क्रैश वाली जगह श्रद्धांजलि देने के लिए पहुंच रहे हैं. गुजरात के खेड़ा का एक परिवार आज शाम क्रैश वाली जगह पर पहुंचा.

खेड़ा के प्रमोद भाई और उनकी पत्नी अहमदाबाद प्लेन हादसे वाली जगह पहुंचे. वे बुजुर्ग रजनीकांत चिमनलाल दर्जी और पुष्पाबेन दर्जी के भाई और भाभी हैं, जिनकी प्लेन क्रैश में मौत हो गई थी. रजनीकांतभाई और पुष्पाबेन पहली बार अपने बेटे से मिलने ब्रिटेन जा रहे थे. परिवार ने बताया कि वे पहली बार अहमदाबाद से बाहर जा रहे थे. बुजुर्ग दंपत्ति ने बहुत मुश्किलों से अपने बेटे को पाला-पोसा और उसी कॉलेज से डॉक्टर बनाया.

सफल होने के बाद बेटे ने अपने माता-पिता को ब्रिटेन बुलाया था. लेकिन वे अपने बेटे से मिलने से पहले ही इस भयानक हादसे का शिकार हो गए.

'सरकार के पास जो भी रिपोर्ट हो, उसे जारी करना चाहिए'

अहमदाबाद विमान हादसे की पहली बरसी से पहले, पीड़ितों के परिवार दुख और कई सवालों से जूझ रहे हैं. इनमें अनिल पटेल भी शामिल हैं, जिन्होंने इस त्रासदी में अपने बेटे हर्षित पटेल और बहू पूजा पटेल को खो दिया। उन्होंने सरकार से बिना किसी देरी के जांच से जुड़े किसी भी उपलब्ध निष्कर्ष को जारी करने का आग्रह किया है.

आईएएनएस से ​​बात करते हुए अनिल पटेल ने कहा कि पीड़ित परिवारों को उन हालात के बारे में स्पष्ट जानकारी मिलनी चाहिए, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ. मैं सरकार से गुजारिश करता हूं कि जो भी रिपोर्ट उपलब्ध हो, उसे जल्द से जल्द सार्वजनिक किया जाए. हमें यह जानना है कि यह त्रासदी कैसे हुई. इस दौरान अपने निजी जीवन में हुए भारी नुकसान को याद करते हुए पटेल ने बेटे और बहू की मौत के बाद आए अकेलेपन का जिक्र किया.

उन्होंने कहा कि अब मैं अकेला हूं. हमारा परिवार छोटा था. मेरी बेटी की शादी हो चुकी है और वह अपने ससुराल में रहती है. मेरा बेटा और बहू ही मेरे लिए सब कुछ थे. पटेल ने अपने बेटे के साथ रोज होने वाली बातचीत को याद किया. उन्होंने कहा कि वह मुझे हर रात फोन करता था, चाहे रात के 9, 10 या 11 ही क्यों न बज गए हों, और मुझे बताता था कि उसने दिन भर क्या-क्या किया. मेरी बहू भी मेरा बहुत ख्याल रखती थी. उनके न रहने से एक ऐसी कमी पैदा हो गई है, जिसे कभी नहीं भरा जा सकता.

बता दें कि एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 का हादसा पिछले साल 12 जून को हुआ था, जब लंदन गैटविक जाने वाला विमान उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अहमदाबाद के मेघानीनगर इलाके में एक मेडिकल हॉस्टल कॉम्प्लेक्स से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में लगभग 260 लोगों की जान चली गई थी, जिससे यह हाल के वर्षों की सबसे घातक विमान दुर्घटनाओं में से एक बन गई.

यह भी पढ़ें: पूरी मदद नहीं मिली, हादसे की वजह तक नहीं पता... अहमदाबाद प्लेन क्रैश के पीड़ित परिवारों ने NDTV को सुनाई दास्तां

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ahemdabad Plane Crash, Ahemdabad Plane Crash News, Ahemdabad Plane News, Ahemdabad Plane Update, Ahemdabad Plane Crash Update
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com