जब हम और आप दफ्तर में या काम के वक्त बोर होते हैं, तो अमूमन क्या करते हैं? शायद कागज पर कुछ आड़ी-तिरछी लकीरें खींचने लगते हैं या फिर चुपचाप मोबाइल पर गेम खेलने लगते हैं. लेकिन जरा सोचिए, अगर आसमान में उड़ रहा कोई पायलट बोर हो जाए तो वह क्या करेगा?
यूनाइटेड किंगडम में एक ऐसा ही दिलचस्प मामला सामने आया है. एक पायलट ने अपनी बोरियत मिटाने के लिए करीब 1,100 फीट यानी लगभग 335 मीटर की ऊंचाई पर विमान से आसमान में 'I'm bored' लिख दिया. पायलट का ये करतूत फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट पर भी दर्ज हो गया.
आसमान में अनोखी कलाकारी
यह मजेदार घटना शनिवार की सुबह की है जब 'रेवेनएयर' एयरलाइन का एक 'पाइपर टोमहॉक' विमान टेस्ट फ्लाइट पर था. फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ्लाइटराडार24' ने इस पूरी उड़ान के रूट को कैप्चर किया.
ट्रैकिंग डेटा के मुताबिक, यह विमान उत्तर-पश्चिमी तट पर स्थित इंग्लैंड के लिवरपूल शहर से उड़ा था. करीब दो घंटे के इस सफर में विमान ने पड़ोसी उत्तरी कस्बों, विराल प्रायद्वीप और चेशायर के ऊपर उड़ान भरी और इसके बाद उत्तरी वेल्स की सीमा में दाखिल हुआ.
इसी जगह पर पायलट ने करीब 20 मिनट तक विमान को बेहद सूझबूझ और घुमावदार तरीके से गोल-गोल उड़ाया. इससे आसमान में 'I'm bored' का संदेश लिखा हुआ दिखने लगा.
आखिरकार पायलट को क्यों करनी पड़ी यह उड़ान?
दरअसल, यह कोई आम पैसेंजर फ्लाइट नहीं थी जिसमें यात्री सफर कर रहे हों. रेवेनएयर एयरलाइन के ऑपरेशन्स मैनेजर वेन बैरेट ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि विमान के इंजन का सिलेंडर हाल ही में बदला गया था.
पार्ट बदलने के बाद यह परखना बेहद जरूरी था कि विमान आगे की उड़ानों के लिए पूरी तरह सुरक्षित है या नहीं. इसी सिलसिले में एक फ्लाइंग इंस्ट्रक्टर इस टेस्ट फ्लाइट को लेकर आसमान में गए थे ताकि विमान की सुरक्षा की जांच की जा सके.
पहले भी आसमान में लिखे जा चुके हैं ऐसे संदेश
यह पहली बार नहीं है जब किसी पायलट ने आसमान के रास्ते का इस्तेमाल कर कोई अनोखा संदेश दुनिया को दिया हो. इससे पहले साल 2020 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब पूरी दुनिया कोरोना वायरस महामारी की चपेट में थी और हर तरफ लॉकडाउन लग रहे थे.
उस वक्त ऑस्ट्रिया के एक पायलट ने लोगों को जागरूक करने का एक अनोखा तरीका चुना था. उस पायलट ने ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना के ठीक दक्षिण में केवल 24 मिनट की उड़ान के दौरान आसमान में 'Stay Home' यानी घर पर रहें का संदेश उकेरा था.
यह भी पढ़ें: Video: पीएम मोदी ने स्लोवाक नेता को गिफ्ट किया ठेकुआ, चखते ही बोले- ये तो लाजवाब है
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं