विज्ञापन

हमारा सिस्टम फेल... पाकिस्तान के गृह मंत्री का बड़ा बयान, बोले-अब बस एक ही रास्ता बचा

मोहसिन नकवी ने बातें बहुत सच्चाई से तो कह दी हैं, लेकिन सिचुएशन ये है कि पाकिस्तान कई गुटों में बंटा हुआ है. इमरान खान को सेना की शह पर कैद किया गया है. पीपीपी और पीएमएलएन मिलकर सरकार चला रहे हैं, मगर पीओके चुनाव में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं.

हमारा सिस्टम फेल... पाकिस्तान के गृह मंत्री का बड़ा बयान, बोले-अब बस एक ही रास्ता बचा
एशिया कप में भारत की जीत के बाद भी कप लेकर चले जाने के कारण मोहसिन नकवी चर्चा में रहे थे.
  • नकवी ने नए प्रांत बनाने और सभी राजनीतिक दलों को मिलकर देश के हर मुद्दे को सुलझाने का सुझाव दिया है
  • कराची को सिंध से अलग प्रांत बनाने की मांग एमक्यूएम-पी कर रही है, जबकि पीपीपी इस प्रस्ताव का विरोध कर रही है
  • नकवी ने पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति को नकारात्मक बजट और बढ़ते कर्ज के कारण गंभीर बताया है

पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी (Pakinstan Interior Minister Mohsin Naqvi) ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्वीकार किया है कि पाकिस्तान में सिस्टम पूरी तरह फेल हो गया है और अब उसे बचाने के लिए एक ही रास्ता बचा है. हालांकि, उन्होंने जो रास्ता बताया है वो पाकिस्तान में किसी कीमत पर संभव नहीं दिख रहा.

नये प्रांत बनाने का ऑफर

इस्लामाबाद में हो रहे पाकिस्तान इकोनॉमिक समिट 2026 को संबोधित करते हुए नकवी ने कहा कि देश की कुल हालत को बेहतर बनाने का सिर्फ एक ही समाधान है. आपको प्रशासनिक इकाइयों, प्रांतों या आप इसे जो भी कहें, इस मामले को जनता के सामने ले जाना होगा. गृह मंत्री ने तर्क दिया, “सभी राजनीतिक दलों को एक ही कमरे में साथ बैठना चाहिए, चाहे एक दिन के लिए, एक महीने के लिए या एक साल के लिए. उन्हें अपने देश के हर मुद्दे को सुलझाना होगा, जिसमें नए यूनिट और प्रांत भी शामिल हैं. जब तक वे ऐसा नहीं करते, जब तक वे साथ बैठकर इसे नहीं बदलते, तब तक यह देश इसी हालत में रहेगा, चाहे आप कितने भी सेमिनार और कार्यक्रम क्यों न आयोजित कर लें.”

पर क्या सभी दल आएंगे साथ

पाकिस्तान के अलग-अलग राज्यों में बढ़ती हिंसा और अलगाव को देखते हुए अब विभिन्न राजनीतिक दलों ने बेहतर शासन के लिए अधिक प्रांतों या प्रशासनिक इकाइयों के गठन की मांग कर रहे हैं. नवाज शरीफ की पीएमएल-एन के नेतृत्व वाले सत्तारूढ़ गठबंधन की सहयोगी मुत्तहिदा कौमी मूवमेंट-पाकिस्तान (एमक्यूएम-पी) कराची को सिंध से अलग प्रांत घोषित करने की मांग कर रही है. हालांकि, सिंध में सत्तारूढ़ और केंद्र में पीएमएल-एन सरकार की सहयोगी आसिफ अली जरदारी वाली पीपीपी ने इस प्रस्तावित कदम का कड़ा विरोध किया है. दूसरी ओर, पीपीपी और इमरान खान की पार्टी पीटीआई लंबे समय से दक्षिण पंजाब प्रांत के गठन की वकालत कर रही हैं. इन सबकी कोशिश है कि किसी तरह अपने खिलाफ बगावत को शांत किया जाए, मगर फिर भी सभी का साथ आना बहुत मुश्किल है.

बताई पाकिस्तान की माली हालत

अपनी स्पीच की शुरुआत में नकवी ने कहा, "आप सहमत हों या न हों, जिस सिस्टम में हम रह रहे हैं, वह फेल हो चुका है." उन्होंने कहा कि अगर यही सिस्टम बना रहा, तो देश के हालात में कोई बदलाव नहीं आएगा. मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि आम नागरिक अपनी जरूरत की चीजें खरीद पाना और सरकार से बातचीत कर पाना चाहते हैं, जो उन्हें नहीं मिल पा रहा है. उन्होंने आगे कहा, "इस फेडरल सरकार की हालत ऐसी है कि हम नेगेटिव बजट बनाते हैं और इस बात पर चर्चा करते हैं कि इस साल हमें कितना कर्ज लेना है. हम और कर्ज लेंगे, लेकिन चीजों को ठीक नहीं करेंगे." मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान की डिप्लोमैटिक कोशिशें, जिनकी दुनिया भर में तारीफ भी हुई, असल में सिर्फ आग बुझाने जैसा काम थीं. उन्होंने कहा, "जब तक आप लोकतंत्र की भावना का पालन करते हुए इस देश की बुनियादी चीजों को ठीक नहीं करते, तब तक हालात ऐसे ही रहेंगे." उन्होंने आगे कहा कि युवाओं को स्टाइपेंड और टैबलेट देने से वे खुश नहीं होंगे, क्योंकि युवा मेरिट-बेस्ड नौकरी के मौके और एक सुधरा हुआ सिस्टम चाहते हैं. 

फिर भारत में हाल ही में हुए छात्र विरोध-प्रदर्शनों के बाद 'जेन-जी' (Gen-Z) के लिए अक्सर इस्तेमाल किए जाने वाले शब्द का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "अगर ये 'कॉकरोच' एकजुट हो जाएं, तो वे सब कुछ उलट-पुलट कर सकते हैं." आपको बता दें कि  भारत के सोशल मीडिया ट्रेंड की तर्ज पर पाकिस्तान में भी 'कॉकरोच पार्टी पाकिस्तान' (CPP) नाम से एक ऑनलाइन राजनीतिक मंच और युवा आंदोलन सामने आया है. हालांकि यह पारंपरिक पंजीकृत राजनीतिक दल नहीं है, लेकिन सोशल मीडिया पर इसके लाखों फॉलोअर्स जुड़ चुके हैं.

बारूद के ढेर पर पाकिस्तान

मोहसिन नकवी ने बातें बहुत सच्चाई से तो कह दी हैं, लेकिन सिचुएशन ये है कि पाकिस्तान कई गुटों में बंटा हुआ है. इमरान खान को सेना की शह पर कैद किया गया है. पीपीपी और पीएमएलएन मिलकर सरकार चला रहे हैं, मगर पीओके चुनाव में एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. बिलावल भुट्ठो ने तो यहां तक कह दिया कि अगर पीओके का चुनाव चुराया गया तो वो हाथ से निकल जाएगा. एक महीने से भी अधिक समय से आजादी की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शनों के बीच रविवार को पीओके में चुनाव होने हैं और आज मुजफ्फराबाद में फायरिंग की सूचना है. फील्ड मार्शल बन चुके असीम मुनीर ताकत के दम पर देश को चला रहे हैं. उन्हें लग रहा है कि बंदूक की नोक पर वो सारी बगावत को समाप्त कर देंगे. साथ ही चीन, अमेरिका और सऊदी से अपने संबंधों के बूते पाकिस्तान की राजनीति को अपने हिसाब से चलाएंगे, मगर पीओके से लेकर बलूचिस्तान और सिंध तक जो आग लगी हुई है, वो अब अपने अंजाम पर पहुंचने के लिए तैयार हो चुकी है.

यह भी पढ़ें-

आज और कल की रात ईरान पर भारी, अमेरिका ने नागरिकों को मिडिल ईस्ट छोड़ने का दिया निर्देश

अमेरिका ने 50 देशों के लिए वीजा बॉन्ड प्रोग्राम को परमानेंट किया, क्या भारत इस लिस्ट में है?

सुरंग बनाकर अमेरिका करेगा हमला...चीन के एक्सपर्ट्स की ये चेतावनी भविष्य के युद्धों की डरावनी कहानी

खाली प्लॉट की कराओ सफाई नहीं तो चली जाएगी प्रॉपर्टी, सीएम ने दी चेतावनी

'सिटी ऑफ विडोज': तालिबान के सत्ता में लौटने के बाद अफगान महिलाओं की जिंदगी पर लिखी किताब में क्या

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan Home Minister, Mohsin Naqvi, Pak Occupied Kashmir, PoK Election Violence
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com