- पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और जैश ए मोहम्मद की नई रणनीति सामेन आई है.
- आतंकवादी सोशल मीडिया के जरिए भारतीय महिलाओं को प्रेम जाल में फंसा रहे हैं.
- जयपुर, श्रीगंगानगर, कोटा, हरियाणा और विजयवाड़ा में इस तरह के पांच बड़े मामले सामने आए हैं.
राजस्थान के श्रीगंगानगर में 3 नवंबर को रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट हुआ था. इस घटना में पाकिस्तान का कनेक्शन सामने आया. लेकिन इससे भी बड़ा एक खुलासा हुआ है, जो हैरान करने वाला है. क्योंकि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और जैश ए मोहम्मद ने भारत के खिलाफ साजिश का नया तरीका अपनाया है? अब आतंकियों के निशाने पर सिर्फ युवा लड़के ही नहीं, बल्कि महिलाएं और लड़कियां भी हैं. जहां आतंकी पहले पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती, फिर प्यार भरी बातें, शादी के सपने, विदेश में बसाने का झांसा और फिर बैंक खाते में पैसा. इसी 'लव ट्रैप' के जरिए पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर भारतीय महिलाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ रहे हैं. इसे रिवर्स हनीट्रैप भी कहा जा रहा है. क्योंकि आम तौर पर महिलाएं हनीट्रैप में पुरुषों को फंसाती हैं, लेकिन यहां पुरुष महिला को हनीट्रैप में फंसा रहे हैं.
राजस्थान के श्रीगंगानगर ब्लास्ट में मिला यही पैटर्न
राजस्थान के जयपुर और श्रीगंगानगर में सामने आए दो मामलों ने इस साजिश की गंभीरता को उजागर कर दिया है. लेकिन कहानी सिर्फ राजस्थान तक सीमित नहीं है. आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में महिला विंग तैयार करने की साजिश, हरियाणा में पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में रही यूट्यूबर की गिरफ्तारी और कोटा में सोशल मीडिया के जरिए लड़कियों को जोड़ने के आरोपों ने एक बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है.
सोशल मीडिया, इंस्टाग्राम, फेसबुक टेलीग्राम और व्हाट्सऐप यही वो प्लेटफॉर्म हैं, जहां से पाकिस्तान में बैठे आतंकी हैंडलर भारतीय महिलाओं तक पहुंच रहे हैं. पहले दोस्ती, फिर प्यार और भरोसा. किसी को शादी का सपना दिखाया जाता है, किसी को विदेश में बसाने का भरोसा दिया जाता है. धीरे-धीरे भावनात्मक रूप से जोड़कर उनसे संवेदनशील जानकारियां जुटाने और आतंकी गतिविधियों में मदद लेने की कोशिश की जाती है. राजस्थान में सामने आए दो मामलों के बाद अब सुरक्षा एजेंसियां इस मॉडस ऑपरेंडी की गंभीरता से जांच कर रही हैं.
गुरुदासपुर की महकदीप कौर का मामला
श्रीगंगानगर रेलवे ट्रेक ब्लास्ट मामले में पंजाब के गुरुदासपुर से 21 साल की महकदीप कौर को गिरफ्तार किया है, उसके साथी दविंदर सिंह को गिरफ्तार किया. जांच के मुताबिक महकदीप पाकिस्तान में बैठे 'शाह' और 'चाचा' नाम के हैंडलर्स के संपर्क में थी. आरोप है कि आईएसआई से जुड़े हैंडलर ने पहले महकदीप को अपने विश्वास में लिया और रोमांटिक बातचीत की थी. आर्थिक मदद का लालच दिया और फिर रेलवे ट्रैक पर धमाका करवाया. पुलिस के मुताबिक आरोपियों को कुल करीब 2.23 लाख रुपये दिए गए थे. आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल 46 कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद हुए. जांच में 6 अक्टूबर और 12-13 अक्टूबर को भी रेलवे ट्रैक पर धमाके की नाकाम कोशिशों का खुलासा हुआ. महकदीप का पति ड्रग तस्करी के मामले में जेल में है और दोनों अलग रह रहे थे. यानी पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स ने एक ऐसी महिला को अपने जाल में फंसाया, जो पारिवारिक परिस्थितियों के चलते अकेली रह रही थी.
ये वीडियो भी देखिए
जयपुर की बाबिता धाकड़
जयपुर की बाबिता धाकड़ मामले में भी कुछ ऐसा ही सामने आया है. जून 2026 में राजस्थान ATS ने बाबिता धाकड़ को गिरफ्तार किया था. बाबिता पर पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े लोगों के संपर्क में रहने का आरोप है. जांच एजेंसियों के मुताबिक बाबिता सोशल मीडिया के जरिए विदेशी हैंडलर्स के संपर्क में आई थी. उसके ऑनलाइन संपर्कों और गतिविधियों की पड़ताल की गई. आरोप है कि उसने ऑनलाइन इस्लाम कबूल करने के बाद 'खदीजा' नाम अपना लिया था. जांच में सामने आया कि वह पाकिस्तान जाने और जैश से जुड़े लोगों से मिलने की योजना भी बना रही थी. एटीएस इस बात की जांच कर रही थी कि उसे किस तरह अपने प्रभाव में लिया गया और क्या उसे आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल करने की तैयारी थी. बाबिता भी अपने पति से अलग रह रही थी, श्रीगंगानगर और जयपुर के इन दोनों मामलों में एक समानता सामने आई पाकिस्तानी हैंडलर्स के साथ कथित भावनात्मक संपर्क.
विजयवाड़ा में महिला विंग तैयार करने की साजिश
राजस्थान और पंजाब से कही दूर दक्षिण भारत में ऐसे मामले मिले हैं. जिसमें आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा का मामला सबसे ज्यादा चर्चा में है. मार्च 2026 में पुलिस ने एक संदिग्ध आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ कार्रवाई की थी. इसमें हैदराबाद की 38 साल की सईदा बेगम को गिरफ्तार किया गया था. पुलिस की जांच के मुताबिक सईदा बेगम पाकिस्तान में बैठे एक हैंडलर के संपर्क में थी. उस पर सोशल मीडिया ग्रुप बनाकर युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा की तरफ आकर्षित करने का आरोप लगा. जांच में एक और गंभीर बात सामने आई, पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स ने महिलाओं की अलग विंग बनाने की योजना तैयार की थी, जिसे 'खवातीन' नाम दिया गया था. जांच एजेंसियों के मुताबिक इस महिला विंग की जिम्मेदारी सईदा बेगम को देने की योजना थी. इस नेटवर्क में युवाओं को जोड़ने और उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की साजिश की जांच हुई. इस मामले में कुल 12 आरोपियों के नाम सामने आए.
आईएसआई के संपर्क में थी हरियाणा की ज्योति मल्होत्रा
अब बात हरियाणा के हिसार की रहने वाली ज्योति मल्होत्रा की. ज्योति एक ट्रैवल व्लॉगर और यूट्यूबर थी. पाकिस्तान की यात्राओं के दौरान उसके संपर्क पाकिस्तानी लोगों से बने. 16 मई 2025 को उसे पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. जांच एजेंसियों के मुताबिक वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में थी. उस पर संवेदनशील सूचनाएं पाकिस्तानी एजेंटों तक पहुंचाने का आरोप लगा. हरियाणा पुलिस ने अगस्त 2025 में उसके खिलाफ करीब 2500 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की. यह मामला सीधे महिला स्लीपर सेल या लव ट्रैप का मामला नहीं है, लेकिन पाकिस्तान के हैंडलर्स द्वारा भारतीय महिलाओं को अपने संपर्क में लाने और जासूसी के लिए इस्तेमाल करने का एक महत्वपूर्ण उदाहरण है.
कोटा का टेलीग्राम नेटवर्क
राजस्थान के कोटा से भी एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. जून 2026 में कोटा पुलिस ने विज्ञान नगर इलाके से मनीष शर्मा उर्फ मोइन खान को गिरफ्तार किया था. शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी टेलीग्राम, स्नैपचैट और डिस्कॉर्ड जैसे प्लेटफॉर्म के जरिए हिंदू लड़कियों और महिलाओं को निशाना बनाने वाले ऑनलाइन ग्रुपों से जुड़ा था. 'इंटर लव जोन' नाम के टेलीग्राम ग्रुप का भी जिक्र सामने आया. जिसमें शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि लड़कियों को पहले दोस्ती और प्रेम संबंधों के जरिए जोड़ा जाता था और फिर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए प्रभावित करने तथा आपत्तिजनक वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने की कोशिश होती थी. इस मामले में पाकिस्तान कनेक्शन होने का दावा भी किया गया. आरोपी के मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की तकनीकी जांच की जा रही थी.
पांचों मामलों में एक पैटर्न
जयपुर, श्रीगंगानगर, कोटा, विजयवाड़ा और हरियाणा. पांच अलग-अलग मामले सामने आए. कहीं महिला के जरिए रेलवे ट्रैक पर धमाका करवाने का आरोप है, कहीं जैश के हैंडलर से संपर्क का मामला है. कहीं महिलाओं की अलग विंग तैयार करने की कथित साजिश सामने आई, तो कहीं पाकिस्तानी एजेंटों तक सूचनाएं पहुंचाने का आरोप है. खास बात यह है कि इन सभी घटनाओं में पाकिस्तानी अलग-अलग आतंकी संगठनों का हाथ बताया जा रहा है. लेकिन पैटर्न सभी का एक था. इससे एक सवाल जरूर खड़ा होता है, क्या सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल भारत में लोगों को भावनात्मक रूप से जोड़कर कट्टरपंथी गतिविधियों और जासूसी के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश हो रही है? आतंकवाद का चेहरा बदल रहा है या आतंकियों की रणनीति? अब हथियारों और बारूद से पहले सोशल मीडिया पर दोस्ती की जा रही है. प्यार और शादी के सपने दिखाए जा रहे हैं, पैसों का लालच दिया जा रहा है और फिर इसी भरोसे का इस्तेमाल देश के खिलाफ साजिश में करने की कोशिश हो रही है.
ये भी पढ़ेंः हनीट्रैप में महक, कैसे गई बहक; पाकिस्तान के मूसा और शाह ने रोमांटिक बातों से कैसे बना दिया 'आतंकी'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं