- पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI 27 सितंबर को इस्लामाबाद तक मार्च निकालने वाली है
- पाकिस्तान सरकार और सेना इस मार्च को रोकने के लिए अस्पतालों को इमरजेंसी तैयारियों के निर्देश दे चुकी है
- इमरान खान की तीन बहनों को हिरासत में लिया गया है, जबकि कई PTI कार्यकर्ता और नेता भी गिरफ्तार हैं
पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी PTI इस्लामाबाद तक 27 सितंबर को मार्च निकालने वाली है. इस विरोध प्रदर्शन के पहले पूरे पाकिस्तान में तनाव है. पाकिस्तान की सरकार और सेना की कोशिश है कि इस मार्च को किसी तरह दबा दिया जाए. इमरान खान की तीन बहनों को लाहौर में हिरासत में लिया गया है. खैबर पख्तूनख्वा (KP) में PTI की सरकार में एक मंत्री की किडनैप हो गई है. एक और कैबिनेट मंत्री पर फायरिंग की गई है. इन सबके बीच इस्लामाबाद के अस्पतालों को भी निर्देश दे दिया गया है कि विरोध प्रदर्शन के दौरान “बड़ी संख्या में लोगों के घायल होने की स्थिति” के लिए तैयार रहना है. यानी सरकार और सेना दमन करने को पूरी तरह तैयार दिख रही है.
अस्पतालों से क्या कहा गया?
पाकिस्तान सरकार के अधिकारियों ने इस्लामाबाद के अस्पतालों को भी निर्देश दिए हैं. उनसे कहा गया है कि 27 सितंबर के मार्च के दौरान अगर बड़ी संख्या में लोग घायल होते हैं, उनकी मौत होती है, तो उसके लिए तैयार रहें. ड्रॉप साइट न्यूज के मुताबिक, अस्पतालों को बेड खाली करने और इमरजेंसी की स्थिति के लिए सर्जरी विभाग तैयार रखने को कहा गया है.
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने इस न्यूज वेबसाइट को बताया कि सोमवार को जिन कुछ मरीजों की सर्जरी होनी थी, उन्हें बताया गया कि उनकी सर्जरी टाल दी जाएगी. कथित तौर पर आदेश में कहा गया है कि सभी ऐसी सर्जरी, जो तुरंत जरूरी नहीं हैं, उन्हें अगले आदेश तक टाल दिया जाए.
पिछले कुछ दिनों में पीटीआई के कई दूसरे कार्यकर्ताओं और नेताओं को भी हिरासत में लिए जाने की खबर है. पीटीआई के चेयरमैन बैरिस्टर गोहर अली खान ने दावा किया है कि इस सप्ताह पार्टी के करीब 1,500 कार्यकर्ताओं, 5 सांसदों और एक मंत्री को हिरासत में लिया गया है. पार्टी ने कहा है कि वह तय कार्यक्रम के मुताबिक मार्च निकालेगी.
खूंखार होगी पाकिस्तान सरकार?
इस्लामाबाद में हो रही तैयारियों को लेकर पीटीआई के अंदर चिंता बढ़ गई है कि अगर 27 सितंबर को बड़ी संख्या में लोग जमा होते हैं, तो अधिकारी किस तरह की कार्रवाई कर सकते हैं. पीटीआई पहले भी आरोप लगा चुकी है कि प्रदर्शनों के दौरान सरकार ने उसके समर्थकों के खिलाफ जरूरत से ज्यादा बल का इस्तेमाल किया.
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं. उनकी पार्टी कई बार उनकी सेहत और उन्हें इलाज और परिवार से मिलने की सुविधा मिलने को लेकर चिंता जता चुकी है. अगस्त में पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया था कि इमरान खान को इलाज मिले. वहीं, उनकी पार्टी ने अधिकारियों पर कोर्ट के निर्देशों का पूरी तरह पालन नहीं करने का आरोप लगाया था. इमरान खान के निजी डॉक्टर डॉ. फैसल सुल्तान को कथित तौर पर कई हफ्तों से उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई है.
यह भी पढ़ें: एक मंत्री का अपहरण, दूसरे पर फायरिंग- पाकिस्तान में कोहराम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं