विज्ञापन

12वीं तक पढ़ाई, कपड़ा कारोबारी का बेटा, अब मुंबई के जुहू में खरीद लिया 711 करोड़ का 7 मंजिला टावर

Angel One के फाउंडर दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू में करीब 711 करोड़ रुपये में पूरे रेजिडेंशियल टावर की डील पक्‍की की है. इस टावर में क्‍या-क्‍या होगा, जानिए डिटेल में

12वीं तक पढ़ाई, कपड़ा कारोबारी का बेटा, अब मुंबई के जुहू में खरीद लिया 711 करोड़ का 7 मंजिला टावर
711 करोड़ का पूरा टावर ही खरीद लिया दिनेश ठक्‍कर ने
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर)

711 Crore Real Estate Deal: मुंबई के मुलुंड में एक कपड़ा कारोबारी परिवार में जन्‍म, पढ़ाई महज 12वीं तक की और फिर बिना ऊंची डिग्री के अपना कारोबार खड़ा करने की जिद ठान ली. 1990 में शेयर मार्केट ब्रोकरेज में कदम रखा और 6 साल के भीतर फिनटेक कंपनी 'एंजेल ब्रोकिग' को स्‍थापित कर दिया. हम Angel One के फाउंडर दिनेश ठक्कर की ही बात कर रहे हैं. जीवन का एक लंबा वक्‍त किराये के मकान में गुजारने वाले ठक्‍कर, मुंबई के जुहू में 711 करोड़ की प्रॉपर्टी की ताजा डील के बाद चर्चा में हैं.  

जी हां... सही पढ़ा आपने. एंजेल वन फाउंडर, चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर दिनेश ठक्कर ने मुंबई के जुहू में करीब 711 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी खरीदने को लेकर समझौता किया है. ठक्कर ने यहां कोई एक-दो फ्लैट नहीं, बल्कि पूरा का पूरा रेजिडेंशियल टावर ही खरीदने का फैसला किया है. इसे देश में किसी एक रेजिडेंशियल यूनिट की सबसे बड़ी डील बताया जा रहा है.

रियल एस्‍टेट कंपनी एंबेसी डेवलपमेंट्स (Embassy Developments Limited) ने बताया कि कंपनी ने दिनेश ठक्कर के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) साइन किया है. इसके तहत जुहू में Embassy Terrazza प्रोजेक्ट का एक पूरा टावर ठक्कर को बेचा जाएगा.

आप सोच रहेंगे कि इस टावर में आखिर ऐसा क्‍या है कि 711 करोड़ रुपये की डील हो गई... मन में कौतूहल होना स्‍वाभाविक है. तो आइए जानते हैं इस बारे में डिटेल में. 

63,000 वर्ग फीट का पूरा टावर

ये टावर ग्राउंड फ्लोर के अलावा 7 मंजिल का है. इसमें करीब 63,000 वर्ग फुट कारपेट एरिया है. इस हिसाब से प्रॉपर्टी की कीमत करीब 1.13 लाख रुपये प्रति वर्ग फुट बैठती है.

Embassy Terrazza जुहू तारा रोड पर स्थित अल्ट्रा-लग्जरी रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट है. जुहू मुंबई के प्रमुख और महंगे रिहायशी इलाकों में शामिल है.

प्रोजेक्ट में करीब 50 लग्जरी घर

Embassy Terrazza दो एकड़ से ज्यादा जमीन में फैला है. यहां करीब 50 लग्जरी रेजिडेंस बनाए जाने की योजना है. कंपनी के मुताबिक प्रोजेक्ट की अनुमानित ग्रॉस डेवलपमेंट वैल्यू यानी GDV 3,000 करोड़ रुपये से ज्यादा है.

प्रोजेक्ट को कम डेंसिटी यानी 'ज्‍यादा एरिया में कम लोग' वाले डिजाइन के साथ तैयार किया जा रहा है. कंपनी के मुताबिक इसके पांच टावरों में हर मंजिल पर सिर्फ एक रेजिडेंस होगा. यहां बड़े आकार के घरों के साथ इनडोर गार्डन और वेलनेस व लाइफस्टाइल सुविधाएं भी होंगी. साथ ही घरों से समुद्र और मुंबई शहर के नजारे मिलेंगे.

पूरा टावर ही खरीद लिया 

दिनेश ठक्कर ने इस प्रॉपर्टी को खरीदने के पीछे प्राइवेसी, ज्यादा जगह और समुद्र के नजारे को प्रमुख वजह बताया है. उन्होंने अपने नए घर का नाम ‘Angelus' रखा है.

इस डील की खास बात यही है कि ठक्कर ने सिर्फ एक अपार्टमेंट नहीं खरीदा है. समझौते के तहत पूरा आठ-स्तरीय टावर और करीब 63,000 वर्ग फुट RERA कारपेट एरिया खरीदा जा रहा है. आमतौर पर लग्जरी घरों की डील एक अपार्टमेंट या प्रति वर्ग फुट कीमत के आधार पर होती है, लेकिन पूरा टावर खरीदने की वजह से ये डील अलग है.

इंस्‍पायरिंग है दिनेश ठक्‍कर की कहानी 

दिग्गज फिनटेक कंपनी एंजेल वन (Angel One) के संस्थापक, चेयरमैन और प्रबंध निदेशक (MD) दिनेश ठक्कर को उद्योग जगत में 'डीटी' (DT) के नाम से भी जाना जाता है. बिना किसी ऊंची फॉर्मल डिग्री के वो देश के सबसे बड़े डिजिटल स्टॉक-ब्रोकिंग प्लेटफॉर्म्स में से एक को खड़ा करने के लिए वे कॉर्पोरेट जगत में एक मिसाल माने जाते हैं. 

मुंबई के मुलुंड में एक कपड़ा कारोबारी परिवार में जन्‍मे ठक्‍कर ने ठाणे के सेंट जॉन द बैप्टिस्ट हाई स्कूल से स्कूली पढ़ाई की और फिर मुंबई के किशिनचंद चेलाराम (KC) कॉलेज से 12वीं पास किया. इसके बाद उन्‍होंने पारंपरिक उच्च शिक्षा न लेने का एक बड़ा फैसला किया. 

एक इंटरव्यू में उन्‍होंने बताया था कि पढ़ाई छोड़ना उनके जीवन का सबसे बड़ा जोखिम था, लेकिन उन्हें भरोसा था कि वे बिना डिग्री के भी अपना बिजनेस खड़ा कर सकते हैं. उन्होंने ये साबित भी कर दिखाया. 

उन्होंने साल 1996 में एंजेल ब्रोकिंग (Angel Broking) की स्थापना की. उन्‍हें देश के ब्रोकिंग सेक्टर में 'डिजिटल क्रांति का जनक' भी कहा जाता है.  टेक्नोलॉजी की ताकत को समय से पहचान लेने वाले दिनेश ठक्‍कर ने साल 2019 में अपनी कंपनी को पूरी तरह से 'डिजिटल-फर्स्ट' फाइनेंशियल सर्विसेज में बदल दिया और बाद में इसका नाम बदलकर Angel One कर दिया. आज एंजेल वन 27 हजार करोड़ से ज्‍यादा मार्केट कैप वाली कंपनी बन चुकी है. 

ये भी पढ़ें: LPG संकट के बीच भारत को समंदर में मिला बड़ा गैस भंडार, ONGC का 'समुद्र-मंथन', जानिए कहां मिली कामयाबी 

मौजूदा प्रॉपर्टी डील ऐसे समय हुई है, जब Embassy Developments मुंबई और आसपास के इलाकों में अपने लग्जरी रेजिडेंशियल कारोबार का विस्तार कर रही है. कंपनी की मुंबई क्षेत्र में Embassy Citadel, Embassy Serenity, Embassy Park और Embassy One जैसी परियोजनाएं हैं. ठक्कर की करीब 711 करोड़ रुपये की ये खरीद मुंबई के लग्जरी रियल एस्टेट बाजार में बड़े सौदों में शामिल हो गई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Real Estate Deal, Luxury Property Deals, Luxury Property Trends, Angel One Ltd, Dinesh Thakkar
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com