विज्ञापन

पाकिस्तान में फिर हॉरर किलिंग, शादी के 3 हफ्ते बाद 18 साल की लड़की को मायका बुलाया, भाई ने गोली मारकर ली जान

जुलाई में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ऊपरी कोहिस्तान के जलकोट इलाके में भी हॉरर किलिंग का मामला सामने आया था. उससे पहले मई में कराची के अंदर अपनी पसंद से शादी करने वाले एक युवा कपल की गोली मारकर हत्या कर दी थी.

पाकिस्तान में फिर हॉरर किलिंग, शादी के 3 हफ्ते बाद 18 साल की लड़की को मायका बुलाया, भाई ने गोली मारकर ली जान
पाकिस्तान में फिर हॉरर किलिंग (क्राइम सीन की प्रतिकात्मक फोटो)
  • पाकिस्तान के कराची के ओरांगी टाउन में 18 साल की युवती, जरका बीबी को उसके भाई सफीर खान ने हत्या कर दी
  • जरका ने अपनी पसंद से शादी की थी, परिवार ने उसे वापस बुलाकर हत्या की योजना बनाई थी
  • जुलाई में खैबर पख्तूनख्वा के जलकोट में भी एक महिला और पुलिसकर्मी की परिवार ने हत्या कर दी थी

पाकिस्तान में एक बार फिर हॉरर किलिंग का मामला सामने आया है. स्थानीय मीडिया के मुताबिक, कराची के ओरांगी टाउन में हाल ही में शादी करने वाली 18 साल की एक युवती की उसके भाई ने ही हत्या कर दी है. पुलिस ने बताया कि मृत महिला की पहचान जरका बीबी के रूप में हुई है. जरका ने करीब तीन हफ्ते पहले अपनी पसंद से शादी की थी और अपने पति के साथ रहने लगी थी. पाकिस्तान के अखबार डॉन के मुताबिक, परिवार को उसके बारे में पता चला. परिवार ने उसे वापस घर आने के लिए गुमराह किया और कहा कि शादी की रस्म भी पूरी करनी है.

पुलिस के अनुसार जरका रविवार रात अपने माता-पिता के घर वापस आई थी. यहीं उसके भाई ने कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी और वहां से फरार हो गया. मृत युवती के शव को कानूनी और मेडिकल जांच के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया. पुलिस ने बताया कि आरोपी की पहचान सफीर खान के रूप में हुई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है.

जुलाई में भी आया था ऐसा मामला

जुलाई में पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के ऊपरी कोहिस्तान के जलकोट इलाके में भी हॉरर किलिंग का मामला सामने आया था. यहां एक पुलिसकर्मी और 22 साल की एक महिला की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. तब ऊपरी कोहिस्तान के डीपीओ ताहिर इकबाल खान ने पत्रकारों को बताया था कि आरोपी परिवार को जब महिला और पुलिसकर्मी के बीच रिश्ते के बारे में पता चला, तो परिवार ने पहले महिला की हत्या की और उसके बाद पुलिसकर्मी को भी मार दिया. डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, ताहिर इकबाल खान ने बताया कि पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीमें भेजी गई हैं.

मई में शादीशुदा जोड़े की हत्या

मई में भी पाकिस्तान के कराची के मलिर इलाके में अपनी पसंद से शादी करने वाले एक युवा कपल की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी. पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक, 25 मई को अज्ञात हमलावरों ने एक गाड़ी पर गोलीबारी की, जिसमें नादिया (20 साल) और नजीबुल्लाह (25 साल) की मौत हो गई. पुलिस ने इसे भी हॉरर किलिंग का मामला माना था.

अधिकारियों के मुताबिक, कपल की अपनी पसंद से शादी करने के बाद नादिया के पिता असलम ने 19 मई को थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने इस मामले में नजीबुल्लाह के पिता को गिरफ्तार किया था. 25 मई को यह कपल मलिर की एक अदालत में पहुंचा और अपना शादी का सर्टिफिकेट पेश किया. डॉक्यूमेंट जमा होने के बाद मामला खत्म कर दिया गया और नजीबुल्लाह के पिता को रिहा कर दिया गया. पुलिस के मुताबिक, अदालत की कार्रवाई के बाद यह कपल सौदाबाद स्थित नादरा कार्यालय जा रहा था. इसी दौरान उनकी गाड़ी पर हमला हुआ. अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी में ड्राइवर समेत दो अन्य लोग भी थे, जो हमले के दौरान भागने में सफल रहे.

यह भी पढ़ें: एक मंत्री का अपहरण, दूसरे पर फायरिंग- पाकिस्तान में कोहराम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Pakistan, Pakistan Crime, Pakistan Honor Killing
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com