पाकिस्तान अब गधों के दम पर पर अपना खाली खजाना भरने की तैयारी में है. पाक चीन को गधे के मांस और उससे संबंधित उत्पादों का निर्यात करने वाला है. क्योंकि चीन में भी पहले से ही पाकिस्तानी गधों के मांस से बने उत्पादों की डिमांड रही है. पोषण एवं औषधीय गुणों से भरपूर होने की वजह से इसकी मांग चायना में ज्यादा रहती है. ऐसे में अब पाकिस्तान सप्लाई को और बढ़ाने वाला है.
पाकिस्तान के वित्तमंत्री ने दी जानकारी
पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब ने गुरुवार को पाकिस्तान आर्थिक समीक्षा 2025-26 के तहत प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि पाकिस्तान गधे के मांस और उससे जुड़े अन्य उत्पादों के निर्यात को चीन में बढ़ाने की दिशा में काम कर रहा है. क्योंकि चीन में गधे का मांस, खाल और संबंधित उत्पादों का बड़ा बाजार है. चीन में बढ़ती मांग की वजह से इसमें भविष्य के लिए बहुत संभावनाएं हैं. चीन में गधे का मांस, दूध और एजियाओ (जिलेटिन) को उनके पोषण तथा औषधीय गुणों के लिए महत्व दिया जाता है.'
पाक-चीन में हुए हस्ताक्षर
जानकारी के मुताबिक इस व्यापार को समर्थन देने के लिए पाकिस्तान सरकार ने चीन के साथ स्वच्छता संबंधी दिशा-निर्देशों पर हस्ताक्षर किए हैं. इससे विदेशी निवेश को बढ़ावा मिलेगा, द्विपक्षीय संबंध मजबूत होंगे और स्थानीय किसानों के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर उत्पन्न होंगे. पाकिस्तान के ग्वादर से सप्लाई बढ़ाई जाएगी. ग्वादर फ्री जोन में गधों के बूचड़खाने स्थापित करने के लिए एमएस शहजाद एंड शाओ कंपनी को नया लाइसेंस दिया गया है. इससे लाइसेंस प्राप्त कंपनियों की संख्या एम/एस हेंगेंग ट्रेड के अलावा बढ़कर दो हो गई है.
पाकिस्तान में 62 लाख से ज्यादा गधे
पाकिस्तान आर्थिक समीक्षा 2025-26 के मुताबिक पाकिस्तान में गधों की संख्या 2024-25 के 60 लाख से बढ़कर 2025-26 में 62 लाख हो गई है. जबकि 2023-24 में यह संख्या 59 लाख थी. यानि पाकिस्तान में गधों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है. परंपरागत रूप से गधों का इस्तेमाल भारी सामान ढोने या खींचने के लिए किया जाता रहा है. वे ग्रामीण परिवारों का अहम हिस्सा रहे हैं. क्योंकि कृषि क्षेत्रों में फसल, चारा, लकड़ी और दूसरे सामानों की ढुलाई के लिए इनका इस्तेमाल सबसे ज्यादा किया जाता है.
ये भी पढ़ेंः तालिबान ने बुर्के के खिलाफ प्रदर्शन करती अफगानी महिलाओं पर चलाईं गोलियां, बच्चे समेत 2 की मौत
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं