- दिवाली पर ओवल ऑफिस में जुटी भारतीय मूल की हस्तियां
- ट्रंप को भेंट की गई हनुमान चालीसा
- ट्रंप के साथ दीया जलाने पहुंचे भारतीय कारोबारी
व्हाइट हाउस में आयोजित दिवाली समारोह के दौरान भारतीय टेक उद्यमी और GOQii के संस्थापक विशाल गोंडल ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ओवल ऑफिस में मुलाकात की और उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की. समारोह में भारतीय मूल की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं. गोंडल ने इसे भारत और अमेरिका के बीच दोस्ती का प्रतीक बताया और कहा कि दीया जलाते समय उन्होंने दोनों देशों के संबंध मजबूत होने तथा दुनिया में शांति, समृद्धि और प्रकाश की विजय की प्रार्थना की.
ओवल ऑफिस में मनाई गई दिवाली
दिवाली समारोह में अमेरिकी राष्ट्रपति के आधिकारिक कार्यालय ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के कई प्रमुख लोगों को आमंत्रित किया गया था. इस अवसर पर सभी ने मिलकर रोशनी के पर्व का उत्सव मनाया. दिवाली समारोह में मिशेलिन स्टार शेफ विकास खन्ना और कनाडा की पूर्व सांसद रूबी ढल्ला समेत भारतीय मूल की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं.

ट्रंप के साथ भारतीय उद्यमी
Photo Credit: विशाल गोंडल
ट्रंप को हनुमान चालीसा भेंट की
गोंडल ने सोशल मीडिया पोस्ट पर लिखा, 'ओवल ऑफिस में साझा रोशनी का एक यादगार पल. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ दिवाली मनाना मेरे लिए सम्मान की बात है. मुझे उन्हें हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट करके गर्व महसूस हुआ. गोस्वामी तुलसीदास द्वारा रचित यह भगवान हनुमान की स्तुति है, जिसका पाठ हममें से लाखों-करोड़ों लोग साहस, भक्ति और शक्ति के लिए करते हैं.'

हनुमान चलीसा
Photo Credit: विशाल गोंडल
भारत-अमेरिका दोस्ती के लिए की प्रार्थना
गोंडल ने कहा कि दिवाली के इस अवसर पर उन्होंने भारत और अमेरिका के रिश्तों को और मजबूत बनाने की कामना की. उन्होंने अपने संदेश में लिखा, 'जब दीये जलाए जा रहे थे, तब मेरी प्रार्थना भारत और अमेरिका के बीच मित्रता के लिए तथा अंधकार पर प्रकाश की विजय के लिए थी.' उन्होंने भारतीय परंपरा के प्रसिद्ध आशीर्वाद जिक्र करते हुए लिखा, 'जुग-जुग जियो एक ऐसा आशीर्वाद है, जिसे सुनते हुए हममें से कई लोग बड़े हुए हैं. इसका अर्थ है, आप युगों तक जीवित रहें. आज मैंने पूरी दुनिया के लिए शांति, समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की है. आप सभी को दीपावली की शुभकामनाएं। जुग-जुग जियो.'
यह भी पढ़ें : अमेरिका के डाक टिकट पर सजी भारतीय रंगोली, 10 साल बाद दिवाली पर फिर हुआ ऐसा- खुद देखिए फोटो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं