- 35% उछला Nvidia का शेयर, जेनसन हुआंग की वापसी से कंपनी में जश्न
- ट्रंप ने शेयर किया जेनसन हुआंग का AI फोटो
- एलन मस्क बोले- Nvidia में हर कोई जेनसन हुआंग को वापस चाहता था
दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया (Nvidia) में जेनसन हुआंग की वापसी ने बाजार और टेक उद्योग में नई हलचल पैदा कर दी है. सीईओ (CEO) पद पर दोबारा नियुक्ति के बाद एनवीडिया के शेयरों में करीब 35 प्रतिशत की तेजी देखी गई है. वहीं कंपनी हेडक्वॉर्टर में कर्मचारियों ने हुआंग ऐसा स्वागत किया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चल रहा रहा है. इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा शेयर की गई खून के छींटे और लाल रंग की ब्रा वाली एआई जनरेटेड फोटो भी चर्चा में है.
CEO के पद हुआंग की वापसी से शेयरों में उछाल
जेनसन हुआंग की दोबारा सीईओ के पद नियुक्ति की खबर सामने आते ही कंपनी के शेयरों में करीब 35 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई और टेक हैवी नैस्डैक इंडेक्स भी लगभग 7 प्रतिशत चढ़ गया. मार्केट एनालिस्ट्स के मुताबिक इंवेस्टर्स ने हुआंग की वापसी को स्थिर नेतृत्व और AI उद्योग के लिए सकारात्मक संकेत माना.
ऑफिस में मनाया गया जश्न, कर्मचारियों ने किया हीरो जैसा स्वागत
अपने पद पर फिर से आने के बाद जब जेनसन हुआंग कैलिफोर्निया स्थित एनवीडिया हेडक्वॉर्टर पहुंचे तो कर्मचारियों ने तालियों और गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया. इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एलन मस्क ने लिखा कि एनवीडिया में जिन लोगों को वह जानते हैं, वे सभी जेनसन हुआंग को वापस देखना चाहते थे. इससे पहले मस्क ने उनकी बहाली का समर्थन करते हुए कहा था कि 'गलती सुधार ली गई है.'
बोर्ड के चेयरमैन हार्वे जोन्स ने कहा कि डायरेक्टर्स का मानना है कि 'एनवीडिया को लीड करने के लिए जेनसन ही सही व्यक्ति हैं'. अब हार्वे जोन्स चेयरमैन पद पर बने रहेंगे, जबकि अंतरिम सीईओ के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहीं कोलेट क्रेस आगे भी कंपनी की सीएफओ (CFO) के पद पर बनी रहेंगी.
ट्रंप की AI फोटो वायरल, हुआंग के चेहरे पर खून के निशान
हुआंग की वापसी के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सोशल मीडिया पोस्ट सुर्खियों में है. एआई से तैयार की गई इस तस्वीर में एनवीडिया के सीईओ के चेहरे पर खून के छींटे दिखाए गए हैं, ठीक उसी तरह जैसे पेंसिल्वेनिया की घटना के बाद ट्रंप की तस्वीरों में दिखाई दिए थे. तस्वीर में उनके आसपास सीक्रेट सर्विस एजेंट भी नजर आ रहे हैं. ट्रंप इस पूरे घटनाक्रम को जेनसन हुआंग के करियर पर हुए एक 'प्रतीकात्मक हत्या प्रयास' की तरह देखते हैं और उनकी वापसी की तुलना अपनी ऐतिहासिक राजनीतिक वापसी से कर रहे हैं. जेनसन हुआंग से जुड़ा मीम साझा करने से पहले ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर लिखा 'मैं एनवीडिया को उस फैसले के लिए बधाई देता हूं, जिसे मैं पूरी तरह शानदार (Absolutely GREAT) फैसला मानता हूं!' वहीं इस फैसले पर डेमोक्रेटिक नेता हकीम जेफ्रीस ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने एनवीडिया और उससे जुड़े राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों की जांच की मांग करते हुए कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे की व्यापक समीक्षा करेगी.
यह भी पढ़ें : गले लगाया, जोरदार तालियां... हीरो स्टाइल एंट्री; Nvidia में जेनसन हुआंग की वापसी पर कर्मचारियों का जश्न वायरल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं