- ओरेगन स्कूल शूटिंग से दहला अमेरिका, 16 वर्षीय हमलावर भी मारा गया
- स्कूल में घुसकर बरसाईं गोलियां, 3 बच्चों समेत 4 की मौत
- पुलिस और FBI ने संभाला मोर्चा
अमेरिका में एक बार फिर स्कूल गोलीबारी की दर्दनाक घटना सामने आई है. ओरेगन राज्य के बेंड शहर स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में गुरुवार को हुई फायरिंग में कम से कम तीन बच्चों और एक वयस्क की मौत हो गई, जबकि संदिग्ध हमलावर भी मारा गया. घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में पुलिस, आपातकालीन सेवाओं तथा संघीय एजेंसियों को मौके पर भेजा गया. अधिकारियों ने तुरंत स्कूल को लॉकडाउन कर छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान शुरू किया.
स्कूल में घुसकर शुरू की गोलीबारी
न्यूज एजेंसी एपी के मुताबिक स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब एक बजे पुलिस को स्कूल के बाहर एक कार पर गोली चलाए जाने की सूचना मिली. इसके कुछ ही मिनट बाद कई आपातकालीन कॉल्स प्राप्त हुईं, जिनमें बताया गया कि एक व्यक्ति स्कूल परिसर में दाखिल होकर अंधाधुंध फायरिंग कर रहा है. सूचना मिलते ही पुलिस टीमें कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गईं. इसके बाद पूरे स्कूल परिसर को घेर लिया गया और बचाव अभियान शुरू किया गया. अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों में बच्चे भी शामिल हैं.
Parents of students at Silver Rail Elementary School in Bend, Oregon are waiting to reunite with their children after a shooter killed at least three kids and one adult on Thursday afternoon. A bystander killed the shooting suspect, a 16-year-old, law enforcement sources said. They tell CBS News affiliate KBNZ that "it's hard to believe" a tragedy like this has happened at their children's school. https://t.co/4XBaKF3exO
— CBS News (@CBSNews) October 15, 2026
3 बच्चों और एक वयस्क की मौत
अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में हुई गोलीबारी में कम से कम तीन बच्चों और एक वयस्क की मौत हुई है. वहीं कुछ अधिकारियों ने प्रारंभिक जानकारी के आधार पर मृतकों की संख्या पांच होने की आशंका भी जताई है. हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि मृतकों की संख्या जांच पूरी होने के बाद ही आधिकारिक रूप से स्पष्ट होगी. बेंड पुलिस की प्रवक्ता शीला मिलर ने बताया कि मौके पर कई पीड़ित मिले हैं और उनमें बच्चे भी शामिल हैं. उन्होंने कहा कि फिलहाल पीड़ितों की कुल संख्या स्पष्ट नहीं है. कम से कम दो लोगों को इलाज के लिए सेंट चार्ल्स मेडिकल सेंटर पहुंचाया गया.
16 वर्षीय संदिग्ध भी मारा गया
पुलिस ने पुष्टि की है कि संदिग्ध हमलावर भी मृत पाया गया है. CNN की रिपोर्ट के अनुसार हमलावर की उम्र 16 वर्ष थी. हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है कि उसकी मौत पुलिस की कार्रवाई में हुई, किसी नागरिक ने उसे गोली मारी या उसने खुद को गोली मार ली. कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि एक बहादुर नागरिक ने हमलावर को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. कानून प्रवर्तन एजेंसियां पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही हैं.
स्कूल को कराया गया खाली
घटना के बाद स्कूल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने भवन को पूरी तरह खाली कराया. पुलिसकर्मी एक-एक कमरे में जाकर छात्रों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालते रहे. परिजनों को उनके बच्चों से मिलाने के लिए एक चर्च को अस्थायी पुनर्मिलन केंद्र बनाया गया. पुलिस ने कहा कि स्कूल और आसपास के इलाके में लंबे समय तक सुरक्षा बलों की मौजूदगी बनी रहेगी.
एफबीआई और फेडरल एजेंसियां जांच में शामिल
एफबीआई निदेशक काश पटेल ने बताया कि एफबीआई का पोर्टलैंड कार्यालय स्थानीय एजेंसियों के साथ जांच में सहयोग कर रहा है. इसके अलावा ब्यूरो ऑफ अल्कोहल, टोबैको, फायरआर्म्स एंड एक्सप्लोसिव्स (ATF), ओरेगन स्टेट पुलिस और अन्य एजेंसियां भी जांच का हिस्सा हैं. अधिकारियों का कहना है कि हमलावर के मकसद, हथियार के स्रोत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है.
स्कूल में शोक
बेंड-ला पाइन स्कूल्स के अधीक्षक स्टीवन कुक ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि यह एक निरर्थक त्रासदी है जिसने पूरे समुदाय को झकझोर दिया है. उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त की जाती हैं और फिलहाल छात्रों, शिक्षकों तथा कर्मचारियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें : गोलीबारी से फिर दहला अमेरिका, मिनियापोलिस की ऊंची बिल्डिंग में खूनी खेल- शूटर समेत 3 की मौत, 3 पुलिसकर्मी घायल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं