विज्ञापन

BRICS मंच पर गूंजा मीनाब के बच्चों का दर्द, ईरानी सांसद ने 'स्कूल बैग' रखकर दी श्रद्धांजलि

अमेरिका-इजरायल के साथ युद्ध में ईरान अपने मासूम बच्चों के स्कूल पर हुए हमले को भूल नहीं पा रहा. वो तमाम मंचों पर इसे उठा रहा है. ईरान के इन सवालों का अमेरिका-इजरायल से लेकर संयुक्त राष्ट्र तक के पास संतोषजनक जवाब नहीं है.

BRICS मंच पर गूंजा मीनाब के बच्चों का दर्द, ईरानी सांसद ने 'स्कूल बैग' रखकर दी श्रद्धांजलि
12वें BRICS संसदीय फोरम में ईरान के सांसद और प्रतिनिधि डॉ. हद्दादी ने मंच पर युद्ध में मारे गए बच्चे का स्कूल बैग रखा. (फोटो-एनडीटीवी)
  • दिल्ली में आयोजित 12वें BRICS संसदीय फोरम में ईरान के सांसद डॉ. हद्दादी ने मीनाब के बच्चों को श्रद्धांजलि दी
  • डॉ. हद्दादी ने संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उल्लंघन और निर्दोष नागरिकों की मौत पर वैश्विक एकजुटता पर जोर दिया
  • NDTV वर्ल्ड समिट में भी ईरानी राजनयिक ने मीनाब हमले में बच्चों की मौत का मुद्दा उठाया था

दिल्ली में आयोजित हो रहे दो दिवसीय 12वें BRICS संसदीय फोरम ने सबका ध्यान खींच लिया है. समिट में आए ईरान के सांसद और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान के प्रतिनिधि डॉ. हद्दादी ने अपने संबोधन के दौरान मीनाब के मारे गए बच्चों की याद में मंच पर एक स्कूल बैग रखकर श्रद्धांजलि दी. उनका यह भावनात्मक और प्रतीकात्मक कदम फोरम के सबसे चर्चित क्षणों में शामिल रहा.

12वें BRICS संसदीय फोरम में ईरान के सांसद और प्रतिनिधि डॉ. हद्दादी ने अपने संबोधन के दौरान मंच पर एक स्कूल बैग रखकर मीनाब के बच्चों को श्रद्धांजलि दी. इस भावुक और प्रतीकात्मक कदम के जरिए उन्होंने उन मासूम बच्चों की याद को दुनिया के सामने रखा, जिनकी मौत को लेकर ईरान लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर आवाज उठाता रहा है.

अपने भाषण में डॉ. हद्दादी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र चार्टर के सिद्धांतों के उल्लंघन और निर्दोष नागरिकों की मौत के मामलों में वैश्विक समुदाय को एकजुट होकर कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने मानवता के खिलाफ अपराधों पर "स्पष्ट और दृढ़ रुख" अपनाने की अपील की.

विमान में दिखाई गई थी बच्चों की तस्वीरें, खून से सने स्कूल बैग

मीनाब त्रासदी को लेकर ईरान पहले भी प्रतीकात्मक तरीके से दुनिया का ध्यान आकर्षित करता रहा है. पाकिस्तान जा रहे ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने एक उड़ान के दौरान पत्रकारों और यात्रियों को मीनाब के बच्चों की तस्वीरें, खून से सने स्कूल बैग और बच्चों के जूते दिखाए थे.

Latest and Breaking News on NDTV

ईरानी अधिकारियों ने कहा था कि इन वस्तुओं का उद्देश्य दुनिया को यह याद दिलाना था कि संघर्षों और सैन्य हमलों की सबसे बड़ी कीमत निर्दोष बच्चे चुकाते हैं. उड़ान में मौजूद प्रतिनिधियों ने कथित पीड़ित बच्चों की तस्वीरें अपने साथ रखी थीं और उनके बारे में जानकारी साझा की थी.

NDTV World Summit में डॉ. इलाही ने उठाया था मुद्दा

मीनाब की घटना का मुद्दा हाल ही में NDTV World Summit में भी उठा था. ईरानी राजनयिक डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही ने अपने संबोधन में कहा था कि मीनाब के प्राथमिक विद्यालय पर हुए हमले में बड़ी संख्या में लोग मारे गए थे, जिनमें कई बच्चे भी शामिल थे.

डॉ. इलाही ने दावा किया था कि इस घटना के लिए जिम्मेदार अमेरिका ने कभी औपचारिक रूप से माफी नहीं मांगी. उन्होंने कहा था कि जिन परिवारों ने अपने बच्चों को खोया, उनका दर्द आज भी जीवित है और वे अब भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं.

संयुक्त राष्ट्र में भी उठा चुके हैं ईरानी राष्ट्रपति

मीनाब का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र महासभा तक भी पहुंच चुका है. ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन ने संयुक्त राष्ट्र महासभा को संबोधित करते हुए कहा था कि "ईरानी लोग स्वयं आतंकवाद के शिकार रहे हैं."

Latest and Breaking News on NDTV

अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मीनाब प्राथमिक विद्यालय के पीड़ितों की तस्वीरें दिखाईं और अमेरिका पर युद्ध शुरू करने तथा विश्वविद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों को निशाना बनाने का आरोप लगाया. पेज़ेश्कियन ने कहा था कि ईरान ने कभी युद्ध शुरू नहीं किया और हमेशा बातचीत का रास्ता अपनाया है. उन्होंने कहा, "ईरान कभी आक्रामक नहीं रहा, उसने कभी युद्ध शुरू नहीं किया और हमेशा बातचीत की मेज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई है."

अपने भाषण के अंत में उन्होंने तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को संबोधित करते हुए कहा, "हम कभी अपना सिर नहीं झुकाएंगे और न ही घुटने टेकेंगे."

BRICS मंच से वैश्विक समुदाय को संदेश

BRICS संसदीय फोरम में डॉ. हद्दादी द्वारा मंच पर रखा गया स्कूल बैग केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि एक राजनीतिक और मानवीय संदेश भी था. उनके अनुसार, बच्चों और अन्य नागरिकों की मौत को केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय को जवाबदेही तय करने और मानवाधिकारों की रक्षा के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए.

Latest and Breaking News on NDTV

मीनाब के बच्चों का मुद्दा उठाकर ईरान ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की कि युद्ध और संघर्षों के मानवीय प्रभाव को वैश्विक विमर्श के केंद्र में रखा जाना चाहिए.

यह भी पढ़ें-

500 डॉलर में बिक रहा साइबर अटैक करने वाला टूल, ऐसे में कैसे रखें खुद को सुरक्षित? माइक्रोसॉफ्ट निदेशक से समझिए

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Iran, Iran In BRICS, Iran School Attack, Iran School Attack US Missile, Iran India
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com