विज्ञापन

दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल ही निकला सोना चोर, मालखाने से करोड़ों का गोल्ड निकाल गिरवी रखा

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया क्योंकि आरोप पुलिस विभाग के ही एक कर्मचारी पर लगा था. 

दिल्ली पुलिस का हेड कांस्टेबल ही निकला सोना चोर, मालखाने से करोड़ों का गोल्ड निकाल गिरवी रखा
दिल्ली पुलिस ने मालखाने से चोरी के मामले में बड़ा एक्शन किया है.

दिल्ली पुलिस में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने पूरे महकमे को चौंका दिया. शुरुआत में इसे एक पुलिसकर्मी की गुमशुदगी का मामला माना गया, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो थाने के मालखाने से करोड़ों रुपये का सोना गायब मिलने का खुलासा हुआ. इस मामले में दिल्ली पुलिस ने अपने ही विभाग के हेड कांस्टेबल संदीप कुमार को गिरफ्तार किया है. मामले की शुरुआत 12 नवंबर 2026 को हुई, जब हरियाणा के महेंद्रगढ़ निवासी सरजीत ने अमर कॉलोनी थाने में अपने भाई संदीप कुमार की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई. शिकायत में बताया गया कि संदीप दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात था और शाहीन बाग थाने में ड्यूटी कर रहा था.

परिजनों के अनुसार 3 नवंबर को उससे आखिरी बार बात हुई थी. इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया और उससे कोई संपर्क नहीं हो सका. यह भी पता चला कि वह 29 अक्टूबर के बाद से ड्यूटी पर नहीं पहुंचा था.

सीसीटीवी ने बदली जांच की दिशा

शुरुआत में पुलिस ने गुमशुदगी के एंगल से जांच की. 13 नवंबर को अमर कॉलोनी थाने में बीएनएस की धारा 140(3) के तहत मामला दर्ज किया गया. लेकिन जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तो कई संदिग्ध तथ्य सामने आए. अधिकारियों ने देखा कि कुछ खास दिनों में संदीप कुमार थाने में आया था और उन्हीं दिनों मालखाने से केस प्रॉपर्टी निकाली या जमा की जानी थी. इसके बाद मालखाने का रिकॉर्ड खंगाला गया तो करोड़ों रुपये मूल्य का सोना गायब मिला.

पहले रह चुका था मालखाने का इंचार्ज

जांच में सामने आया कि शाहीन बाग थाने में तैनाती से पहले संदीप कुमार अमर कॉलोनी थाने के मालखाने का इंचार्ज रह चुका था. इसलिए उसे मालखाने की पूरी व्यवस्था और वहां रखी केस प्रॉपर्टी की जानकारी थी. इसी तथ्य ने पुलिस का शक और गहरा कर दिया. इसके बाद तकनीकी निगरानी, लोकेशन ट्रैकिंग और अन्य जांच शुरू की गई.

गिरवी रख दिया था जब्त किया गया सोना

काफी प्रयासों के बाद पुलिस ने संदीप कुमार को दिल्ली से ही गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में पता चला कि उसने मालखाने से सोना निकालकर उसे गिरवी रख दिया था और बदले में नकदी हासिल की थी. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 1 करोड़ 60 लाख रुपये मूल्य का सोना भी बरामद कर लिया है. यह वही सोना बताया जा रहा है जिसे विभिन्न मामलों में जब्त कर मालखाने में रखा गया था.

दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा कि मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया क्योंकि आरोप पुलिस विभाग के ही एक कर्मचारी पर लगा था. अधिकारियों का कहना है कि किसी भी पुलिसकर्मी की ओर से अपराध या कर्तव्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई जारी रहेगी.

यह भी पढ़ें | दिल्ली प्रीत विहार गैंगरेप केस: केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी बोलीं, केवल कानूनी नहीं, सामाजिक दंड भी जरूरी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Police, Head Constable, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com